नई दिल्ली, 2 अप्रैल, 2026
उत्तर प्रदेश के विस्फोटक बल्लेबाज समीर रिजवी ने 47 गेंदों पर पांच छक्कों और चार चौकों की मदद से अविजित 70 रन की पारी खेलने और ट्रिस्टन स्टब्स (अविजित 39) के साथ पांचवें विकेट की 119 रन अटूट भागीदारी कर मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लखनऊ में आईपीएल 2026 में चार विकेट मात्र 24 रन खो देने वाली दिल्ली कैपिटल्स को 17 गेंदों के बाकी रहते छह विकेट से जीत दिला दी। रिजवी ने दिल्ली कैपिटल्स को लगभग अकेले दम उसी तरह जीत दिलाई जिस तरह कूपर कॉनोली ने 72 रन की तूफानी पारी खेल कर पंजाब किंग्स को न्यू चंडीगढ़ में गुजरात टाइटंस के खिलाफ कम स्कोर वाले मैच में जीत दिलाई थी।
टीम में एडेन मार्करम जैसे नियमित ओपनर की मौजूदगी के बावजूद मिचेल मार्श के साथ कप्तान ऋषभ पंत के लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पारी का आगाज करने पर क्रिकेट पंडित अभी भी बहस कर रहे और इसको लेकर राय लगभग बंटी हुई है। ऋषभ पंत (7) बदकिस्मती से तब रनआउट हो गए जब उनके सलामी जोड़ीदार ने दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार की गेंद पर स्ट्रेट ड्राइव की कोशिश की लेकिन गेंद उनके उंगलियों को बस छूभर के दूसरे छोर से क्रीज से जरा बाहर खड़े ऋषभ पंत को छका विकेट पर लग गई और वह रनआउट हो गए। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह अब मौजूदा आईपीएल सीजन में आगे भी पारी का आगाज करना जारी रखेंगे।
ऋषभ पंत के लखनऊ सुपर जायंट्स की मार्श के साथ पारी शुरू करने के चलते ही एडेन मार्करम तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। इसी के चलते निकोलस पूरन एक पायदान नीचे पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मिचेल मार्श और एडेन मार्करम की जोड़ी कुल 445 रन बना कर आईपीएल 2025 की दूसरी सबसे कामयाब सलामी जोड़ी रही थी।
लखनउ सुपर जायंट्स की हार के बाद जब उसके कप्तान ऋषभ पंत से पूछा गया कि क्या वह अब मौजूदा आईपीएल सीजन में आगे भी पारी का आगाज जारी रखेंगे तो उन्होंने कहा, ‘मैं मौजूदा सीजन में आगे भी पारी का आगाज जारी भी रख सकता हूं और नहीं भी। यह 50-50 का मामला है। बस एक बात पक्की है, आप इस सीजन में मुझे शीर्ष क्रम में ही बल्लेबाजी करता देखेंगे। निकोलस पूरन को पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने के पीछे सोच एकदम साफ थी। निकोलस पूरन बीच के ओवरों में बल्लेबाजी का जिम्मा उठाएं।’
पंत ने कहा कि पूरन अब शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी नहीं कर रहे हैं क्योंकि मैं शीर्ष क्रम में खेल रहा हूं। पूरन और आयुष बडोनी का बल्लेबाजी क्रम आपस में इसलिए बदला गया क्योंकि हम शीर्ष क्रम में क्रीज पर बाएं और दाएं हाथ का बल्लेबाज चाहते थे जिससे कि दिल्ली कैपिटल्स अपने बाएं हाथ के स्पिनरों को मोर्चे पर नहीं लगा सके। बदकिस्मती से मैं गलत समय पर आउट हो गया। अन्यथा अक्षर पटेल को पावरप्ले में एक ओवर करना पड़ता और इससे हमें दिल्ली कैपिटल्स पर दबाव बनाने का मौका मिल सकता था। यह सब खेल का हिस्सा है। हमने आयुष बडोनी के लिए यही भूमिका तय की है। जब हालात इस तरह मुश्किल हों और हम शुरू में विकेट गंवा दें तो तब उन्हें अपनी छाप छोड़ने की जरूरत है।
