Trending News

 LPG पर बोले PM नरेंद्र मोदी- देश में पैनिक फैलाने की कोशिश कर रहे कुछ लोग, देशवासियों को किया आश्वस्त, कहा- अपनी ऊर्जा सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है सरकार, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई          आज प्रधानमंत्री जारी करेंगे पीएम-किसान की 22वीं किस्त, 9.32 करोड़ किसानों को मिलेंगे 18,640 करोड़ रुपये         किसानों को सहकारी बैंक से 7 दिन में फसल ऋण, e-KCC से सिर्फ 2 दिन में लोन की सुविधा, समय पर लोन चुकाने पर 3% ब्याज की छूट, राज्यसभा में अमित शाह ने दी जानकारी         भारत बनेगा बन रहा दुनिया का फूड बास्केट, 9 FTA से भारत के लिए 38 देशों के बाजार खुले, AAHAR के 40वें संस्करण को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दी जानकारी         जल जीवन मिशन 2.0 को केंद्र सरकार ने दी मंजूरी, दिसंबर 2028 तक हर ग्रामीण घर में होगा नल से जल, 8.69 लाख करोड़ रुपये का बजट तय किया गया         मार्च में मौसम में लगातार बदलाव, गुजरात-राजस्थान में हीटवेव और लू का ऑरेंज अलर्ट, महाराष्ट्र में हीटवेव का यलो अलर्ट, 13 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट       

मुमकिन है आईपीएल 2026 में धोनी को हम सीएसके के लिए पीली जर्सी में आखिरी बार खेलता देखें : इरफान पठान

सवाल धोनी की फिटनेस, उनके बल्लेबाजी क्रम को लेकर है, अभी भी बड़ा सवाल है क्या धोनी सभी मैच खेलेंगे, संजू के सीएसके से जुड़ने से कप्तान ऋतुराज और ज्यादा खुल कर खेल सकते हैं, सीएसके सोच बदल नौजवान और कम अनुभवी खिलाड़ियों के साथ आगे बढ़ी है

भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने जियो हॉटस्टार पर ‘गेम प्लान’ कार्यक्रम में कहा कि बेशक महेंद्र सिंह धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम आईपीएल में अधूरी है। इरफान ने कहा, “धोनी के बिना सीएसके और आईपीएल की कल्पना करना भी मुश्किल है। मुमकिन है कि आईपीएल 2026 सीजन में हम धोनी को सीएसके के लिए पीली जर्सी में आखिरी बार खेलते देखें।

धोनी इस सीजन में सभी को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुझे नहीं मालूम कि वह सीएसके के लिए कितने मैच खेलेंगे। बावजूद इसके, ड्रेसिंग रूम में धोनी की मौजूदगी से ही बहुत मदद मिलती है।

भारत को हाल ही में टी20 क्रिकेट विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले और अब आईपीएल में सीएसके टीम का हिस्सा बने संजू सैमसन भी इससे लाभान्वित होंगे, क्योंकि वह लीडरशिप ग्रुप का भी हिस्सा हैं।

ऋतुराज गायकवाड़ सीएसके के लीडर हैं। बतौर ग्रुप दो या तीन खिलाड़ियों को भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है। ऐसे में अनुभवी धोनी की भूमिका अहम हो जाती है। मुझे उम्मीद है कि धोनी कुछ बदलाव लाएंगे।

सवाल धोनी की फिटनेस और उनके बल्लेबाजी क्रम को लेकर है। अभी भी बड़ा सवाल यही है कि क्या धोनी सभी मैच खेलेंगे? सीएसके टीम प्रबंधन कदम-दर-कदम आगे बढ़ेगा। सीएसके की कोशिश बेशक छठी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतकर धोनी को शानदार विदाई देने की होगी।

संजू सैमसन के सीएसके से जुड़ने से कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर से दबाव कम हो सकता है। इससे ऋतुराज और ज्यादा खुलकर खेल सकते हैं। हमने ऋतुराज को एक लीडर के रूप में उभरते देखा है। आईपीएल में कप्तानी करना और धोनी की विरासत को आगे ले जाना आसान नहीं है। अपने करियर में धोनी की विरासत को आगे ले जाना सबसे मुश्किल काम है।

