15 बरस के वैभव सूर्यवंशी की एक और विलक्षण पारी के बूते राजस्थान रॉयल्स की निगाहें अब गुजरात टाइटंस को भी न्यू चंडीगढ़ में क्वॉलिफायर 2 में हरा आईपीएल 2026 क्रिकेट के फाइनल में स्थान बनाने पर लगी हैं। शुभमन गिल की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस को यदि अपने घर अहमदाबाद में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू(आरसीबी) के खिलाफ फाइनल में खेलना है तो उसे पहले क्वॉलिफायर 2 में राजस्थान रॉयल्स पर हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
गुजरात टाइटंस के पास बेशक रफ्तार के सौदागर कसिगो रबाड़ा (26 विकेट) के रूप में मौजूदा सीजन के दूसरे सबसे कामयाब गेंदबाज हैं, लेकिन उनके लिए भी वैभव सूर्यवंशी पर लगाम लगाना सबसे बड़ी चुनौती होगी। राजस्थान रॉयल्स ने पिछले लगातार तीन मैच जीते हैं। इनमें लखनऊ सुपर जायंटस और सनराइजर्स हैदराबाद पर जीत उसे वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारियों और मुंबई इंडियंस पर रफ्तार के सौदागर जोफ्रा आर्चर ने धारदार गेंदबाजी कर दिलाई है। वहीं गुजरात टाइटंस ने पिछले तीन में से मात्र एक मैच ही जीता है।
वैभव सूर्यवंशी की मात्र 29 गेंदों में 12 छक्कों और पांच चौकों की बदौलत 97 रन की विलक्षण पारी से राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद पर बुधवार रात न्यू चंडीगढ़ में अहम इलिमिनेटर में 47 रन से जीत के साथ उसके खिलाफ लगातार पांच हार के सिलसिले को तोड़ शान से क्वॉलिफायर 2 में स्थान बनाया। वैभव सूर्यवंशी ( 65 छक्के) ने अपनी इस पारी में एक आईपीएल सीजन में क्रिस गेल (59 छक्के) के 2012 में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। वैभव ने इसके साथ सबसे तेज 242.85 की स्ट्राइक रेट से 15 पारियों में एक शतक और चार अर्द्धशतकों की मदद से सबसे ज्यादा 680 रन बना कर ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया।
आज खेले जाने वाले अहम क्वॉलिफायर 2 में बेशक सभी की निगाहें मौजूदा सीजन की शुरू के 15 मैचों दो कामयाब सलामी जोड़ियों – गुजरात टाइटंस के एक शतक और सबसे ज्यादा सात अर्द्धशतक जड़ने वाले साई सुदर्शन (652 रन) व छह अर्द्धशतक जड़ने वाले कप्तान शुभमन गिल (14 मैच, 618 रन) और राजस्थान रायल्स के वैभव सूर्यवंशी (680 रन) और तीन अर्द्धशतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल (426 रन) पर रहेंगी। राजस्थान रॉयल्स के मौजूदा सीजन के शुरू के 15 मैचों के सबसे कामयाब तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (24 विकेट) ने अपनी रफ्तार से कहर बरपा यदि गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की कामयाब सलामी जोड़ी के साथ शुरू के 15 मैचों में चार अर्द्धशतक जड़ने वाले जोस बटलर (498 रन) को सस्ते में पैवेलियन लौटा दिया तो गुजरात टाइटंस के लिए बड़ा स्कोर खड़ा या इसका पीछा करना मुश्किल हो जाएगा।
वैभव सूर्यवंशी ने बुधवार को जिस तरह सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान और दुनिया के सबसे काबिल तेज गेंदबाजों में एक पैट कमिंस को धोया उससे उनके गुजरात टाइटंस के कसिगो रबाड़ा की भी ऐसी ही धुनाई करने की उम्मीद से इनकार नहीं किया जा सकता है। वैभव बुधवार को हैदराबाद के तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे की गेंद को उड़ाने की कोशिश में डीप थर्डमैन पर समरन को पारी के आठवें ओवर में कैच थमा आउट हो गए। मात्र तीन रन से शतक से चूक जब पैवेलियन वापस लौटे तो हैदराबाद के अभिषेक शर्मा, इशान किशन व खुद कप्तान पैट कमिंस ने उनकी पीठ थपथपा कर उनकी तेज पारी को सराहा और उनकी अपनी राजस्थान टीम के हर खिलाड़ी ने भी तालियों से स्वागत किया, लेकिन वह निराश दिखे क्योंकि वह आईपीएल के इतिहास में क्रिस गेल (30 गेंद) के सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गए थे।
