नई दिल्ली, 28 अप्रैल, 2026: सनराइजर्स हैदराबाद के हौसले अपने नियमित कप्तान ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस की आधा सीजन निकल जाने और आठवें मैच में कमान संभालने पर आईपीएल 2026 में पहले ही मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जयपुर में पांच विकेट से मिली जीत से बुलंद हैं।
कमिंस अपनी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम की जीत के बावजूद बल्लेबाजी की नई सनसनी राजस्थान रॉयल्स के लिए तूफानी शतक जड़ने वाले 15 बरस के वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हो गए हैं। पैट कमिंस ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में अपने समकक्ष रियान पराग का विकेट चटकाया। उपकप्तान इशान किशन की 31 गेंद पर 74 रन की तूफानी पारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उसके 229 रन के स्कोर को आठ गेंद और पांच विकेट के बाकी रहते पार कर बड़ी जीत हासिल की थी। अभिषेक शर्मा व ट्रेविस हेड की तूफानी सलामी जोड़ी, उपकप्तान इशान किशन और हेनरिक क्लासेन के रूप में तूफानी चौकड़ी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद की निगाहें अब नौवें और अंतिम पूर्व स्थान पर चल रही मुंबई इंडियंस को भी उसके घर मुंबई में हरा कर प्ले ऑफ की ओर कदम बढ़ाने पर लगी है।
मुंबई इंडियंस अपना पिछला मैच मुंबई में चेन्नई सुपर किंग्स से 103 रन के बड़े अंतर से हारी है। सनराइजर्स हैदराबाद फिलहाल आठ मैचों में पांच जीत और तीन हार के साथ दस अंक ले अपने बेहतर नेट रन रेट के चलते तीसरे स्थान पर है। पिछले पांच मैचों में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद से चार मैच जीते और मात्र एक हारा है। ऐसे में आईपीएल में देर से जागने के लिए ख्यात मुंबई इंडियंस अपने इस बढ़िया रिकॉर्ड से प्रेरणा लेकर जरूर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत का ‘पंजा’ लगाने की उम्मीद कर सकती है।
देर से टीम से जुड़ने वाले इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक और चोट के चलते बाहर हुए न्यूजीलैंड के मिचेल सेंटनर की जगह दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज के जुड़ने से मुंबई इंडियंस जरूर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपनी जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने की उम्मीद कर सकती है। बीते बरस मुंबई को हैदराबाद से दोनों मैच जिताने में रोहित शर्मा के साथ विल जैक ने गेंद और बल्ले से कमाल कर अहम भूमिका निभाई थी।
मुंबई इंडियंस की समस्या यह है कि न तो उसकी बल्लेबाजी की रीढ़ माने जाने वाले सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा जांघ की चोट के चलते उसे पिछले दो मैचों से उपलब्ध नहीं हैं। रोहित शर्मा और रयान रिकलटन पहले मैच में अर्धशतक जमाकर मुंबई इंडियंस को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ छह विकेट से जीत दिलाने और सूर्य कुमार यादव अब तक आठ मैचों में केवल एक अर्धशतक और तिलक वर्मा के अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक के बूते 99 रन से जीत दिलाने को छोड़ कर रनों के लिए जूझ रहे हैं।
जीत के साथ आगाज करने के बाद मुंबई इंडियंस लगातार चार मैच हारी और छठे में जीत के बाद सातवें में फिर हार गई। सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी के हाथों हार से आगाज के बाद कोलकाता को हरा पहली जीत दर्ज करने के बाद अगले दो मैच हारे, लेकिन इससे आगे के चारों और कुल पांचवीं जीत के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई।
विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (380 रन) एक शतक और तीन अर्धशतक सहित शुरू के आठ मैचों में सबसे ज्यादा रन बना फिलहाल ऑरेंज कैप अपने सिर सजाए हैं और उनके साथ तीन अर्धशतक जड़ने वाले इशान किशन (312 रन) व हेनरिक क्लासेन (349 रन) और ट्रेविस हेड (186 रन) के रूप में शुरू से खासतौर पर पावरप्ले में किसी भी टीम की गेंदबाजी को पस्त करने में सक्षम सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक शीर्ष और मध्यक्रम को रोकना मुंबई इंडियंस के लिए सबसे बड़ी चुनौती है।
अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (7 मैच, 2 विकेट), तीन मैचों में ट्रेंट बोल्ट, एक मैच खेलने वाले कार्बिन बॉश के महज एक-एक विकेट लेने के चलते मुंबई इंडियंस गेंदबाजी इकाई के रूप में बुरी तरह नाकाम रही है। मुंबई इंडियंस के लिए स्पिनर अल्लाह गजनफर (5 मैच, 8 विकेट) ने सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं, जबकि नौजवान अश्विनी कुमार (2 मैच, 6 विकेट), शार्दुल ठाकुर (6 मैच, 6 विकेट), हार्दिक पांड्या (6 मैच, 3 विकेट) भी विकेट के लिए जिस तरह जूझते नजर आए हैं, उसके मद्देनजर सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक, इशान और ट्रेविस हेड के साथ हेनरिक क्लासेन जैसे बल्लेबाजों पर लगाम लगाना मेजबान टीम के लिए बड़ी चुनौती रहेगा। दिलचस्प यह रहेगा कि क्या स्पिनर विल जैक और केशव महाराज की मौजूदगी में मुंबई इंडियंस की टीम सनराइजर्स पर लगाम लगाने में कामयाब रहेगी।
मुंबई इंडियंस के लिए शुरू के सात मैचों में तिलक वर्मा (181 रन) ने एक शतक सहित सबसे ज्यादा रन बनाए हैं, जबकि नमन धीर (154 रन), रोहित शर्मा (4 मैच, 137), रयान रिकलटन (5 मैच, 137 रन), क्विंटन डी कॉक (3 मैच, 132 रन), शेरफन रदरफोर्ड (103 रन) ने एक-एक अर्धशतक बनाया, जबकि खुद कप्तान हार्दिक पांड्या ने 40 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ छह मैचों में 97 रन बनाए हैं। मुंबई की दिक्कत यह है कि पहले मैच को छोड़ कर उसकी बल्लेबाजी पावरप्ले में ही लड़खड़ाती रही है और इस बात को खुद उसके कप्तान हार्दिक पांड्या तक ने माना है।
अब सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज पैट कमिंस (1 मैच, एक विकेट), मौजूदा सीजन में विकेट चटकाने में तीसरे नंबर पर चल रहे इशान मलिंगा (14 विकेट), तेज गेंदबाज साकिब हुसैन (4 मैच, 7 विकेट), प्रफुल्ल हिंगे (3 मैच, 6 विकेट) तथा जयदेव उनादकट (4 मैच, 4 विकेट) के रूप में अपनी मजबूत तेज गेंदबाजी तथा बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे (6 मैच, 8 विकेट) मिलकर मुंबई इंडियंस की पारी शुरू में ही बिखेर कर हार की ओर धकेल सकते हैं।
राजस्थान पर हमारी जीत वाकई बहुत अच्छी रही: कमिंस
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने कहा, ‘मैं आधे सीजन के बाद अपनी टीम की कप्तानी पर पहले ही मैच में जीत पर बहुत खुश हूं। मुझे पूरा विश्वास नहीं था कि मेरे फिर से कप्तानी संभालने के पहले ही मैच में जीत मिल जाएगी। 2026 में जहां तक गेंदबाजों की बात है तो जैसा कि प्रफुल्ल हिंगे ने दिखाया कि एक दो ओवर में पिटाई होने के बाद भी आप वापसी कर सकते हैं। हमारे पास अच्छे तेज नौजवान गेंदबाज हैं। राजस्थान रॉयल्स की टीम बढ़िया खेली और वे हमसे इस मैच में जीत सकते थे। हमारी राजस्थान रॉयल्स पर जीत वाकई बहुत अच्छी रही।’
नए सिरे से योजना बना देखना होगा, क्या कर सकते हैं: हार्दिक पांड्या
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा, ‘पावरप्ले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शुरू में विकेट गंवाने से हमारे लिए मुश्किल हो गई। हमें बेहतर बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। चेन्नई के बल्लेबाज भी उसी पिच पर खेले, जिस पर हमने बल्लेबाजी की। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए संजू सैमसन ने बेहतरीन पारी खेली और उनके साथ बाकी बल्लेबाजों ने बढ़िया पारियां खेल के टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। हमें सुपर किंग्स के बड़े स्कोर को पार कर मैच जीतने के लिए जरूरी था कि पावरप्ले में अच्छी बल्लेबाजी करने के साथ लय भी बनाए रखनी थी, पर हो नहीं पाया। जहां तक टीम में बदलाव की बात है तो इस पर चर्चा होगी। हमें नए सिरे से योजना बना यह देखना होगा कि हम क्या कर सकते हैं।’
बुधवार का मैच: सनराइजर्स हैदराबाद बनाम मुंबई इंडियंस (वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई, शाम साढ़े सात बजे से)।


