कप्तान फुलबैक और ड्रैग फ्लिकर अनमोल एक्का के पेनल्टी कॉर्नर पर दागे छह गोल की बदौलत पांच बार के चैंपियन भारत ने चीनी ताइपे को मोकी (चीन) में बुधवार को गोल वर्षा कर 15-0 से करारी शिकस्त देकर चार मैचों में तीन जीत व एक ड्रॉ की बदौलत पूल ए में दस अंकों के साथ शीर्ष रह कर एएचएफ पुरुष हॉकी एशिया कप के सेमीफाइनल में स्थान बना लिया। वहीं दक्षिण कोरिया की टीम जापान पर 3-2 से जीत के साथ पूल ए में चार मैचों से नौ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रह कर सेमीफाइनल में पहुंच गई।
भारत की जूनियर पुरुष टीम को चीनी ताइपे की रक्षापंक्ति ने मजबूती से अपने किले की चौकसी कर गोल नहीं करने दिया। दो मिनट के क्वॉर्टर ब्रेक के दौरान कोच फ्रेडरिक सोएज के गुरु मंत्र के बाद भारतीय जूनियर पुरुष टीम अलग ही रंग मे नजर आई।आर्यन खेस ने दूसरे क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में गोल कर भारत का खाता खोला।अगले मिनट प्रभदीप सिंह और 22 वें मिनट में गुरसेवक सिंह ले गोल कर भारत की जूनियर टीम को 3-0 से आगे कर दिया।कप्तान अनमाल एक्का ने मैच 25वें मिनट में मैच का अपना पहला गोल भारत को 4-0 से तथा अर्जुन संतोष हरगुड़े ने 28वें मिनट और अनमोल एक्का ने सेट पीस पर मैच का अपना दूसरा गोल कर भारत को हाफ टाइम तक 6-0 से आगे कर दिया था।
भारत ने हाफ टाइम के शुरू के तीन मिनट में दो पेनल्टी कॉनर हासिल किए और कप्तान अनमोल एक्का ने इन्हें गोल में बदल कर भारत को 8-0 से तथा अजित यादव ने मैच के 35वें मिनट में हॉकी की कलाकारी दिखाते हुए बेहतरीन गोल कर भारत को 9-0 कर दिया। अनमोल एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल 45वें मिनट में मैच का अपना पांचवां गोल कर भारत की बढ़त 10-0 कर दी।
भारत ने चौथे क्वॉर्टर में गोल दागने का सिलसिला जारी रखा। हरपाल ने 48वें मिनट में गोल कर भारत को 11-0 से और कप्तान अनमोल एक्का ने 51वें मिनट में अपना मैच का छठा और आखिरी गोल कर भारत को 12-0 से आगे कर दिया। हरपाल ने मैच में अपना दूसरा और आर्यन खेस ने लगातार दो सहित मैच में तीन गोल कर भारत को 15-0 से मैच जिता दिया।


