बाएं हाथ की सदाबहार विस्फोटक ओपनर स्मृति मंधाना के तूफानी अर्द्धशतक, शैफाली वर्मा (48 रन, तीन रन देकर दो विकेट) के हरफनमौला खेल और ऑफ स्पिनर ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (3/6) के बुने स्पिन के जाल की बदौलत कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को निशिन (नागोया, जापान) एशियाई खेलों के महिला टी20 क्रिकेट के बेहद एकतरफा फाइनल में 147 रन से करारी शिकस्त दे अजेय रह कर स्वर्ण पदक बरकरार रखा। भारत की इस जीत में ऋचा घोष की 22 गेदों पर अविजित 49 रन की तेज पारी ने भी अहम भूमिका निभाई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जापान में एशियाई खेलों में देश को पहला स्वर्ण पदक जिताने का गौरव पाया। भारत की महिला क्रिकेट टीम ने 2023 में हांगजू एशियाई खेलों में भी फाइनल में श्रीलंका को ही 19 रन से हरा कर स्वर्ण पदक जीता था।
बाएं हाथ की सदाबहार विस्फोटक ओपनर स्मृति मंधाना ( 79 रन, 45 गेंद, सात छक्के, पांच चौके) की अपनी सलामी जोड़ीदार शैफाली वर्मा (48 रन, 29 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ पहले विकेट की 99 और कप्तान हरमनप्रीत कौर (19 रन, 17 गेंद, तीन चौके) के साथ दूसरे विकेट की 42 रन की भागीदारी तथा ऋचा घोष की मात्र 22 गेंदों पर 49 रन की तूफानी पारी की बदौलत भारत ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट पर 216 रन का मजबूत स्कोर बनाया। ऋचा घोष ने अपनी अविजित पारी में 3 छक्के और छह चौके जड़ने के साथ भारती फूलमाली (अविजित 7 रन, 7 गेंद, एक चौका) के साथ चौथे विकेट के लिए मात्र 3.1ओवर में 53 रन की अटूट भागीदारी कर भारत को 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। भारत ने स्लिजिंग एक्शन के साथ गेंदबाजी करने वाली तेज गेंदबाज मिताली अयोध्या के आखिरी ओवर में 25 रन बनाए और इस फाइनल का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ।
जवाब में ऑफ स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (3/6) ने तथा ऑफ स्पिन ऑलराउंडर शैफाली वर्मा (2/3), श्रेयंका पाटील (2/9) व श्रीचारिणी (2/13) स्पिन चौकड़ी ने स्पिन का जाल बुनकर आपस में नौ विकेट बांट कर 15.4 ओवर में श्रीलंका को मात्र 69 रन पर समेट कर भारत को फाइनल जिताने के साथ स्वर्ण पदक भी जिता दिया। कप्तान ओपनर चामरी अट्टापट्टू (29 रन, 21 गेंद, 5 चौके) ने श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए जबकि कविषा दिलहारी (11 रन, 13 गेंद, एक चौका) व आखिरी बैटर के रूप में आउट होने वाली काउशिनी नित्यांगना (14 रन ,14गेंद, एक छक्का, एक चौका) कप्तान के साथ दहाई के अंक में पहुंचने वाली तीसरी बैटर रही।
इससे पहले भारत शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने विश्वास के साथ भारत की पारी का आगाज किया और छह ओवर के पहले पॉवरप्ले में बिना क्षति 67 रन बनाए। स्मृति ने ज्यादा आक्रामक तेवर दिखाए। भारत ने 50 रन 4.3 ओवर में मात्र 27 गेंदो में पूरे किए। स्मृति ने अपना अर्द्ध शतक प्रबोधा की गेंद को मिडविकेट पर खेल कर पारी के दसवें ओवर की दूसरी गेंद पर 30 गेंदों में पांच छक्कों और तीन चौकों की मदद से पूरा किया।
शैफाली वर्मा के इसी ओवर की आखिरी गेंद पर 17 वर्षीया बाएं हाथ की स्पिनर चामुंडी प्रबोधा की रिवर्स लैप शॉट लगाने की कोशिश में कविंदी को शॉर्ट थर्डमैन पर कैच थमा बैठे और भारत ने अपना पहला विकेट 99 रन पर खोया। स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तेजी से भारत की पारी को आगे बढ़ाया। भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर (19) पारी के 15 वे ओवर में लेग स्पिनर कविषा दिलहारी की गेंद को उनके सिर के उपर से उड़ाने की कोशिश में श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू को कैच थमा बौठी और भारत ने दूसरा विकेट 141 रन पर खो दिया। स्मृति मंधाना (79 रन) पारी के 17 वें ओवर में बाएं हाथ की स्पिनर सुगंधिका कुमारी की गेंद को उड़ाने की कोशिश में डीप मिड बैकवर्ड स्कवॉयर लेग पर दिलहारी को कैच को थमा दिया और भारत ने तीसरा विकेट 163 रन पर खोया।
