नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड यानी NICL ने प्रशासनिक अधिकारी (जनरलिस्ट और स्पेशलिस्ट) स्केल-I के 321 संभावित पदों पर भर्ती का शॉर्ट नोटिस जारी किया है। इनमें 200 पद जनरलिस्ट और 121 पद स्पेशलिस्ट श्रेणी के हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 28 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
स्पेशलिस्ट श्रेणी में फाइनेंस के 20, लीगल के 20, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के 11, ऑटोमोबाइल इंजीनियर के 20, रिस्क इंजीनियर के 28, कंपनी सेक्रेटरी के 2 और एग्रीकल्चर के 20 पद शामिल हैं। भर्ती के लिए उम्मीदवारों की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। फेज-I परीक्षा 17 नवंबर 2026 और फेज-II परीक्षा 22 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है। परीक्षा का विस्तृत पैटर्न, सिलेबस और आगे की चयन प्रक्रिया की जानकारी विस्तृत अधिसूचना में जारी की जाएगी।
इस पद पर शुरुआती मूल वेतन 82,485 रुपये निर्धारित है। मेट्रोपॉलिटन केंद्रों में विभिन्न भत्तों सहित कुल मासिक परिलब्धियां करीब 1.14 लाख रुपये तक हो सकती हैं।
उम्मीदवारों को आवेदन NICL की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन करना होगा। फॉर्म भरने से पहले पात्रता, शैक्षणिक योग्यता, श्रेणीवार रिक्तियां, परीक्षा पैटर्न और आवेदन शुल्क से जुड़ी विस्तृत अधिसूचना को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।


