मध्य प्रदेश के 33 बरस के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन भारत की श्रीलंका में उसके खिलाफ दो टेस्ट मैचों की क्रिकेट सीरीज खेलने वाली 15 सदस्यीय टीम में शामिल एकमात्र नया चेहरा हैं। वहीं सदाबहार अनुभवी तेज गेदबाज जसप्रीत बुमराह की भी भारत की टेस्ट सीरीज में वापसी हुई है। बुमराह के साथ सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन की उपलब्धता बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (सीओई) से फिटनेस की मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगी।
बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने कोहनी की चोट से उबर कर भारतीय टेस्ट टीम में वापसी की है। वाशिंगटन सुंदर इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में उसके घर में वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच में जांघ की मांसपेशी में खिंचाव के चलते भारत के लिए पहले टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। वाशिंगटन सुंदर की चोट से ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन का भारत की टेस्ट टीम में स्थान पाने का दरवाजा खुला है। दरअसल श्रीलंका की टेस्ट टीम में बाएं हाथ के कई बल्लेबाजों की मौजूदगी के चलते चयनकर्ताओं ने चोटिल वाशिंगटन सुंदर की गैरमौजूदगी में सारांश जैन को भारतीय टेस्ट टीम के लिए चुना है। सारांश जैन ने भारत ए के श्रीलंका दौरे पर श्रीलंका ए के खिलाफ दूसरे चार दिनी मैच में छह विकेट चटकाने के साथ अविजित 70 रन की पारी खेली थी। सारांश जैन ने कुल मिला कर 54 फर्स्ट क्लास मैचों में 188 विकेट और 2223 रन बनाए हैं।
साई सुदर्शन ने भी भारत ए के श्रीलंका दौरे पर श्रीलंका ए के खिलाफ दोनों चार दिनी क्रिकेट मैचों में शतक जड़े थे। साई सुदर्शन यदि समय से फिट नहीं हो पाए तो फिर देवदत्त पड्डीकल उनकी जगह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं। बुमराह के अलावा श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारत ने मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और टेस्ट करियर शुरू करने की बाट जोह रहे साढ़े छह फुट से भी लंबे तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को बतौर तेज गेंदबाज चुना है।
श्रीलंका में पिचों के मिजाज को देखते हुए भारत के उसके खिलाफ तीन स्पिनरों के साथ उतरने की उम्मीद है। भारत की टेस्ट एकादश में बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव का चुना जाना तो लगभग तय लगता है। तीसरे स्पिनर के रूप मे भारत की एकादश में जगह पाने के लिए बाएं हाथ के स्पिनर ऑलराउंडर मानव सुथार अथवा ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन में से किसी एक को उतारे जाने की उम्मीद है। सारांश जैन को यदि गाल में सीरीज के पहले टेस्ट से श्रीलंका के खिलाफ भारत के लिए अपने टेस्ट करियर का आगाज करने का मौका मिलता है तो वह 1998 में 33 बरस में रॉबिन सिंह के बाद भारत के लिए अपने टेस्ट करियर का आगाज करने वाले भारतीय क्रिकेटर होंगे। ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर के बाहर होने से सारांश के भारत के लिए अपने करियर का गाल मे टेस्ट करियर शुरू करने की पूरी उम्मीद है।
राजस्थान के बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज करते हुए अपने पहले ही टेस्ट में सात विकेट लेने वाले भारत की टेस्ट टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है। इसी के चलते बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे के लिए भारत की टेस्ट टीम में जगह ही नहीं बनी।
भारत की टीम श्रीलंका में उसके खिलाफ दो टेस्ट मैच की खेलेगी। इस सीरीज का पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गाल में और दूसरा व आखिरी क्रिकेट टेस्ट सिंहली स्पोटर्स क्लब, कोलंबो में 23 से 27 अगस्त तक खेला जाएगा। श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज भारत के लिए अपने घर में नवंबर,2025 में दक्षिण अफ्रीका से दो टेस्ट की सीरीज 0-2 से हारने के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पहली टेस्ट सीरीज होगी। भारत उससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज दो दो से ड्रॉ खेली और मेहमान वेस्ट इंडीज से अपने घर में टेस्ट सीरीज 2-0से जीती थी। श्रीलंका में उसके खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा पुरुष क्रिकेट चयन समिति ने मंगलवार सुबह की। भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ गाल में 15 अगस्त को पहले टेस्ट के शुरू होने से पूर्व कोलंबो में सात अगस्त से एक चार दिन अभ्यास मैच खेलेगी।
श्रीलंका के लिए चुनी 15 सदस्यीय टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल , ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरैल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पड्डिकल, सारांश जैन। (*सीओई द्वारा फिट घोषित किए जाने पर ही खेलेंगे।)