Trending News

 भारत में पहली बार सुप्रीम कोर्ट ने दी इच्छामृत्यु की इजाजत, 13 वर्ष से अचेत अवस्था में बिस्तर पर पड़े गाजियाबाद के हरीश राणा के माता-पिता की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने दी इजाजत         13 मार्च को जारी होगी पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त, किसानों के खाते में आएंगे 2-2 हजार रुपये         ईरान जंग से कच्चे तेल में लगी आग की तपिश मंगलवार को थोड़ी कम हुई, सोमवार को 116 डॉलर प्रति बैरल पर पहुँचने के बाद ब्रेंट क्रूड मंगलवार को 91.55 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया         भारत बना T-20 विश्वकप 2026 का विजेता, न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर जीता तीसरा खिताब, जसप्रीत बुमराह बने प्लेयर ऑफ द मैच, संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द सीरीज         वर्ष 2026-27 में 3.03 करोड़ टन गेहूं और 76 लाख टन धान की MSP पर होगी खरीद, केंद्र सरकार का बड़ा फैसला         चंडीगढ़ में सजेगा एग्री-टेक महाकुंभ, सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में 13 से 15 मार्च तक कृषि मैक एक्सपो का आयोजन, आधुनिक खेती की दिखेगी झलक, नई तकनीक और यंत्रों की मिलेगी जानकारी       

सूर्य के नेतत्व व हेड कोच गंभीर के मार्गदर्शन में भारत ने टी 20 क्रिकेट विश्व कप में बेहतरीन क्रिकेट खेली: मनहास

बीसीसीआई ने भारत को टी 20 क्रिकेट विश्व कप जीतने पर दी बधाई

सूर्य कुमार यादव की अगुआई में भारत ने अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में रविवार रात 96 रन से हराकर खिताब बरकरार रखा और रिकॉर्ड तीसरी बार चैंपियन बना। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस ऐतिहासिक जीत पर टीम इंडिया को बधाई दी।

कप्तान सूर्य कुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में टीम ने टी20 क्रिकेट विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में बेखौफ और आक्रामक क्रिकेट खेलते हुए, अनुशासित गेंदबाजी और बेहद चुस्त क्षेत्ररक्षण की बदौलत लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। बीसीसीआई ने हेड कोच गौतम गंभीर और पूरे सपोर्ट स्टाफ के नेतृत्व, योजना और तैयारी की सराहना की, जिसकी बदौलत भारत की आत्मविश्वास से भरी एक संतुलित टीम तैयार हुई, जो दबाव में भी अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कहा कि वह पुरुष चयन समिति की भी सराहना करता है, जिसने अनुभवी और युवा ऊर्जावान खिलाड़ियों के समूह की पहचान कर उन पर भरोसा जताया, जिसके परिणामस्वरूप सबसे बड़े मंच पर शानदार प्रदर्शन करने वाली टीम तैयार हो पाई।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में खेला गया टी20 क्रिकेट विश्व कप फाइनल भारतीय क्रिकेट के इतिहास के एक खास अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। भारत की टी20 विश्व कप की यह खिताबी जीत विश्व क्रिकेट में उसके निरंतर वर्चस्व का भी प्रमाण है। ऐसे दौर में जब राष्ट्रीय क्रिकेट टीम से अपार अपेक्षाएं थीं, तब भारतीय खिलाड़ियों ने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए अपने यादगार प्रदर्शन से सभी को खुश कर दिया।

भारत फिलहाल आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप चैंपियन, आईसीसी महिला वनडे विश्व कप चैंपियन, आईसीसी महिला अंडर-19 विश्व कप चैंपियन, आईसीसी पुरुष अंडर-19 विश्व कप चैंपियन और आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी का विजेता है। पुरुष, महिला और आयु वर्ग में भारत की यह शानदार कामयाबी उसकी ताकत, निरंतरता और गहराई को दर्शाने के साथ-साथ बीसीसीआई की उस मजबूत व्यवस्था को भी दर्शाती है, जो प्रतिभाओं को निखारने और क्रिकेट के उच्चतम स्तर पर उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

