Trending News

केदारनाथ धाम के खुले कपाट, सेना ने हेलिकॉप्टर से बरसाए फूल, CM धामी ने की PM मोदी के नाम की पहली पूजा केरलम के त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 13 की मौत:10 शव बरामद, 3 लोगों के शरीर के हिस्से बिखरे मिले, MP के बड़वानी में टैंकर ने कार को रौंदा, 6 की मौत सुप्रीम कोर्ट ने पूरे देश में जारी किए रोडसेफ्टी निर्देश, कहा- खतरे का गलियारा नहीं बनने चाहिए एक्सप्रेसवे, इन सड़कों पर न हो भारी वाहन पार्किंग मौसम: राजस्थान, UP, MP , झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र में लू का अलर्ट, अरुणाचल, असम, मेघालय समेत पूर्वोत्तर के 7 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट केदारनाथ धाम के खुले कपाट, सेना ने हेलिकॉप्टर से बरसाए फूल, CM धामी ने की PM मोदी के नाम की पहली पूजा केरलम के त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 13 की मौत:10 शव बरामद, 3 लोगों के शरीर के हिस्से बिखरे मिले, MP के बड़वानी में टैंकर ने कार को रौंदा, 6 की मौत सुप्रीम कोर्ट ने पूरे देश में जारी किए रोडसेफ्टी निर्देश, कहा- खतरे का गलियारा नहीं बनने चाहिए एक्सप्रेसवे, इन सड़कों पर न हो भारी वाहन पार्किंग मौसम: राजस्थान, UP, MP , झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र में लू का अलर्ट, अरुणाचल, असम, मेघालय समेत पूर्वोत्तर के 7 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर जीत का सिलसिला जारी रखने उतरेगी मुंबई इंडियंस

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को हराकर जीत की राह पर वापसी की है और अब उनका सामना चिर-प्रतिद्वंद्वी चेन्नई सुपर किंग्स से वानखेड़े स्टेडियम में होगा। तिलक वर्मा के शतक और अश्विनी कुमार की गेंदबाजी ने मुंबई को संजीवनी दी है, जबकि सीएसके चोटिल खिलाड़ियों (आयुष म्हात्रे, खलील अहमद) और कप्तान गायकवाड़ की खराब फॉर्म से जूझ रही है।

Published: 16:54pm, 22 Apr 2026

नई दिल्ली, 22 अप्रैल, 2026: तिलक वर्मा के तूफानी शतक और नौजवान तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार के मौके पर गेंद से ‘चौके’ की बदौलत गुजरात टाइटंस को उसके घर में 99 रन से हरा लगातार चार हार के बाद जीत की राह पर वापस लौटी मुंबई इंडियंस अब अपनी तरह पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को भी अपने घर वानखेड़े स्टेडियम में बृहस्पतिवार को हराकर आईपीएल 2026 में जीत का सिलसिला जारी रखने उतरेगी।

चेन्नई सुपर किंग्स की बड़ी चिंता अपने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का शुरू के छह मैचों में रनों के लिए तरसना है। मुंबई इंडियंस का आईपीएल में यह इतिहास रहा है कि वह देर से लय पाकर वापसी करती है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या मुंबई इंडियंस की गुजरात टाइटंस पर जीत के बाद उसका विजयरथ आगे बढ़ेगा या फिर उसकी गाड़ी फिर पटरी से उतर जाएगी।

सदाबहार रोहित शर्मा और रेयन रिकल्टन के अर्धशतकों से मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम पर पहले मैच में केकेआर पर छह विकेट से जीत से आगाज जरूर किया लेकिन इसके बाद ये दोनों ही राह भटक गए। रोहित शर्मा चोट के चलते गुजरात टाइटंस के खिलाफ नहीं खेल पाए थे और यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह सीएसके के खिलाफ मैच के लिए फिट हो पाएंगे।

