नई दिल्ली। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली ने भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) और अमेजन के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर के एआई साइबर सुरक्षा हैकाथॉन 2026 ‘रक्षम’ (Raksham) की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य देशभर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए एक मंच प्रदान करना है।
इस हैकाथॉन का आयोजन आईआईटी दिल्ली के छात्र तकनीकी क्लबों एरीज आईआईटीडी (Aries IITD) और देव क्लब (Dev Club) द्वारा किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न इंजीनियरिंग संस्थानों के विद्यार्थियों को भाग लेने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित नवीन तकनीकी समाधान विकसित करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को वॉयस क्लोनिंग के जरिए होने वाली धोखाधड़ी, डीपफेक तकनीक के दुरुपयोग और ऑनलाइन वित्तीय फ्रॉड जैसी गंभीर साइबर चुनौतियों से निपटने के लिए एआई आधारित प्रोटोटाइप तैयार करने होंगे।
‘रक्षम’ हैकाथॉन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और प्रोजेक्ट कॉन्सेप्ट जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी 12 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
इस प्रतियोगिता में इंजीनियरिंग के स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। प्रतिभागियों को दो से चार सदस्यों की टीम बनाकर आवेदन करना होगा।
आईआईटी दिल्ली की यह पहल तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों के बीच युवाओं को तकनीकी नवाचार के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को एआई और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा डिजिटल धोखाधड़ी रोकने के लिए व्यावहारिक समाधान विकसित करने का अवसर मिलेगा।


