केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के 22वें संस्करण को स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही बोर्ड ने उन पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन का एक और मौका दिया है, जो पहले आवेदन प्रक्रिया के दौरान फॉर्म नहीं भर सके थे।
सीबीएसई की ओर से जारी ताजा सार्वजनिक सूचना के मुताबिक, सीटीईटी 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक दोबारा खुली रहेगी। जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही सफलतापूर्वक अपना आवेदन जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा पंजीकरण करने की आवश्यकता नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ध्यान में रखकर लिया फैसला
सीबीएसई ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया दोबारा खोलने का निर्णय हाल ही में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। फैसले में पात्र शिक्षकों को निर्धारित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की योग्यता हासिल करने की कानूनी आवश्यकता पूरी करने के लिए उचित अवसर देने पर जोर दिया गया था।
इसी के मद्देनजर बोर्ड ने उन पात्र अभ्यर्थियों के लिए आवेदन का अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराया है, जो पहले निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं कर पाए थे।
पहले कब हुए थे आवेदन?
सीटीईटी के 22वें संस्करण के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी। सीबीएसई ने 8 मई 2026 को सार्वजनिक सूचना जारी की थी। इसके बाद 11 मई से 10 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए गए थे।
अब जो पात्र अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन पहले आवेदन नहीं कर सके थे, वे नई आवेदन विंडो के दौरान अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
नई परीक्षा तारीख का ऐलान कब होगा?
परीक्षा स्थगित किए जाने के बाद सीबीएसई ने अभी सीटीईटी 2026 की नई परीक्षा तारीख घोषित नहीं की है। बोर्ड के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद संशोधित परीक्षा तिथि की घोषणा की जाएगी।
ऐसे में अभ्यर्थियों को फिलहाल नई परीक्षा तारीख का इंतजार करना होगा। परीक्षा की तारीख, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी निर्देशों के लिए अभ्यर्थियों को सीटीईटी की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखनी चाहिए।