सीएसके ने मुंबई इंडियंस से बीते बरस मुंबई में पिछले मैच को छोड़ उससे पिछले पांच में से चार मैच जीते हैं। मुंबई इंडियंस ने सीएसके से बीते बरस वानखेड़े में जो मैच जीता था उसमें रोहित शर्मा, रेयन रिकल्टन और सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतक जड़े थे। मौजूदा सीजन में रोहित, रेयन, सूर्य और शेरफन रदरफर्ड ने मुंबई इंडियंस के लिए एक-एक अर्धशतक जड़ा है। सीएसके के लिए खेल रहे सरफराज खान और शिवम दुबे घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेलते हैं और ये दोनों वानखेड़े की पिच से वाकिफ होने के कारण मुंबई के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं।

मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के छह-छह मैचों में चार-चार हार और दो-दो जीत के साथ समान रूप से चार-चार अंक हैं। मुंबई इंडियंस अपने बेहतर नेट रन रेट के चलते सातवें और सीएसके आठवें नंबर पर है। लगातार तीन हार से आगाज के बाद सीएसके अपने घर चेन्नई में पहले संजू सैमसन के शतक से दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से और फिर केकेआर को 32 रन से हरा जीत की राह पर लौटने के बाद पिछले बेहद करीबी मैच में एसआरएच से हैदराबाद में दस रन से हारकर राह भटक गई।

19 बरस के आयुष म्हात्रे का बल्ले से बढ़िया आगाज करने के बाद छह मैचों में दो अर्धशतक सहित 201 रन बनाने और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद के जांघ की मांसपेशी में चोट के कारण मौजूदा आईपीएल से बाहर होने से चेन्नई सुपर किंग्स का टीम संयोजन ही गड़बड़ा गया है। सदाबहार महेंद्र सिंह धोनी का अभी भी अपनी फिटनेस पाने के लिए जूझना और मौजूदा सीजन में न खेल पाना सीएसके को अभी भी बुरी तरह अखर रहा है।

मुंबई इंडियंस के लिए शुरू के छह मैचों में नमन धीर ने एक अर्धशतक सहित सबसे ज्यादा 154 रन, तिलक वर्मा ने एक शतक सहित 144 रन, रोहित शर्मा ने चार मैचों में और रेयन रिकल्टन ने एक-एक अर्धशतक पांच मैचों में समान रूप से 137-137 रन बनाए हैं जबकि क्विंटन डी कॉक ने एक अर्धशतक सहित दो मैचों में 125 रन, सूर्यकुमार यादव ने छह मैचों में एक अर्धशतक सहित 121 रन, कप्तान हार्दिक पांड्या ने पांच मैचों में 40 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 96 रन बनाए हैं। यदि रोहित शर्मा फिट न हुए तो फिर छह मैचों के बाद टीम से जुड़ने वाले विल जैक्स अब क्विंटन डी कॉक के साथ मुंबई इंडियंस की पारी का आगाज करते दिख सकते हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज छह मैचों में सबसे ज्यादा 13 विकेट चटका पर्पल कैप पर कब्जा जमाए हैं और उनसे पार पाना मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों के लिए मुश्किल चुनौती होगा। काम्बोज के साथ ही चेन्नई के लिए तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन ने 5 मैचों में 8 विकेट, गुरजपनीत सिंह और मैट हेनरी ने तीन-तीन मैचों में तथा मुकेश चौधरी ने एक मैच में दो-दो विकेट चटकाए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाज बृहस्पतिवार को गेंदबाजी इकाई के रूप में एक और दमदार प्रदर्शन कर मुंबई की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर अपनी टीम को जीत की राह पर वापस ला सकते हैं।

सीएसके के लिए बड़े जिगरे से बल्लेबाजी कर शुरू के छह मैचों में दो अर्धशतक सहित सबसे ज्यादा रन बनाने वाले आयुष म्हात्रे (201 रन) जांघ में चोट के चलते आईपीएल से बाहर हो चुके हैं। सीएसके के लिए शुरू के छह मैचों में मौजूद सीजन का पहला शतक जड़ रंगत पाने वाले संजू सैमसन (162 रन), एक अर्धशतक जड़ने वाले सरफराज खान (147 रन), शिवम दुबे ने 45 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 125 रन, जेमी ओवरटन ने पांच मैचों में 45 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 103 रन, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने छह मैचों में 82 रन, प्रशांत वीर ने दो मैचों में 49 रन बनाए हैं। ऐसे में सीएसके के लिए बड़ी समस्या होगी कि आयुष म्हात्रे की जगह तीसरे नंबर पर किसे बल्लेबाजी के लिए उतारा जाए।

