UGC-NET जून 2026 परीक्षा को लेकर विवाद के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा एक्शन लिया है। प्रश्नपत्रों में गलतियों और पुराने सवाल दोहराए जाने की शिकायतों के बाद इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया गया है। वहीं परीक्षा व्यवस्था में सुधार के तहत NTA के 50 से ज्यादा कर्मचारियों को उनके पदों से हटाए जाने की जानकारी सामने आई है।
UGC-NET जून 2026 की परीक्षा 22 जून से 30 जून के बीच आयोजित की गई थी। इसमें कुल 87 विषय शामिल थे। परीक्षा के बाद तीन विषयों के प्रश्नपत्रों को लेकर उम्मीदवारों और कोचिंग संस्थानों की ओर से लगातार शिकायतें सामने आईं। इनमें स्पेलिंग और भाषा की गलतियों के साथ-साथ तथ्यात्मक और अनुवाद संबंधी त्रुटियों का भी आरोप लगाया गया।
सोशियोलॉजी के पेपर में प्रसिद्ध समाजशास्त्रियों के नाम गलत लिखे जाने की शिकायत ने भी काफी ध्यान खींचा। उम्मीदवारों के मुताबिक Ritzer को ‘Putzer’, Ghurye को ‘Ghunye’ और Parsons को ‘Parsow’ लिखा गया था। Nussbaum के नाम में भी गलती की बात सामने आई। अभ्यर्थियों का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षा में इस तरह की गलतियां उम्मीदवारों को सही उत्तर चुनने में भ्रमित कर सकती हैं।
इंग्लिश के पेपर को लेकर पुराने प्रश्न दोहराए जाने की शिकायत सबसे ज्यादा चर्चा में रही। उम्मीदवारों ने दावा किया कि दिसंबर 2024 और 2025 के UGC-NET पेपर में पूछे गए कई सवाल जून 2026 की परीक्षा में दोबारा दिखाई दिए। कुछ मामलों में सवालों के साथ विकल्पों का क्रम भी पहले जैसा होने का दावा किया गया। इकोक्रिटिसिज्म, फ्लैनर, शेक्सपियर, जैक्स डेरिडा, रोलैंड बार्थेस, ‘द टाइम मशीन’, ‘ब्रेव न्यू वर्ल्ड’ और ‘कांथपुरा’ जैसे विषयों से जुड़े प्रश्नों में समानता की शिकायत की गई।
कॉमर्स के प्रश्नपत्र में भी पुराने सवालों को दोहराए जाने के आरोप लगे। कॉर्पोरेट टैक्स, अकाउंटिंग, कैपिटल स्ट्रक्चर थ्योरी और सर्विस मार्केटिंग के 7 Ps से जुड़े प्रश्नों में पुराने पेपर से समानता की शिकायत की गई। कुछ न्यूमेरिकल सवालों में भी पहले इस्तेमाल किए गए डेटा को दोबारा इस्तेमाल करने का आरोप लगा।
मामला सामने आने के बाद NTA ने विशेषज्ञों की एक कमेटी बनाकर प्रश्नपत्रों की समीक्षा कराई। जांच के बाद इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का फैसला लिया गया। इन विषयों की नई परीक्षा की तारीख और अन्य जरूरी जानकारी NTA की ओर से आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी।
इस बीच NTA ने 16 अगस्त 2026 को UGC-NET जून 2026 की प्रोविजनल आंसर-की और रिस्पॉन्स शीट जारी की थी। इस दौरान 84 विषयों की आंसर-की जारी हुई, जबकि इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की आंसर-की रोक दी गई थी। अब इन तीनों विषयों के री-एग्जाम के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।
परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों के बाद NTA की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। इसी क्रम में 50 से ज्यादा कर्मचारियों को पदों से हटाए जाने की कार्रवाई को परीक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब उम्मीदवारों को री-एग्जाम की तारीख और प्रक्रिया से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।


