बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की जोश के साथ कुछ होश से खेली 30 गेंदों पर पांच छक्कों और छह चौकों की मदद से 69 रन की अहम पारी और उनकी इशान किशन (37 रन, 18 गेंद, एक छक्का, छह चौके) के साथ दूसरे विकेट की शतकीय भागीदारी के साथ तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (3/44) की धारदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने अपनी योजना को अमली जामा पहना कर वेस्ट इंडीज को इंदौर में तीसरे टी20 में 14 रन से हरा कर पांच मैचों की सीरीज में 2-1की अहम बढ़त ले ली। सलामी बल्लेबाज कामिल पूरन (42रन, 27 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) व शेमरॉन हेटमायर (43 रन, 26 गेंद, दो छक्के, छह चौके) की दूसरे विकेट की 60 रन की भागीदारी और पारी के आखिर में शामेर स्प्रिंगर की 11 गेंदों में चार छक्कों और दो चौकों की मदद से अविजित 35 की पारी भी वेस्ट इंडीज के काम न आई।
इस दौरे में वन डे में दो और मौजूदा टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज के तीसरे मैच से पहले तीन शतक और एक अर्द्ध शतक जड़ बराबर परेशान करने वाले वेस्ट इंडीज के कप्तान शे होप (5 रन, 5 गेंद, एक चौका) को अर्शदीप सिंह ने अपने दूसरे व पारी के चौथे ओवर में बोल्ड कर राहत दिलाने के बाद अपने आखिरी व पारी के 18वें ओवर में कीमो पॉल (10 रन, 6 गेंद, एक छक्का) और शेरफन रदरफर्ड (32 रन, 20 गेंद, दो छक्के, दो चौके) का आउट कर और ऑफ स्पिनर नमन धीर (2/39) ने हेटमायर व पूरन को आउट कर भारत की जीत में अहम रोल अदा किया।
अहम था प्रोसेस पर काबिज रह आक्रामक तेवरों से खेलना : श्रेयस
भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपनी टीम की जीत पर कहा, ‘ हमारे गेंदबाजों को अपनी रणनीति को अमली जामा पहनाने का भरोसा था। हमारे गेंदबाजों की सोच एकदम साफ थी। मैंने जब भी रविवार को अपने जिस गेंदबाज को गेंद थमाई तो वह चुनौती के लिए तैयार था। हमारे गेंदबाजों ने योजना को अमली जामा पहनाया। आप अपने गेंदबाजों से बस यही चाहते हैं। हमारी पारी का आगाज का बेशक शानदार रहा। अभिषेक ने वही किया जो वह पॉवरप्ले में करते हैं और इशान किशन ने उनका इस दौरान पूरा साथ निभाया। बीते कुछ महीनों से वह बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। यहां तक हमारी पारी के आखिरी में प्रिंस यादव ने छोटी लेकिन बेहद अहम पारी खेल कर बेशकीमती रन बनाए। आप वेस्ट इंडीज को कभी भी हल्के में नहीं ले सकते हैं। ऐसे में हमें यह सुनिश्चित करना था कि हम कभी भी जरा से भी शिथिल न पड़े। रांची और इंदौर के मैदान पर बहुत रन बनते हैं लेकिन हमारे लिए अहम था अपने प्रोसेस पर काबिज रह आक्रामक तेवरों से खेलना।’
ध्यान हालात के मुताबिक खुद को ढाल गेंदबाजी करने पर था : अर्शदीप सिंह
