-वैभव सूर्यवंशी की फिटनेस को लेकर सवाल
-राजस्थान को जीतना है तो प्रियांश, प्रभसिमरन और श्रेयस को सस्ते में आउट करना होगा
नई दिल्ली, 27 अप्रैल, 2026: श्रेयस अय्यर की अगुआई में सात मैचों में छह जीत और केकेआर के खिलाफ मैच बारिश के चलते बेनतीजा अधूरा रहने के बावजूद सबसे ज्यादा 13 अंकों के साथ शीर्ष पर चल रही विजयरथ पर सवार पंजाब किंग्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अब मंगलवार को अपने घरेलू न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर राजस्थान रॉयल्स को भी हरा कर अजेय रह प्ले ऑफ में स्थान पक्का करने उतरेगी।
प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी के साथ कप्तान श्रेयस अय्यर के बल्लेबाजी इकाई के रूप में दमदार प्रदर्शन से पंजाब किंग्स आसानी से 200 रन बनाने के साथ ही बहुत आसानी से इसके पार पहुंचने में कामयाब रही है। राजस्थान रॉयल्स आठ मैचों में आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद की तरह आठ आठ मैचों में पांच पांच जीत और तीन तीन हार के साथ समान रूप से दस दस अंकों के बावजूद इन दोनों से नेट रन रेट में पिछड़ फिलहाल चौथे स्थान पर है।
बल्लेबाजी की नई सनसनी वैभव सूर्यवंशी के तूफानी शतक के बावजूद राजस्थान रॉयल्स अपने घर जयपुर में छह विकेट पर 226 रन बनाने के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद से आठ गेंदों के बाकी रहते पांच विकेट से हार गई थी। पिछले पांच मैचों में बेशक राजस्थान रॉयल्स ने तीन और पंजाब किंग्स ने दो मैच जीते हैं लेकिन रोचक बात यह है कि सभी मैच खासे संघर्षपूर्ण रहे हैं। ऐसे में राजस्थान और पंजाब किंग्स के बीच मंगलवार को खासे रोचक संघर्ष की उम्मीद है।
राजस्थान रॉयल्स को जीत की राह पर लौटना है तो उसके सबसे कामयाब रफ्तार जोफ्रा आर्चर के साथ संदीप शर्मा को पंजाब किंग्स की प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य की सलामी जोड़ी के साथ कप्तान श्रेयस अय्यर को भी सस्ते में आउट कर पैवेलियन लौटाना होगा। साथ ही राजस्थान को अपनी फील्डिंग और चुस्त करने की जरूरत होगी। वहीं बल्लेबाजी की नई सनसनी वैभव सूर्यवंशी यदि फिट होकर खेलें तो उनके नियमित सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल के साथ ध्रुव जुरेल के रूप में राजस्थान रॉयल्स के शीर्ष तीन बल्लेबाजों पर खासतौर पर पहले बल्लेबाजी पावरप्ले में ही लगाम लगाना पंजाब किंग्स के लिए बड़ी चुनौती होगा।
प्रभसिमरन (76) और कप्तान श्रेयस अय्यर (71*) की तूफानी पारियों की बदौलत पंजाब किंग्स ने मैन ऑफ द मैच केएल राहुल की 152 रन की विलक्षण पारी के बावजूद दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स द्वारा आईपीएल के इतिहास के जीत के लिए रखे सबसे बड़े 265 रन के लक्ष्य को मात्र चार विकेट खोकर सात गेंदों के बाकी रहते हासिल कर जीत हासिल की थी। पिछले मैच में वैभव सूर्यवंशी की जांघ में खिंचाव आ गया और इसके चलते उनके मंगलवार को न्यू चंडीगढ़ में राजस्थान रॉयल्स के लिए पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलने पर सवालिया निशान लग गया है। वैभव यदि फिट नहीं रहते तो फिर उनकी गैरमौजूदगी में बहुत मुमकिन है कि यशस्वी जायसवाल के साथ फिलहाल तीसरे नंबर पर खेल रहे ध्रुव जुरेल राजस्थान रॉयल्स के लिए पारी का आगाज कर सकते हैं, हालांकि टीम एकादश की बाबत अंतिम फैसला संभवतः मैच शुरू होने से पहले ही होगा।
राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव सूर्यवंशी (कुल 357 रन) एक शतक और दो अर्धशतक की बदौलत फिलहाल आठ मैचों के बाद रन बनाने में दूसरे स्थान पर हैं और उनके सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल (255 रन) और ध्रुव जुरेल (232 रन) ने दो-दो अर्धशतक जड़े हैं। पंजाब किंग्स के लिए शुरू के सात मैचों में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (7 विकेट), वैशाख विजयकुमार (6 विकेट), तथा मार्को येनसन, जेवियर बार्टलेट और संदीप शर्मा ने पांच-पांच विकेट चटकाए हैं जबकि लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मात्र चार विकेट चटकाए हैं। राजस्थान के बल्लेबाजों को खासतौर पर पंजाब किंग्स के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल से चौकस रहने की जरूरत होगी।
पंजाब किंग्स के लिए शुरू के सात मैचों के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (279 रन) ने सबसे ज्यादा चार अर्धशतक, सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह (287 रन) ने तीन तथा प्रियांश आर्य (254 रन) और कूपर कोनोली (240 रन) ने दो-दो अर्धशतक जमाए हैं। पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों के सामने राजस्थान रॉयल्स के अंग्रेज तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (13 विकेट) ने सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स के आर्चर के साथ लेग स्पिनर रवि बिश्नोई (11 विकेट), नैंड्रे बर्गर (8 विकेट), रवींद्र जडेजा (6 विकेट), शशांक सिंह (3 विकेट) तथा तेज गेंदबाज ब्रजेश शर्मा (5 मैच, सात विकेट), तुषार देशपांडे (4 मैच, 3 विकेट) से पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों को चौकस रहने की जरूरत होगी।
अब हम पूरा लुत्फ उठाना चाहते हैं: श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, ‘मेरे पास अपनी टीम की दिल्ली कैपिटल्स पर छह विकेट से मिली जीत को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। मैच बेहद चिलचिलाती धूप में खेला गया। हम यह मान कर चल रहे थे कि पिच पर गेंद घूमेगी। पिच पर बहुत ज्यादा टर्न नहीं था, हालांकि पिच पर गेंद कुछ रुक कर जरूर आ रही थी। केएल राहुल को दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार शतकीय पारी के लिए बधाई। मैं बस यही सोच रहा था कि दिल्ली कैपिटल्स जितने भी रन बनाए हम उससे बस एक रन ज्यादा बनाएं। उन्होंने बहुत शॉट खेले। मैंने अपने साथियों से बस यही कहा कि जब दिल्ली के बल्लेबाज बढ़िया शॉट खेल सकते हैं तो हम भी ऐसा कर सकते हैं। हम 220 और 225 रन का लक्ष्य कुछ ओवरों के बाकी रहते हासिल कर चुके थे। हमारी दिल्ली की तरह पावरप्ले में कोशिश ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की थी। अब हम पूरा लुत्फ उठाना चाहते हैं।’
नहीं मालूम कि चंडीगढ़ में नतीजा क्या होगा: रियान पराग राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा, ‘हमने बहुत ज्यादा कैच छोड़े। आप अभिषेक शर्मा जैसे उत्कृष्ट विस्फोटक बल्लेबाज का कैच टपकाना गवारा नहीं कर सकते। हमारा क्षेत्ररक्षण और चुस्त हो सकता था। हमें और सधा और बेहतर खेल दिखाने की जरूरत है। इस लिहाज से क्षेत्ररक्षण खासी अहम भूमिका निभाता है। हम अब जेहनी तौर पर पंजाब किंग्स के खिलाफ तरोताजा होकर खेलने उतरेंगे। हमने 10-15 रन कम बनाए। सच तो यह है कि SRH ने 18 से 20वें ओवर में बढ़िया गेंदबाजी की। SRH के गेंदबाजों ने बढ़िया यॉर्कर फेंकी। हम 15 रन और बनाना चाहते थे। हमने दो बाएं हाथ के बल्लेबाजों को देखते हुए ही लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को देर से मोर्चे पर लगाया। तब मैंने सोचा मेरे लिए विकेट लेने का अच्छा मौका था। पिच स्पिन की मददगार नहीं थी। हम योजना के मुताबिक गेंदबाजी नहीं कर पाए। अलग-अलग मैदान, अलग-अलग मैच में अलग रणनीति बना कर उतरना पड़ता है। मुझे नहीं मालूम कि चंडीगढ़ में नतीजा क्या होगा।’
मंगलवार का मैच: पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स, न्यू चंडीगढ़ (शाम साढ़े सात बजे से)


