महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने ग्रुप-सी सर्विसेज कंबाइंड प्रिलिमिनरी एग्जामिनेशन 2026 के तहत विभिन्न विभागों में कुल 2,619 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के माध्यम से क्लर्क-टाइपिस्ट, असिस्टेंट मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर, टैक्स असिस्टेंट, इंडस्ट्री इंस्पेक्टर और टेक्निकल असिस्टेंट सहित कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 17 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता पदानुसार निर्धारित की गई है। क्लर्क-टाइपिस्ट और टैक्स असिस्टेंट के पदों के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना आवश्यक है। साथ ही मराठी टाइपिंग 30 शब्द प्रति मिनट या अंग्रेजी टाइपिंग 40 शब्द प्रति मिनट की दक्षता भी अनिवार्य है। अन्य पदों के लिए योग्यता संबंधित अधिसूचना के अनुसार निर्धारित की गई है।
आयु सीमा की बात करें तो अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 38 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले MPSC की आधिकारिक वेबसाइट mpsc.gov.in पर जाएं और “Group C Recruitment 2026 Apply Online” लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना पंजीकरण करें। रजिस्ट्रेशन के बाद प्राप्त लॉगिन विवरण की सहायता से आवेदन पत्र भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें, निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट कर दें। भविष्य की जरूरत के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन बहु-स्तरीय परीक्षा प्रणाली के आधार पर किया जाएगा। सबसे पहले प्रारंभिक (Prelims) परीक्षा आयोजित होगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को मुख्य (Mains) परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके बाद संबंधित पद की आवश्यकता के अनुसार स्किल टेस्ट या टाइपिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा। अंतिम चयन सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।


