दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अंडरग्रेजुएट (UG) दाखिला प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) के तहत आवेदन करने वाले लाखों छात्रों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। विश्वविद्यालय 16 जुलाई 2026 को पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी करेगा।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार CSAS पोर्टल पर 2,73,751 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है, जबकि 2,06,835 अभ्यर्थियों ने दूसरे चरण में अपने पसंदीदा कॉलेज और कोर्स का चयन किया है। वर्ष 2022 के बाद यह सबसे अधिक पंजीकरण संख्या है।
28 जुलाई से शुरू हो सकता है नया सत्र
पहली सीट अलॉटमेंट सूची जारी होने के बाद छात्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी सीट स्वीकार करनी होगी। इसके बाद संबंधित कॉलेजों द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और सफल अभ्यर्थियों को प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नया शैक्षणिक सत्र 28 जुलाई 2026 से शुरू होने की संभावना है।
इस वर्ष DU के 67 कॉलेजों में 73 अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम और 100 से अधिक BA प्रोग्राम कॉम्बिनेशन में प्रवेश दिए जाएंगे। सभी दाखिले केवल CUET-UG 2026 के स्कोर के आधार पर होंगे।
PG Admission 2026: राउंड-3 के मिनिमम एलोकेशन स्कोर जारी
दिल्ली विश्वविद्यालय ने पोस्टग्रेजुएट (PG) प्रवेश प्रक्रिया के तहत राउंड-3 के न्यूनतम एलोकेशन स्कोर भी जारी कर दिए हैं। CSAS PG 2026 में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक एडमिशन पोर्टल admission.uod.ac.in पर जाकर प्रोग्राम और श्रेणीवार न्यूनतम एलोकेशन स्कोर देख सकते हैं।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि ये स्कोर केवल तीसरे राउंड में संबंधित कॉलेज, विभाग या सेंटर के लिए सीट आवंटन को दर्शाते हैं। इन्हें अंतिम कट-ऑफ नहीं माना जाएगा, क्योंकि आगामी राउंड में सीटों की उपलब्धता, अपग्रेड, कैंसिलेशन, रिकॉर्ड सुधार और अन्य कारणों से इनमें बदलाव संभव है।
मेरिट और आरक्षण के आधार पर होगा अंतिम प्रवेश
DU के अनुसार, सीट आवंटन मेरिट, पात्रता, आरक्षण श्रेणी, सीटों की उपलब्धता और निर्धारित टाई-ब्रेकिंग नियमों के आधार पर किया जाता है। अंतिम प्रवेश तभी सुनिश्चित होगा जब अभ्यर्थी के दस्तावेज सफलतापूर्वक सत्यापित हो जाएंगे और वह सभी पात्रता शर्तों को पूरा करेगा।
ऐसे डाउनलोड करें PG Round-3 Minimum Allocation Score PDF
- DU के आधिकारिक एडमिशन पोर्टल पर जाएं।
- ‘Two Year PG Admissions 2026-27’ सेक्शन खोलें।
- ‘PG Round 3 Minimum Eligibility Scores’ लिंक पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर उपलब्ध PDF देखें।
- भविष्य के लिए PDF डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें।


