इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने सितंबर-नवंबर 2026 सत्र की चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। CA फाउंडेशन, इंटरमीडिएट और फाइनल परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार CA सेल्फ सर्विस पोर्टल (SSP) के माध्यम से अपना परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
ICAI द्वारा जारी आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 6 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 19 जुलाई 2026 तक बिना लेट फीस के आवेदन कर सकते हैं। वहीं लेट फीस के साथ आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 22 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। संस्थान ने 23 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक आवेदन पत्र में सुधार के लिए करेक्शन विंडो भी उपलब्ध कराई है। इस दौरान उम्मीदवार परीक्षा शहर, परीक्षा का माध्यम और अन्य आवश्यक विवरण में बदलाव कर सकेंगे। परीक्षा फॉर्म केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
सितंबर-नवंबर 2026 सत्र के लिए परीक्षा कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। CA फाउंडेशन की परीक्षाएं 2, 5, 7 और 9 सितंबर को आयोजित होंगी। CA इंटरमीडिएट ग्रुप-I की परीक्षाएं 1, 3 और 6 सितंबर तथा ग्रुप-II की परीक्षाएं 8, 10 और 12 सितंबर को होंगी। वहीं CA फाइनल ग्रुप-I की परीक्षाएं 2, 4 और 6 नवंबर तथा ग्रुप-II की परीक्षाएं 9, 11 और 13 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएंगी।
ICAI ने जानकारी दी है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले दोपहर 1:45 बजे से 15 मिनट का अतिरिक्त रीडिंग टाइम दिया जाएगा, ताकि वे प्रश्नपत्र को ध्यानपूर्वक पढ़ सकें। हालांकि यह सुविधा CA फाउंडेशन के पेपर-3 और पेपर-4 तथा पोस्ट-क्वालिफिकेशन परीक्षाओं के लिए उपलब्ध नहीं होगी।
आवेदन शुल्क की बात करें तो CA फाउंडेशन और CA इंटरमीडिएट (सिंगल ग्रुप) के लिए 1,500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। CA इंटरमीडिएट के दोनों ग्रुप के लिए 2,700 रुपये, CA फाइनल (सिंगल ग्रुप) के लिए 1,800 रुपये और दोनों ग्रुप के लिए 3,300 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।
ICAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद उसमें किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। यदि किसी परीक्षा तिथि पर बाद में केंद्र या राज्य सरकार सार्वजनिक अवकाश घोषित करती है, तब भी परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगी। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे 19 जुलाई 2026 से पहले अपना आवेदन पूरा कर लें, ताकि उन्हें विलंब शुल्क का भुगतान न करना पड़े।