भारत के 216 रन के पहाड़ के स्कोर के जवाब में श्रीलंका की महिला टीम शुरू से बड़े दबाव में दिखी। ऑफ स्पिनर शैफाली वर्मा ने अपने पहले और पारी के तीसरे ओवर की पांचवीं फ्लाइटेड गेंद पर ओपनर इमीषा दुलानी (3 रन 10 गेंद) को हवा में मात दी और विकेटकीपर ऋचा घोष ने गिल्लियां उड़ा कर उन्हें स्टंप कर दिया और श्रीलंका ने पहला विकेट 15 रन पर खो दिया। दुलानी (0) भारत की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के पारी के पहले ओवर की पांचवीं गेद को ड्राइव करने गइ लेकिन बैकवर्ड पॉइंट पर श्रेयंका पाटील ने उनका कैच टपकाया तब श्रीलंका का खाता भी नहीं खुला था। शैफाली वर्मा ने अपने दूसरे और पारी के पांचवें ओवर की दूसरी फ्लाइटेड गेंद पर हसिनी परेरा (0 रन, 3 गेंद) को बड़े शॉट के ललचा कर कवर पॉइंट पर भारती फूलमाली के हाथों कैच करा कर श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 30 कर दिया। इससे पहले भारत की नौजवान तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के दूसरे ओवर में श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू ने दो चौके जड़े थे।
शैफाली वर्मा का शुरू के दो ओवर में गेंदबाजी विश्लेषण था 2-0-3-2। श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू ने भारत की नौजवान तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा के दूसरे ओवर में दो चौके जड़ 10 रन बनाए। श्रीलंका ने छह ओवर के पहले पॉवरप्ले में दो विकेट खोकर 41 रन बनाए। भारत की अनुभवी ऑफ स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने ऑफ स्टंप के बाहर स्पिन होती गेंद पर कप्तान चामरी अट्टापट्टू (29 रन)को कट करने के लिए ललचा कर भारती फूलमाली के हाथों लॉन्ग ऑफ पर कैच करा श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 43 रन कर दिया। नौजवान ऑफ स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटील ने पारी के आठवें और अपने पहले ओवर की तीसरी ऑफ व मिडल स्टंप पर पड़ स्पिन होती गेंद पर हर्षिता समरविक्रमा (0 रन, 2 गेंद) को ड्राइव करने पर मजबूर कर खुद ही उनका बढ़िया कैच लपक का श्रीलंका का स्कोर चार विकेट पर 44 रन कर दिया। भारत की बाएं हाथ की कामयाब स्पिनर श्रीचारिणी ने अपने पहले और पारी के आठवें ओवर की चौथी फ्लाइटेड गेंद पर हंसिमा करुणारत्ने (1 रन, 4 गेंद) को बड़े शॉट के लिए ललचा कर भारती फुलमाली के हाथों मिडऑन पर कैच करा श्रीलंका का स्कोर पांच विकेट पर 49 कर दिया। दीप्ति शर्मा ने पारी के दसवें और अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर कविषा दिलहारी(11 रन, 13 गेंद, 1 चौके) को मिडलस्टंप तेज गेंद को ड्राइव करने पर मजबूर कर खुद ही लपक कर श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 49 कर उसकी कमर ही तोड़ दी। श्रीचारिणी ने अपने दूसरे पारी के 11 ओवर की दूसरी गेंद पर काव्या काविंदी (2 रन, 6 गेंद) को हवा में तेजी से स्पिन होती गेंद पर छकाया और विकेटकीपर ऋचा घोष ने उन्हें स्टंप कर श्रीलंका का स्कोर सात विकेट पर 52 कर उसे हार की ओर धकेल दिया।
दीप्ति शर्मा ने अपने तीसरे ओवर में सुगंधिका कुमारी (3 रन, 12 गेंद) को ऑफ स्टंप के बाहर स्पिन होती गेंद को कट करने का लालच दे विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच श्रीलंका का स्कोर 14 वें ओवर में आठ विकेट पर 63 कर दिया और स्कोर में एक रन जुड़ा था कि मिताली अयोध्या(0 रन, 5 गेंद) को कमलिनी ने रनआउट कर दिया। ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटील ने काउशिनी नित्यांगना (14 रन ,14गेंद, एक छक्का, एक चौका) को मिडल स्टंप पर पड़ कर घूमी गेंद पर बोल्ड कर श्रीलंका की पारी 15.4 ओवर में मात्र 69 रन पर समेट कर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को फाइनल जिताने के साथ जापान में चल रहे मौजूदा एशियाई खेलों का पहला स्वर्ण दिलाया।