भारतीय पुरुष टीम को टी20 क्रिकेट विश्व कप जीतने पर बीसीसीआई के अध्यक्ष मिथुन मनहास ने बधाई देते हुए कहा, “भारतीय पुरुष टीम का आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप जीतना पूरे देश के लिए बेहद गर्व की बात है। भारत का खिताब बरकरार रखना और यह उपलब्धि अपनी ही धरती पर हासिल करना इसे और खास बना देता है। कप्तान सूर्य कुमार यादव के नेतृत्व और हेड कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप में बेहतरीन क्रिकेट खेली। मैं भारतीय टीम के हर सदस्य, कोचिंग स्टाफ और चयनकर्ताओं को इस खास उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं।”

यह भारतीय क्रिकेट का स्वर्णिम दौर है : साइकिया

बीसीसीआई के मानद सचिव देवजीत साइकिया ने कहा, “यह भारतीय क्रिकेट का स्वर्णिम दौर है। भारत ने दो बड़े आईसीसी टूर्नामेंट- बीते वर्ष आईसीसी महिला वनडे क्रिकेट विश्व कप और इस वर्ष आईसीसी टी20 पुरुष क्रिकेट विश्व कप- की मेजबानी की और दोनों में ही चैंपियन बनना वास्तव में बड़ी उपलब्धि है। यह सफलता प्रगतिशील योजना, दूरदर्शिता और वर्षों से रखी गई मजबूत नींव का भी प्रतिबिंब है। जय शाह के कार्यकाल के दौरान उनके योगदान ने भारतीय क्रिकेट के ढांचे और दुनिया भर में उसकी प्रतिष्ठा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। कप्तान सूर्य कुमार यादव और उनके निडर साथियों, हेड कोच गौतम गंभीर की अगुआई वाले टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं को एक बार फिर विश्व मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली संतुलित टीम तैयार करने के लिए बधाई।”

भारत ने दबाव में गजब का धैर्य और आत्मविश्वास दिखाया : राजीव शुक्ल

बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ल ने कहा, “भारत की यह खिताबी जीत खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के पूरे टी20 विश्व कप के दौरान संयुक्त प्रयास, शानदार तैयारी और प्रतिबद्धता का परिणाम है। भारत ने दबाव में गजब का धैर्य और आत्मविश्वास दिखाया, जो चैंपियन टीमों की पहचान होती है। अपने घरेलू प्रशंसकों के सामने आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप जीतना इसे और भी खास और यादगार बनाता है। मैं आईसीसी अध्यक्ष जय शाह के प्रयासों की भी सराहना करता हूं, जिनके मजबूत नेतृत्व में क्रिकेट का वैश्विक विकास हो रहा है। हम आईसीसी का इतने शानदार टूर्नामेंट के आयोजन के लिए आभारी हैं, जिसमें सभी को सर्वश्रेष्ठ टी20 क्रिकेट देखने को मिली।”

भारत ने गजब का एका, अनुशासन और जीवट दिखाया : भाटिया

बीसीसीआई के संयुक्त सचिव प्रभतेज भाटिया ने कहा, “भारतीय टीम ने टी20 क्रिकेट विश्व कप के दौरान गजब का एका, अनुशासन और जीवट दिखाया। भारतीय खिलाड़ियों ने पहले मैच से ही खुद पर भरोसा जताया और वे साफ एक मकसद के लिए खेलते नजर आए, जो उनके प्रदर्शन में भी दिखाई दिया। यह सफलता आज भारतीय क्रिकेट की पहचान बन चुकी पेशेवर प्रतिबद्धता और अनुशासन को दर्शाती है। मैं भारतीय खिलाड़ियों, हेड कोच गौतम गंभीर की अगुआई वाले कोचिंग स्टाफ और चयनकर्ताओं को इतनी बेहतरीन टीम तैयार कर इस यादगार उपलब्धि तक पहुंचाने के लिए धन्यवाद देता हूं।”

भारत की खिताबी जीत मजबूत क्रिकेट इकोसिस्टम का प्रमाण : रघुराम भट्ट

बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष ए. रघुराम भट्ट ने कहा, “भारत की खिताबी जीत देश में क्रिकेट के मजबूत इकोसिस्टम और हर स्तर पर इसके विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रमाण है। खिलाड़ियों के समर्पण, कोचिंग स्टाफ के मार्गदर्शन और उपलब्ध ढांचे ने इस शानदार सफलता में अहम योगदान दिया है। पूरा देश भारत की टी20 विश्व कप की खिताबी जीत का जश्न मना रहा है। यह जीत देशभर में क्रिकेट की अगली पीढ़ी के लिए बड़ी प्रेरणा साबित होगी।”

YuvaSahakar Desk

Recent Post