नई दिल्ली, 4 जुलाई, 2026: मिस्र ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ निर्धारित और अतिरिक्त समय में एक-एक की बराबरी के बाद शूटआउट में डलास में 4-2 से हराकर फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में अंतिम 16 में स्थान पाकर नया इतिहास रच दिया। इमाम आशूर के 13वें मिनट में दागे गोल से मिस्र ने अपना खाता खोला। बदकिस्मती से मिस्र के ही मोहम्मद हानी के दूसरे हाफ के दसवें मिनट में आत्मघाती गोल से ऑस्ट्रेलिया को एक-एक की बराबरी मिल गई। 90 मिनट के निर्धारित समय में एक-एक की बराबरी के बाद फैसले के लिए 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया और इसमें भी फैसला नहीं हुआ और मैच पेनल्टी शूटआउट में खिंच गया। मिस्र के लिए पेनल्टी शूटआउट में महमूद साबर, रमी रबिया, मोहम्मद सालाह और होसाम अब्देलमजीद ने पेनल्टी किक को गोल में बदला। पराजित ऑस्ट्रेलिया के लिए जैक्सन इरवाइन और एवेर माबिल ही पेनल्टी किक को गोल में बदल पाए जबकि हैरी सूटर और लुकास हैरिंगटन के निशाने लक्ष्य चूक गए।
ऑस्ट्रेलिया के क्रिस्टियन वोल्पैटो ने मैच के शुरू में बॉक्स के भीतर पहुंच शॉट जमाया लेकिन उनका शॉट गोलस्तंभ को लगकर बाहर निकल आया। आशूर ने 13वें मिनट में अहमद हेगाजी के क्रॉस पर सिर से गेंद को गोल में डाल मिस्र का खाता खोला।
मैंने चोट के बावजूद अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की:
सालाह मिस्र के स्ट्राइकर मोहम्मद सालाह ने कहा, ‘शनिवार का दिन मेरी जिंदगी के सबसे बेहतरीन दिनों में से एक है, अपने देश के साथ इतिहास रचा। मैंने चोट के बावजूद अपना सर्वश्रेष्ठ देने और खेलने की कोशिश की। मैं अपने मुल्क के लिए यही करता हूं। मुझे मालूम नहीं हमने कितनी बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है। हम ग्रुप चरण से कभी भी आगे नहीं बढ़ पाए हैं। यह खुशी का क्षण है।’
मिस्र से हार स्वीकार करना मुश्किल है : जैक्सन
ऑस्ट्रेलिया के जैक्सन इरवाइन ने कहा, ‘मिस्र से यह मैच हारना और इसे स्वीकार करना मुश्किल है। हमारे पास अपने लिए ऑस्ट्रेलिया के वह करने का मौका था जो कि अबसे पहले किसी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने नहीं किया था। हम पेनल्टी शूटआउट में हार कर बाहर हो गए। मुझे अपने सभी साथी खिलाड़ियों पर गर्व है।’


