महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर, ग्रुप-B पदों की पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी है। 22 मार्च 2026 को आयोजित स्क्रीनिंग परीक्षा में कथित अनियमितताओं की शिकायतों के बाद यह फैसला लिया गया।
MPSC के अनुसार स्क्रीनिंग परीक्षा महाराष्ट्र के छह संभागीय मुख्यालयों में ऑफलाइन आयोजित की गई थी। परीक्षा का परिणाम 12 जून को जारी किया गया था, जिसके आधार पर 506 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। इनमें से 488 उम्मीदवारों ने 1 जुलाई से 22 जुलाई के बीच इंटरव्यू में हिस्सा लिया।
शिकायतें मिलने के बाद MPSC ने 27 जुलाई को मुंबई पुलिस आयुक्त से मामले की जांच का अनुरोध किया। क्राइम ब्रांच की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक उम्मीदवार को परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र/प्रश्न सेट मिल गया था, जिससे उसे अनुचित लाभ मिला।
पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द
प्रारंभिक जांच के निष्कर्षों के बाद आयोग ने पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने का निर्णय लिया। MPSC ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने तथा उम्मीदवारों का भर्ती प्रक्रिया पर भरोसा कायम रखने के लिए यह कदम आवश्यक था।
अब ड्रग इंस्पेक्टर पदों के लिए नई स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की नई तारीख और अन्य जानकारी आयोग की ओर से अलग से आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी।
उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा
MPSC ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती के लिए आवेदन किया था, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही, उनसे परीक्षा शुल्क भी दोबारा नहीं लिया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया रद्द होने के कारण पहले स्क्रीनिंग परीक्षा और इंटरव्यू में शामिल हो चुके उम्मीदवारों को अब नई स्क्रीनिंग परीक्षा की तारीख का इंतजार करना होगा।


