राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने NEET UG 2026 री-टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष परीक्षा में शामिल करीब 20 लाख अभ्यर्थियों में से 11.21 लाख उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं। अब सफल उम्मीदवार मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे।
21 जून को हुई थी परीक्षा
NEET UG 2026 री-टेस्ट का आयोजन 21 जून 2026 को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा में करीब 20 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे।
पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने किया टॉप
इस वर्ष परीक्षा में सर्वाधिक 715 अंक प्राप्त किए गए हैं। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने संयुक्त रूप से यह उपलब्धि हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है।
परिणाम के अनुसार 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 138 अभ्यर्थियों ने 690 से अधिक अंक हासिल किए। वहीं 1,492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे अधिक, 10,160 ने 600 या उससे अधिक और 90,780 अभ्यर्थियों ने 500 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
एनटीए के अनुसार, 690 या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले 138 उम्मीदवारों में से 93 प्रतिशत पहली बार परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 99 प्रतिशत उम्मीदवारों की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच है।
लड़कियों का प्रदर्शन रहा बेहतर
इस वर्ष भी महिला उम्मीदवारों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। कुल सफल अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं। महिला उम्मीदवारों का सफलता प्रतिशत 56.8 रहा, जबकि पुरुष उम्मीदवारों का सफलता प्रतिशत 55.1 प्रतिशत दर्ज किया गया।
श्रेणीवार परिणाम
श्रेणीवार परिणामों के अनुसार सामान्य वर्ग के 2.91 लाख, ओबीसी-एनसीएल के 5.12 लाख, अनुसूचित जाति के 1.59 लाख, अनुसूचित जनजाति के 63,716, जनरल-ईडब्ल्यूएस के 95,026, पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के 3,666 और पीडब्ल्यूडी श्रेणी के 303 उम्मीदवार सफल हुए हैं।
उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक सफल अभ्यर्थी
देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा उम्मीदवार सफल हुए हैं। वहीं लक्षद्वीप से 43 अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की है।
केंद्र शासित प्रदेशों के टॉप उम्मीदवारों में लद्दाख की जिग्मेट यांगचन लामो ने 530 अंक, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के ध्रुव त्रिपाठी ने 606 अंक और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस ने 573 अंक प्राप्त किए हैं।
रिजल्ट से पहले जारी हुई थी फाइनल आंसर–की
एनटीए ने 25 जून 2026 को प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी। इसके बाद 13 से 15 जुलाई के बीच उम्मीदवारों के स्कैन किए गए ओएमआर शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स उपलब्ध कराए गए। 16 जुलाई को फाइनल आंसर-की जारी करने के साथ ही परीक्षा परिणाम भी घोषित कर दिया गया।