मैन ऑफ द मैच बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप ने भारत की जीत के बाद कहा,‘ जब हमने गेंदबाजी शुरू की तो गेंद सूखी थी और ऐसे में आखिर के मारधाड़ वाले ओवरों में जब गेंद कुछ स्विंग हो रही थी तब गेंदबाजी करना बहुत बढ़िया रहा। कभी ऐसा दिन भी आता है जब विकेट नहीं मिलती। हमारी टीम में सभी शांत रह कर क्रिकेट का आनंद उठाते हैं। कोई दिन किसी खिलाड़ी विशेष के लिए बुरा रह सकता है। ऐसे जब दिन किसी एक खिलाड़ी के लिए अच्छा नहीं रहता तब हम सभी साथी उसके कंधे पर हाथ रह कर कहते हैं ठीक है, कोई बात नहीं। बतौर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर आपके लिए अच्छे दिन के साथ बुरे दिन भी आते हैं। तब आप बेहतर करने के संकल्प के साथ उतरते हैं। मुझे ऐसे बल्लेबाज पसंद जो पूरे मैच में आपकी गेंदों पर जवाबी हमला बोलने के लिए उतरते हैं और यही वह वक्त होता है जब आपके कौशल और मानसिक मजबूती का इम्तिहान होता है। मेरा ध्यान हालात के मुताबिक खुद को ढाल कर नई और पुरानी गेंद से गेंदबाजी करने पर था।’
कई बार रक्षण ही आपका आक्रमण बन जाता है : नीतिश रेड्डी
भारत के ऑलराउंडर नीतिश रेड्डी ने कहा, ‘जीत तो जीत है। हम सभी को मैदान पर अपने प्रयासों पर गर्व है। हम जानते थे कि जीत आसान नहीं होगी लेकिन हमारे गेंदबाजों ने अपनी योजना को बढ़िया ढंग से अमली जामा पहनाया। जीत के लिए वेस्ट इंडीज को जीत के लिए प्रति ओवर करीब 14 रन की दरकार थी और तब हमने यही सोचा था हम उन्हें प्रति ओवर इससे कम पर रोक देंगे तो यह कारगर रहेगा। हम विकेट लेने की कोशिश नहीं कर रहे थे। कई बार रक्षण ही आपका आक्रमण बन जाता है। हमारे कप्तान की योजना एकदम साफ थी। हमें अपनी योजना पर काबिज रह जमाए क्षेत्ररक्षण के मुताबिक गेंदबाजी करनी थी। यदि हमारे किसी गेंदबाज की गेंद पर छक्का भी जड़ गया तो भी हमें अपनी योजना पर काबिज रहना था। हमने अपनी पारी का बढ़िया आगाज किया लेकिन हम पारी के अधबीच कुछ बदकिस्मत रहे कि हमने कुछ विकेट गंवा दिए। बावजूद इसके आप पारी के आखिर में देखेंगे कि प्रिंस यादव ने जो रन बनाए वे बेशकीमती रहे।’
संभवत: हम और बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे : होप
वेस्ट इंडीज के कप्तान शे होप ने कहा, ‘हमने कई कारणों से टॉस जीत कर फिर पहले गेंदबाजों करने का फैसला किया। कई बातें है जिन पर आप सवाल उठा सकेत हैं। बावजूद इसके क्रिकेट में आपका छोटा सा फैसला जीत हार का फैसला कर देता है। बतौर विजेता आप मैच के खास लम्हों को चुन सकते है। संभवत: हम और बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे। हमें कुछ ऐसी बाउंड्री दी, जिसे रोका जा सकता था। मेरा मानना है कि भारत के तेज आगाज के बाद हमारा मैच में वापसी करना शानदार था। आप भारत ने अपनी पारी के शुरू में बड़ी और खतरनाक भागीदारी की लेकिन रॉस्टन चेज ने कुछ विकेट चटका हमारी मैच में वापसी कराई। हमें जीत की नींव रखने के लिए शुरुआती बड़ी भागीदारी की जरूरत थी लेकिन आप किन्हीं एक दो खिलाड़ियों पर उंगली नहीं उठा सकते। जब बाद में हम भारत द्वारा रखे जीत के लक्ष्य का पीछा करने उतरे तो तब कोई औस नहीं थी इसने मैच के नतीजे में अहम रोल अदा किया। हमने अपनी पारी के आखिर में ऐसा महसूस किया कि गेंद कुछ ज्यादा स्विंग हुई। भारतीय गेंदबाजों को बढ़िया गेंदबाजी करने का श्रेय देना ही होगा। भारतीय गेंदबाजों ने दिखाया कि कैसे यॉर्कर फेंकी जाती है।