मुंबई इंडियंस के लिए तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने 5 मैचों में 6 विकेट, अश्विनी कुमार ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहला ही मैच खेल चार विकेट, मिचेल सेंटनर ने तीन मैचों में चार विकेट, हार्दिक पांड्या ने पांच मैचों में 3 विकेट लिए हैं जबकि अनुभवी जसप्रीत बुमराह ने भी मौजूदा सीजन में छठे मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ गेंदबाजी का आगाज कर साई सुदर्शन (0) को मैच की पहली ही गेंद पर कृष भगत के हाथों कैच करा पहला विकेट लिया। इससे साबित हुआ कि मुंबई इंडियंस के लिए जसप्रीत बुमराह से गेंदबाजी का आगाज कराना सबसे बढ़िया विकल्प है।

गुजरात के खिलाफ जीत की हमें शिद्दत से जरूरत थी : हार्दिक पांड्या

कप्तान हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस की दूसरी जीत पर कहा, ‘अपने घर से बाहर जीतना हमेशा बेशक चुनौतीपूर्ण होता है लेकिन हमारी मुंबई इंडियंस के लिए अहमदाबाद हमेशा मुश्किल मैदान रहा है। हमने गुजरात टाइटंस के खिलाफ बढ़िया क्रिकेट खेली। हमारे लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ यह जीत इसलिए खास रही क्योंकि हमें इस जीत की शिद्दत से जरूरत थी। तिलक वर्मा इतने प्रतिभाशाली हैं कि उन्हें कतई चिंतित होने की जरूरत नहीं है। मेरा तिलक को बस यही संदेश था गेंद को देखो और प्रहार करो। तिलक ने सही वक्त पर रंगत दिखाई। तिलक की यह पारी उनके और मुंबई इंडियंस के लिए बहुत जरूरी थी। जसप्रीत बुमराह का छह मैचों में पहला विकेट खासा रोमांचित करने वाला रहा। मैं बराबर यह सुन रहा था कि बुमराह पहला ओवर क्यों नहीं फेंकते लेकिन उन्होंने केवल 7-8 बार ही पहला ओवर फेंका है। यह सिर्फ हार्दिक पांड्या की नहीं बल्कि सबकी समस्या है क्योंकि बुमराह इतने खास गेंदबाज हैं कि आप उन्हें बाद में इस्तेमाल करना चाहेंगे। अश्विनी जैसे नौजवान गेंदबाज ने बीते बरस की तरह इस बार भी मौका मिलने पर बेहतरीन गेंदबाजी की। हमारा क्षेत्ररक्षण भी बढ़िया रहा और नमन धीर की बल्लेबाजी भी काबिलेतारीफ रही।’

हमारे गेंदबाजों ने लगातार तीसरे मैच में बेहतरीन गेंदबाजी की: गायकवाड़

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, ‘सनराइजर्स हैदराबाद के पावरप्ले को देखते हुए मुझे लग रहा था कि उनका स्कोर 220-230 रन तक रहेगा। अगर उनका स्कोर 30 रन भी कम हो जाता तो मैं 200 से कम स्कोर को भी मान लेता। हमें जीत के लिए दस ओवर में बस 80 रन की जरूरत थी और इसके लिए हमें बस कुछ भागीदारियां करनी थी। हमारे गेंदबाजों ने लगातार तीसरे मैच में गेंदबाजी इकाई के रूप में बेहतरीन गेंदबाजी की। आखिरी के मारधाड़ वाले ओवरों में 12-13 रन प्रति ओवर बनाना खासा मुश्किल था। मेरा मानना है सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अभिषेक पावरप्ले में बढ़िया खेले। हमारे तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज अपनी गेंदबाजी खासतौर पर आखिर के मारधाड़ वाले ओवर की गेंदबाजी पर बहुत मेहनत कर रहे हैं। ऐसे गेंदबाज बहुत कम ही मिलते हैं जो कप्तान को साफ-साफ बता सकें कि मुझे मालूम है क्या करना है और मैं वही करने जा रहा हूँ।’

बृहस्पतिवार का मैच : मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (मुंबई, शाम साढ़े सात बजे से)

YuvaSahakar Desk