आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डेटा साइंस के क्षेत्र में बढ़ती मांग को देखते हुए आईआईटी दिल्ली के कंटिन्यूइंग एजुकेशन प्रोग्राम (सीईपी) ने सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन एप्लाइड डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के चौथे बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 13 नवंबर तक सीईपी पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
यह छह माह का ऑनलाइन पाठ्यक्रम छात्रों और कार्यरत पेशेवरों को उद्योग की मौजूदा आवश्यकताओं के अनुरूप उन्नत तकनीकी कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को पायथन प्रोग्रामिंग, डेटा एनालिटिक्स, मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, मॉडल डेवलपमेंट और एआई मॉडल्स के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, वास्तविक उद्योग आधारित परियोजनाओं पर काम करने का अवसर भी मिलेगा, जिससे प्रतिभागी डेटा आधारित निर्णय लेने और एआई समाधान विकसित करने की क्षमता हासिल कर सकेंगे।
इस सर्टिफिकेट प्रोग्राम के लिए स्नातक अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र हैं। कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, भौतिकी तथा संबंधित विषयों से जुड़े उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आईआईटी दिल्ली के अनुसार यह पाठ्यक्रम विशेष रूप से उन छात्रों और पेशेवरों के लिए उपयोगी होगा जो डेटा साइंस और एआई के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं या अपने तकनीकी कौशल को और बेहतर करना चाहते हैं। संस्थान का कहना है कि कार्यक्रम प्रतिभागियों को आधुनिक एआई तकनीकों और डेटा साइंस के व्यावहारिक अनुप्रयोगों से परिचित कराते हुए उन्हें उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करेगा, जिससे रोजगार और करियर के बेहतर अवसर प्राप्त होने की संभावना बढ़ेगी।


