करिश्माई स्ट्राइकर लियोनल मैसी के गजब के गोल के बावजूद मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना को अदना से काबो वर्डे को फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के अंतिम 32 मैच में हराने में पसीना आ गया अर्जेंटीना ने निर्धारित समय में एक एक की बराबरी के बाद अतिरिक्त समय के पहले हाफ के 11वें मिनट में काबो वर्डे के डायने बॉर्जेज के आत्मघाती गोल के रूप में उपहार से यह बेहद संघर्षपूर्ण मैच 3-2 से जीता।
अर्जेंटीना के खिलाफ काबो वर्डे ने अंत तक हार न मानने का जज्बा दिखाते हुए पहले निर्धारित समय में पिछड़ने के बाद एक-एक की और फिर अतिरिक्त समय में दो-दो की बराबरी पाई। बेशक मैच अर्जेंटीना ने जीता लेकिन आखिरी क्षण तक हिम्मत न हारने का जीवट दिखा काबो वर्डे ने दिल जीत लिया। अर्जेंटीना के लिए निर्धारित समय में लियोनस मैसी और अतिरिक्त समय में लिजांड्रो मार्टिनेज ने एक-एक गोल किया। वहीं काबो वर्डे के लिए डिरोय डुराटी और अतिरक्त समय में सिडनी लोपेज कार्बेल ने गोल कर उसे दो-दो से बराबरी दिलाई। बदकिस्मती से डायने बॉर्जेज के अतिरिक्त समय में आत्मघाती गोल से काबो वर्डे की मेहनत पर पानी फिर गया और अर्जेंटीना ने जीत के साथ अंतिम 16 में मिस्र से भिड़ने का अधिकार पा लिया।
काबो वर्डे के गोलरक्षक वोजिन्हा ने अतिरिक्त समय में लियोनल मैसी के बॉक्स के ठीक ऊपर लगाए शॉट को रोकने सहित कई बेहतरीन बचाव किए। लिजांड्रो मार्टिनेज द्वारा बॉक्स के भीतर उछाली गेंद को करिश्माई लियोनल मैसी ने अपने मार्कर को संभाल तेज फर्राटा लगाकर मैच के 29वें मिनट में पलक झपकते ही काबो वर्डे के गोलरक्षक वोजिन्हा को छका कर गोल कर अर्जेंटीना का खाता खोला। लियोनल मैसी का विश्व कप फुटबाल के इतिहास में यह रिकॉर्ड 20वां गोल था। मैसी मौजूदा विश्व कप में अपने सातवें गोल के साथ फ्रांस के कइलियान बापे (छह गोल ) से एक गोल आगे हो गोल्डन बूट की होड़ में फिर सबसे आगे हो गए हैं। मैसी का यह गोल उनकी चतुराई और पैरों की कलाकारी और कौशल का उत्कृष्ट नमूना था।
काबो वर्डे की तारीफ करनी होगी उसने करिश्माई मैसी के एक गोल की बदौलत उसे हाफ टाइम तक 1-0 तक ही सीमित रखा। काबो वर्डे ने भले ही पहले हाफ में अर्जेंटीना के स्टापर डिबू मार्टिनेज को बहुत मशक्कत नहीं कराई लेकिन अपने जीवट और संघर्ष से दिखाया कि उसमें फुटबॉल के सबसे बड़े मंच विश्व कप में दुनिया की धुरंधर टीमों को टक्कर देने का दम है। काबो वर्डे की टीम जब हाफ टाइम तक 0-1 से पिछड़ रही थी तब ऐसे बहुत ही थे जिन्होंने यह उम्मीद की थी काबो वर्डे गोल कर मैच में वापसी कर पाएगी। डिरोय डुराटी ने मैच के 59वें मिनट में बेहतरीन गोल कर काबो वर्डे को एक-एक की बराबरी दिला दी। डुराटी ने बॉक्स के भीतर घुस अर्जेंटीना के सेंटर बैक लिजांड्रो मार्टिनेज के पैरो के बीच से गेंद को निकाला और फिर गोलरक्षक इमिलियानो मार्टिनेज को छका गोल कर काबो वर्डे को एक एक की बराबरी दिला दी।
निर्धारित समय तक दोनों टीमों के एक एक के बराबर रहने पर फैसले के लिए 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया। लिजांड्रो मार्टिनेज ने अतिरिक्त समय के पहले हाफ के दूसरे मिनट में कॉर्नर पर अचूक शॉट जमा काबो वर्डे के गोलरक्षक वॉजिन्हा को छका गोल कर अर्जेंटीना को 2-1से आगे कर दिया। सिडनी लोपेज कैब्रल ने बाएं से गेंद को ले तेज फर्राटा बॉक्स में पहुंच कर अर्जेंटीना के गोलरक्षक इमिलियानो मार्टिनेज को छका अतिरिक्त समय के पहले हाफ के 13 वें मिनट में गोल कर काबो वर्डे को दो दो की बराबरी दिला दी। लियोलन मैसी द्वारा अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ के छठे मिनट में कॉर्नर बॉक्स के भीतर उछाली गेंद को क्रिश्चियन रोमरो को सिर से गोल में डालने की रोकने की हड़बड़ी में काबो वर्ड के डायने बोर्जेज ने अपने ही गोल में गेंद को डाल बैठे। बोर्जेज के इस आत्मघाती गोल से अर्जेंटीना को 3-2 की बढ़त मिल गई। अर्जेंटीना ने इस बढ़त को बरकरार रख जीत दर्ज कर अंतिम 16 में स्थान बना लिया।
काबो वर्डे के कोच बुबिस्ता ने कहा कि हमें अपने खिलाड़ियों पर गर्व है। हमने विश्व चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ दो बार पिछड़ने के बाद वापसी कर बराबरी की। हम मैच को अतिरिक्त समय तक खींच ले गए। हमने इस विश्व कप में अपनी पहचान बनाई।


