हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने विभिन्न अधिकारी पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 116 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 1 जुलाई 2026 से 20 जुलाई 2026 तक HPCL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती में जूनियर एग्जीक्यूटिव, सीनियर ऑफिसर, असिस्टेंट मैनेजर, मैनेजर, डिप्टी जनरल मैनेजर, जनरल मैनेजर और चीफ जनरल मैनेजर स्तर के पद शामिल हैं। सबसे अधिक 52 पद सीनियर ऑफिसर-सेल्स के लिए हैं। इसके अलावा जूनियर एग्जीक्यूटिव-केमिकल के 37 पद और जूनियर एग्जीक्यूटिव-फायर एंड सेफ्टी के 17 पद भरे जाएंगे। प्रोजेक्ट्स, टेक्निकल सर्विसेज, इकोनॉमिस्ट, गैस सोर्सिंग एंड मार्केटिंग और पेट्रोकेमिकल्स सेल्स एंड मार्केटिंग से जुड़े पदों पर भी नियुक्तियां होंगी।
शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है। जूनियर एग्जीक्यूटिव-केमिकल के लिए केमिकल इंजीनियरिंग में 3 वर्षीय डिप्लोमा जरूरी है। फायर एंड सेफ्टी पद के लिए बीएससी, फायर एंड सेफ्टी डिप्लोमा और वैध हेवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस आवश्यक है। सीनियर ऑफिसर-सेल्स के लिए संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में बीई/बीटेक के साथ MBA/PGDM मांगा गया है।एससी, एसटी और PwBD उम्मीदवारों के लिए आवेदन निशुल्क है, जबकि सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस वर्ग को 1,180 रुपये शुल्क देना होगा।


