नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले प्राइवेट छात्रों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है बोर्ड परीक्षाएं फरवरी, मार्च और अप्रैल 2027 के दौरान आयोजित की जाएंगी।
सीबीएसई के अनुसार, वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में ‘एसेंशियल रिपीट’ श्रेणी में रखे गए छात्र आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मुख्य और पूरक परीक्षाओं में कंपार्टमेंट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी दूसरा अवसर मिलेगा।
वर्ष 2021 से 2026 के बीच अनुत्तीर्ण या एसेंशियल रिपीट घोषित विद्यार्थी भी पात्र होंगे। वहीं, वर्ष 2025 और 2026 में उत्तीर्ण छात्र अपने अंक सुधारने के लिए एक या अधिक विषयों में परीक्षा दे सकेंगे।
आवेदन कैसे करें?
विद्यार्थी सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर ‘Private Candidate’ टैब के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा का पाठ्यक्रम cbseacademic.nic.in पर उपलब्ध है। वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में शामिल छात्रों का विवरण ऑनलाइन आवेदन प्रणाली में स्वतः दिखाई देगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन में गलत जानकारी, झूठा विवरण या फर्जी दस्तावेज देने पर आवेदन रद्द कर दिया जाएगा। जमा परीक्षा शुल्क भी वापस नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में अनुचित साधनों के उपयोग संबंधी नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। विद्यार्थियों को निर्धारित समयसीमा में आवेदन और शुल्क जमा करना होगा।


