दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (DDUGU) ने यूजी, पीजी, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्सेज में डायरेक्ट एडमिशन के लिए आवेदन पोर्टल एक बार फिर खोल दिया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने दो नए पाठ्यक्रम डिप्लोमा इन थिएटर (30 सीटें) और बीबीए (टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी ऑपरेशंस) (60 सीटें) के लिए भी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विश्वविद्यालय के एडमिशन सेल के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले आवेदन नहीं किया था या जो सीधे प्रवेश वाले पाठ्यक्रमों में दाखिला लेना चाहते हैं, वे 22 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन कोर्सों में सीटों की तुलना में आवेदन कम प्राप्त हुए थे, उनमें 9 जुलाई से डायरेक्ट एडमिशन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब शेष सीटों को भरने के लिए आवेदन पोर्टल दोबारा खोला गया है।
अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर पात्रता, आवेदन शुल्क और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सीधे प्रवेश की प्रक्रिया उपलब्ध सीटों के आधार पर पूरी की जाएगी।
829 पीएचडी सीटों के लिए जल्द शुरू होंगे RET आवेदन
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की शोध पात्रता परीक्षा (RET) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी इसी सप्ताह शुरू होने की संभावना है। एडमिशन सेल के अनुसार इस वर्ष फुलटाइम पीएचडी की 753 सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें 265 सीटें विश्वविद्यालय परिसर तथा 488 सीटें संबद्ध महाविद्यालयों के पर्यवेक्षकों के अधीन स्वीकृत की गई हैं। ये सीटें 44 विभिन्न विषयों में उपलब्ध होंगी।
इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय ने स्ववित्तपोषित योजना के तहत 76 सीटें भी घोषित की हैं, जो तकनीकी, कृषि, फार्मेसी और वाणिज्य संकायों के लिए विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध रहेंगी। इस तरह इस वर्ष कुल 829 सीटों पर पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।