गुजरात टाइटंस ने मौजूदा सीजन में बेशक रिटर्न मैच में राजस्थान रॉयल्स को जयपुर में 77 रन से हराया लेकिन इससे पहले अपने घर में पहले मैच में उससे छह रन से हार गई थी। वैभव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ इस सीजन में अहमदाबाद में लेग स्पिनर राशिद खान की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स को कैच थमाने से पहले 18 गेंदों में एक छक्के और पांच चौकों की मदद से 31 रन और जयपुर में सिराज की गेंद पर अरशद खान को कैच थमाने से पहले 16 गेंदों में तीन छक्कों और तीन चौकों की मदद से 36 रन बनाए थे।
राजस्थान रॉयल्स के लिए शुरू के 15 मैचों में वैभव सूर्यवंशी व यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने मिलकर कुल 1106 रन, छह अर्द्धशतक जड़ने वाले ध्रुव जुरैल (508 रन), कप्तान रेयान पराग (13मैच, 298) व डेवॉन फरेरा (279 रन) ने दो- दो अर्द्धशतक जड़े हैं। वहीं रवींद्र जडेजा (13 मैच, 221 रन) और जोफ्रा आर्चर ने बेशक राजस्थान के लिए बड़ी नहीं बेशकीमती पारियां खेली। गुजरात टाइटंस के लिए शुरू के 15 मैचों में कसिगो रबाड़ा (26 विकेट), मोहम्मद सिराज (17 विकेट), जेसन होल्डर (9 मैच, 15 विकेट), प्रसिद्ध कृष्णा (10मैच, 15 विकेट) जैसे तेज गेंदबाजों की कामयाब चौकड़ी तथा अनुभवी लेग स्पिनर राशिद खान (19 विकेट) से वैभव, यशस्वी,ध्रुव व रेयान से सज्जित राजस्थान के शीर्षक्रम को चौकस रहना होगा।
गुजरात टाइटंस के लिए साई सुदर्शन और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने अब तक मिलकर सबसे ज्यादा 1218 रन बनाए हैं जबकि जोस बटलर (498 रन) ने तीन और वाशिंगटन सुंदर (311 रन) ने दो अर्द्धशतक जडे़ लेकिन महज एक अर्द्धशतक जड़ने वाले राहुल तेवतिया (14 मैच, 161 रन) का रनो के लिए जूझना उसे बेशक अखरा है। राजस्थान के लिए शुरू के 15 मैचों में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (24 विकेट), नैंड्रे बर्गर(12 मैच, 13 विकेट ), ब्रजेश शर्मा (12 मैच, 13 विकेट), लेग स्पिनर रवि बिश्नोई (9 मैच, 11 विकेट), संदीप शर्मा (6 मैच, 5 विकेट चटकाए हैं। गुजरात के साई सुदर्शन और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी को खास तौर पर राजस्थान रॉयल्स के कामयाब तेज गेंदबाज आर्चर से चौकस रहना होगा।
हमारे गेंदबाजों ने दबाव में दमदार गेंदबाजी की : पराग
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रेयन पराग ने कहा, ‘हमें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 260 रन बनाने चाहिए थे। हमारे गेंदबाजों ने दबाव में दमदार गेंदबाजी की। जहां तक वैभव सूर्यवंशी की बात है तो हमने उनसे कोई बात करने की बजाय उन्हें उनके अंदाज में खुलकर खेलने को उत्साहित किया। हमने वैभव को बल्लेबाजी अभ्यास करने का पर्याप्त मौका दिया और वह अपने अंदाज में अभ्यास करते हैं। हमें अपने पिछले दो मैच हर हाल में जीतने थे और इसमें हम कामयाब रहे। हमारे खिलाड़ियों ने इसमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। आर्चर दुनिया के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक हैं और 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गंद फेंक रहे हैं। हम हमारी निगाहें गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वॉलिफायर 2 पर लगी हैं।‘
आज का मैचः राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात टाइटंस (न्यू चंडीगढ़, शाम साढ़े सात बजे से)