ऋषभ पंत ने कहा कि हमने जिस तरह बल्लेबाजी की और कोई बड़ी भागीदारी नहीं बना पाए तो हमें तब ऐसे किसी बल्लेबाज को उतारना पड़ा जो कि गेंदबाजी भी कर सके। अच्छी पिच पर हमने कम रन बनाए इसीलिए इम्पैक्ट खिलाड़ी का विकल्प ले हमें दिग्वेश राठी की जगह ऑलराउंडर शाहबाज अहमद को इम्पैक्ट खिलाड़ी के रूप में उतारना पड़ा। साथ ही अतिरिक्त रन देना भी ऐसे में बहुत अखरता है। जब पिच इस तरह की हो तो आप बहुत ज्यादा प्रयोग करते हैं। खासकर जब 140 जैसे स्कोर जहां उन्हें आउट करना जरूरी था, क्योंकि अगर वे सहज हो खेलते तो भी वे आसानी से जीत सकते थे। हम शुरू में उनके कुछ अतिरिक्त विकेट चटका कर जरूर उन्हें पीछे धकेल संघर्ष पर मजबूर कर सकते थे।
मैं अपनी टीम की गेंदबाजी से खुश हूं : अक्षर पटेल
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, ‘मैच जल्दी खत्म हो गया लेकिन बीच में जरूरी करीब हो गया। नई गेंद हरकत कर रही थी। ऐसे में हमारे बीच चर्चा बड़ी भागीदारी करने की हुई। हमने मैच को खत्म भी बढ़िया ढंग से किया। मैं अपनी टीम की गेंदबाजी से खुश हूं। हमें मालूम था कि गेंद शुरू में सीम के साथ स्विंग भी हो रही थी। हमने नई गेंद से गेंदबाजी करने वाले अपने गेंदबाजों से भी यह कहा और उन्होंने बढ़िया गेंदबाजी की। बाउंड्री काफी बड़ी थी। मैंने ऐसा महसूस किया कि पिच तेज गेंदबाजों की मददगार है और इसीलिए मैंने अपने से पहले गेंदबाजी कराई। योजना थी कि रिजवी को जल्दी लाया जाए। अगर पारी की शुरुआत अच्छी होती तो आशुतोष शर्मा भी एक विकल्प थे। पिछले साल आशुतोष ने पहले ही मैच में खुद को साबित किया और इस बार रिजवी ने भी ऐसा ही किया। रिजवी अभ्यास में बहुत बढ़िया दिखे थे।‘
जानते थे जमने पर अपना नैसर्गिक खेल खेल सकते हैं : समीर रिजवी
‘मैन ऑफ द मैच’ बने दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी ने कहा, ‘मुझे बताया गया कि मैं चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करूंगा और कोचों ने मुझे काफी मदद की। अपने घर में खेलते हुए आप स्थितियों से वाकिफ होते हैं और इससे मदद मिलती है। हमारी उत्तर प्रदेश की राज्य क्रिकेट लीग भी लखनऊ में ही होती है। मैं पावरप्ले में सकारात्मक रहना चाहता था लेकिन इस दौरान कई विकेट गिरने से स्थिति बदल गई और तब स्टब्स ने मुझसे कहा कि मैं हालात का सम्मान करूं। हम जानते थे कि एक बार जमने के बाद हम दोनों अपना नैसर्गिक खेल खेल सकते हैं। ऐसा नहीं था कि मैं अर्द्धशतक पूरा करने के बाद मैंने प्रहार करना शुरू किया। मैं ढीली गेंदों को उड़ाना चाहता था और मुझे यदि ढीली गेंद मिली तो मैं उस पर बाउंड्री लगाऊंगा।’


