प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट बैंगलोर यानी IIM बैंगलोर इंडोनेशिया में अपना परिसर स्थापित करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पहल से इंडोनेशिया के साथ-साथ पूरे आसियान क्षेत्र के युवाओं को व्यापक लाभ मिलेगा। यह घोषणा प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ संयुक्त प्रेस वक्तव्य में की गई। प्रस्तावित परिसर इंडोनेशिया के मलंग स्थित सिंघासारी विशेष आर्थिक क्षेत्र यानी SEZ में स्थापित किया जाएगा।
आईआईएम बैंगलोर का यह कदम भारत के उच्च शिक्षा तंत्र के अंतर्राष्ट्रीयकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे भारतीय प्रबंधन शिक्षा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी और आसियान देशों के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा का अवसर प्राप्त होगा।
प्रस्तावित परिसर में पांच महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर आधारित पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को दो चरणों में लागू किया जाएगा। इससे इंडोनेशिया और आसियान क्षेत्र के युवाओं को प्रबंधन, उद्यमिता, नेतृत्व और कौशल विकास से जुड़े अवसर मिल सकेंगे।
यह पहल भारत और इंडोनेशिया के बीच शिक्षा सहयोग को और मजबूत करेगी। साथ ही, भारतीय संस्थानों की वैश्विक उपस्थिति बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।


