नई दिल्ली, 18 मई, 2026: आक्रामक मिडफील्डर भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) बेंगलुरु में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। अर्जेंटीना दौरे पर सामान्य प्रदर्शन के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान भारत की कप्तान सलीमा टेटे ने टीम की तैयारियों और दबाव को झेलने की क्षमता पर भरोसा जताते हुए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उसके खिलाफ मैचों को एक अहम कदम बताया।
ऑकलैंड में आगामी एफआईएच महिला नेशंस कप की तैयारियों के लिए सलीमा टेटे की अगुआई में भारतीय महिला हॉकी टीम 21 मई से 3 जून तक ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय महिला हॉकी टीम 26 से 30 मई तक पर्थ हॉकी स्टेडियम में मेजबान टीम के खिलाफ चार मैच खेलेगी।
भारत महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलियाई टीम एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी है और वहां उत्कृष्ट मुकाबला देखने को मिलेगा। हम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने को लेकर रोमांचित हैं। इस ऑस्ट्रेलिया दौरे से हमें आगामी महीनों में होने वाले महिला हॉकी विश्व कप और एशियाई खेलों जैसे बड़े टूर्नामेंटों की तैयारियों को मजबूती मिल सकती है। ऑस्ट्रेलिया वाकई एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी है और वहां उच्चस्तरीय मुकाबला देखने को मिलेगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हम वहां उसके खिलाफ अपनी सर्वश्रेष्ठ हॉकी खेलें।’
सलीमा टेटे ने कहा कि मैं अपने कोच का आभार जताना चाहती हूँ जो कि शिद्दत से हमारे साथ जुटे हैं। अच्छी बात यह है कि हम हर दिन अपना खेल बेहतर कर रहे हैं। युवा खिलाड़ियों को मौके दिए जा रहे हैं और वे वाकई अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। हमें अपनी युवा खिलाड़ियों का साथ देकर यह सुनिश्चित करना है कि वे निरंतर बढ़िया खेल जारी रखें। हम अर्जेंटीना दौरे की अपनी लय को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जारी रखना चाहते हैं। हम अनुशासित रह, अपनी योजना पर ध्यान लगा अपने कोच के निर्देशों को मानना चाहते हैं। बेहतर प्रदर्शन के लिए हमारी टीम की हर खिलाड़ी को अपनी ताकत के साथ अपनी कमजोरियों पर मेहनत करने की जरूरत है। बेशक दबाव तो है लेकिन हम इससे निपटने को पूरी तरह तैयार हैं।’
फिलहाल बेंगलुरु में चल रहे कड़े शारीरिक प्रशिक्षण की बाबत भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के इस अहम दौरे के लिए टीम की तैयारियों में फिटनेस खासी अहम भूमिका निभाती है। टेटे ने कहा, ‘हमारी टीम की हर खिलाड़ी फिटनेस पर खासी मेहनत कर रही है। हमारी टीम की हर खिलाड़ी जानती है कि किसी भी टीम पर जीत के लिए फिटनेस बेहद अहम है। हमारी फिटनेस हमारा बेहतर प्रदर्शन तय कर सकती है। हम महिला हॉकी विश्व कप क्वालिफायर्स में बढ़िया खेले।’
टेटे ने कहा कि टीम की वापसी के मद्देनजर बेशक हम अपना खेल और बेहतर कर सकते हैं। जहां तक हमारी महिला हॉकी टीम के हाल ही में दुनिया की शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलने की बात है तो मैं यह कहूँगी कि अर्जेंटीना के दौरे ने हमें अपनी टीम को आंकने व नई प्रतिभा को सीनियर स्तर पर एकीकृत करने में मदद की। हमारी पूरी टीम ने अर्जेंटीना में बढ़िया प्रदर्शन किया। अर्जेंटीना जैसी बड़ी टीम के खिलाफ मुकाबला करना वाकई बड़ी उपलब्धि है। इसने ऑस्ट्रेलिया दौरे, नेशंस कप, महिला हॉकी विश्व कप और एशियाई खेलों की हमारी तैयारियों में अहम भूमिका निभाई। फिलहाल हमारा फोकस ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। हम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते हैं जिससे कि आगामी टूर्नामेंटों के लिए हमारा आत्मविश्वास बढ़े।


