राजस्थान में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) ने कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) 2026 की परीक्षा तिथियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सीनियर सेकेंडरी लेवल और ग्रेजुएशन लेवल परीक्षाओं का आयोजन अलग-अलग तिथियों पर किया जाएगा।
बोर्ड के मुताबिक सीनियर सेकेंडरी लेवल सीईटी परीक्षा 23 अक्तूबर से 25 अक्तूबर 2026 तक आयोजित होगी। वहीं ग्रेजुएशन लेवल सीईटी परीक्षा 1 दिसंबर से 3 दिसंबर 2026 तक राज्यभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी। परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
राजस्थान सीईटी राज्य सरकार की विभिन्न भर्तियों के लिए पात्रता निर्धारित करने वाली महत्वपूर्ण परीक्षा है। इस परीक्षा में प्राप्त स्कोर के आधार पर अभ्यर्थी कई सरकारी पदों पर आवेदन करने के पात्र बनते हैं।
बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र, परीक्षा समय और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए नियमित रूप से RSMSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। परीक्षा से संबंधित सभी अपडेट समय-समय पर बोर्ड की ओर से जारी किए जाएंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी पर पूरा ध्यान देते हुए निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा करने की सलाह दी गई है।


