एयर मार्शल संदीप थरेजा ने 1 सितंबर 2026 को सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा महानिदेशालय के 47वें महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया। वह अब तीनों रक्षा सेनाओं के सेवारत कर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए व्यापक चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था की देखरेख करेंगे।
आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज पुणे के पूर्व छात्र एयर मार्शल थरेजा दिसंबर 1986 में सैन्य चिकित्सा कोर में कमीशन हुए थे। उन्होंने दिल्ली से मेडिसिन में एमडी और एम्स नई दिल्ली से गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी में डीएम की उपाधि प्राप्त की है। लगभग चार दशक के करियर में उन्होंने चिकित्सा, अकादमिक, प्रशासनिक और परिचालन क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
उन्होंने 167 मिलिट्री हॉस्पिटल और कमांड हॉस्पिटल सेंट्रल कमांड की कमान संभालने के साथ बेस हॉस्पिटल दिल्ली कैंट में भी सेवाएं दीं। कोविड-19 महामारी के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी प्रबंधन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एएफएमसी के निदेशक और कमांडेंट के रूप में उन्होंने चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान को बढ़ावा दिया। डीजीएमएस एयर के रूप में उन्होंने गगनयान मिशन, अंतरिक्ष यात्रियों के चयन और प्रशिक्षण में योगदान दिया। उनकी देखरेख में मालदीव सहित कई देशों को आपदा राहत के लिए भीष्म क्यूब्स उपलब्ध कराए गए। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने राष्ट्रीय समर स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।


