राष्ट्रीय सहकारी संघ भारत (NCUI), सेंटर फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन इन एग्रेरियन रिसर्च एंड डेवलपमेंट (CICTAB) और कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी के स्कूल ऑफ रूरल मैनेजमेंट (KSRM) के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 से 9 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
‘कृषि सहकारी संस्थाओं और ग्रामीण वित्तपोषण संस्थानों के लिए प्रबंधकीय कौशल का विकास’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में भारत, नेपाल, मॉरीशस, गाम्बिया, लाइबेरिया और बांग्लादेश के प्रतिनिधि शामिल हैं।
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन केएसआरएम के निदेशक प्रो. सर्वेश्वर मोहंती, डीन प्रो. सुकुमार दास, एनसीयूआई के कार्यकारी निदेशक रितेश डे और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. वी. वेंकटकृष्णन की उपस्थिति में हुआ।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए एनसीयूआई के कार्यकारी निदेशक रितेश डे ने भारत सरकार द्वारा सहकारिता मंत्रालय की स्थापना और पिछले पांच वर्षों में सहकारी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई विभिन्न पहलों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण मंच विकसित करने में CICTAB की भूमिका, अफ्रीकी-एशियाई ग्रामीण विकास संगठन (AARDO) के सहयोग और सहकारी संस्थाओं के क्षमता निर्माण में एनसीयूआई के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
प्रशिक्षण में कृषि वित्त, ग्रामीण विकास, पेशेवर प्रबंधन और सहकारी संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि छह देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी से अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ेगा और ग्रामीण वित्तीय संस्थाएं अधिक सक्षम एवं प्रभावी बन सकेंगी।