लेकिन धोनी के समर्थन और अब संजू के सहयोग से ऋतुराज को हमेशा फायदा होगा। सीएसके की टीम को देखना और खिलाड़ियों के संभावित संयोजन के बारे में सोचना दो अलग-अलग बातें हैं।

अतीत में सीएसके की कामयाबी का मंत्र अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा करना रहा है। हालांकि अब सीएसके ने अपनी सोच बदली है और टीम नौजवान व कम अनुभवी खिलाड़ियों के साथ आगे बढ़ रही है। वे अब भविष्य के लिए खिलाड़ियों को तैयार कर रही है।

सीएसके की टीम में अभी भी डेवाल्ड ब्रेविस, उर्विल पटेल, शिवम दुबे और सरफराज खान जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं। मैं यह देखना चाहूंगा कि वे इस आईपीएल में किस तरह आगे बढ़ते हैं।

उन्होंने आगे कहा, “रवींद्र जडेजा अपने अनुभव के साथ वह खिलाड़ी बने हैं जो वह आज हैं। जडेजा जब शुरुआती दो आईपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले थे, तब तत्कालीन कप्तान शेन वॉर्न ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि वह भविष्य के सुपरस्टार हैं। इससे जडेजा का आत्मविश्वास काफी बढ़ा।

समय की भट्टी में तपकर वह उस स्तर पर पहुंचे हैं जहां वह आज हैं। 2012 में जडेजा सीएसके से जुड़े थे। ऐसा ही अब नवोदित प्रशांत वीर के साथ भी हो सकता है।

सीएसके के लिए कम उम्र में खेलना आपको मजबूत आधार देता है। यदि आप आईपीएल सीजन की शुरुआत से ही सीएसके की शुरुआती एकादश में हैं, तो आपको ज्यादा मैच खेलने को मिलते हैं और यही सबसे बड़ी बात है। सभी फ्रेंचाइजी ऐसा नहीं करतीं, वे अलग तरीके से काम करती हैं।

सीएसके नौजवान खिलाड़ियों के लिए चीजें बेहद सहज रखती है। धोनी जैसे अनुभवी खिलाड़ी और स्टीफन फ्लेमिंग की चीफ कोच के रूप में मौजूदगी से मैदान के भीतर और बाहर चीजें आसान हो जाती हैं। आईपीएल जैसे बड़े दबाव वाले माहौल में यह सादगी काफी मददगार साबित होती है।

ऐसे में कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर को सीएसके के लिए खेलने से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।

वहीं पीयूष चावला का कहना है कि संजू सैमसन के सीएसके से जुड़ने से उसकी सलामी जोड़ी की परेशानी हल हो जाएगी। पीयूष ने कहा, “संजू सैमसन अपने आप में मैच विनर हैं। उन्होंने हाल ही में खत्म हुए टी20 विश्व कप में वेस्ट इंडीज के खिलाफ सुपर-8, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में लगातार तीन अर्धशतक लगाकर अपने आलोचकों को गलत साबित किया है।

संजू आईपीएल से ठीक पहले शानदार फॉर्म में आए हैं और सीएसके उनकी इस फॉर्म से बहुत खुश होगी। यह सीएसके के फैंस के लिए भी अच्छी खबर है।

चेन्नई की पिच संजू की बल्लेबाजी शैली के लिए काफी अनुकूल है। उनके आक्रामक अंदाज में पारी की शुरुआत करने से सीएसके को बहुत फायदा मिलेगा। पिछले आईपीएल सीजन में सीएसके तेज शुरुआत के लिए तरस गई थी।

नौजवान आयुष म्हात्रे के जुड़ने के बाद भी टीम को पावरप्ले में वैसी शुरुआत नहीं मिल पाई थी। अब सैमसन के जुड़ने से सलामी जोड़ी की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है।

सीएसके को आयुष म्हात्रे के साथ एक अनुभवी सलामी बल्लेबाज की जरूरत थी और सैमसन का टीम में आना एक बेहतरीन सौदा साबित हो सकता है।

YuvaSahakar Desk

Recent Post