उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) यानी ANM मुख्य परीक्षा 2024 का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने 10,272 अभ्यर्थियों को अगले चरण, पात्रता और अभिलेख सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन), के लिए शॉर्टलिस्ट किया है। हालांकि रिजल्ट में नाम आने का अर्थ अंतिम चयन नहीं है।
इस भर्ती अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) के कुल 5,272 पद भरे जाएंगे। इनमें 4,892 पद सामान्य चयन और 380 पद विशेष चयन के लिए निर्धारित हैं। भर्ती के लिए मुख्य लिखित परीक्षा 11 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी, जिसके परिणाम अब जारी किए गए हैं।
आयोग ने श्रेणीवार कटऑफ भी घोषित की है। सामान्य वर्ग के लिए कटऑफ 61.75 अंक रही, जबकि एससी के लिए 56.75, ओबीसी के लिए 55.25, ईडब्ल्यूएस के लिए 55.00 और एसटी वर्ग के लिए 31.75 अंक निर्धारित किए गए हैं।
मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब अपने शैक्षणिक, आरक्षण और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
अभ्यर्थी अपना परिणाम UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर परिणाम अनुभाग में स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) मुख्य परीक्षा 2024 के लिंक के माध्यम से देख सकते हैं।


