ब्रिटेन की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपूल ने बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड स्थित एलेम्बिक सिटी में अपने नए कैंपस का औपचारिक उद्घाटन किया। करीब 300 छात्रों के पहले बैच के साथ शुरू हुआ यह कैंपस भारत और ब्रिटेन के बीच उच्च शिक्षा सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह कर्नाटक में किसी Russell Group विश्वविद्यालय का पहला कैंपस है। विश्वविद्यालय ने सितंबर से छात्रों का प्रवेश और शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कर दी थीं। शुरुआती चरण में यहां कंप्यूटर साइंस, गेम डिजाइन, बिजनेस मैनेजमेंट, अकाउंटिंग एंड फाइनेंस तथा बायोमेडिकल साइंसेज जैसे विषयों में पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
बेंगलुरु कैंपस का मुख्य फोकस छात्रों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप शिक्षा और व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है। शहर के मजबूत टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप, वित्तीय सेवाओं और लाइफ साइंसेज इकोसिस्टम का लाभ उठाते हुए विश्वविद्यालय उद्योगों के साथ साझेदारी, इंटर्नशिप, प्रोजेक्ट-आधारित अध्ययन और रोजगारपरक कौशल पर जोर दे रहा है।
नया कैंपस भारतीय छात्रों को देश में रहते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और वैश्विक अकादमिक अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है। इससे विदेश जाकर पढ़ाई करने की आवश्यकता के बिना छात्रों को ब्रिटिश विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रणाली से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
भारत में विदेशी विश्वविद्यालयों की बढ़ती मौजूदगी के बीच यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपूल का यह कदम उच्च शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण, उद्योग-अकादमिक सहयोग और वैश्विक कौशल विकास को गति देने वाला माना जा रहा है।


