Trending News

 पीएम मोदी का केरल और तमिलनाडु दौरा: दोनों राज्यों में कुल 16,450 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन-शिलान्यास करेंगे         13 मार्च को जारी होगी पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त, किसानों के खाते में आएंगे 2-2 हजार रुपये         ईरान जंग से कच्चे तेल में लगी आग की तपिश मंगलवार को थोड़ी कम हुई, सोमवार को 116 डॉलर प्रति बैरल पर पहुँचने के बाद ब्रेंट क्रूड मंगलवार को 91.55 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया         भारत बना T-20 विश्वकप 2026 का विजेता, न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर जीता तीसरा खिताब, जसप्रीत बुमराह बने प्लेयर ऑफ द मैच, संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द सीरीज         वर्ष 2026-27 में 3.03 करोड़ टन गेहूं और 76 लाख टन धान की MSP पर होगी खरीद, केंद्र सरकार का बड़ा फैसला         चंडीगढ़ में सजेगा एग्री-टेक महाकुंभ, सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में 13 से 15 मार्च तक कृषि मैक एक्सपो का आयोजन, आधुनिक खेती की दिखेगी झलक, नई तकनीक और यंत्रों की मिलेगी जानकारी       

भारत ने तीसरी बार टी 20 विश्व कप खिताब जीत रचा नया इतिहास

सूर्य कुमार यादव की कप्तानी में भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी और कुल तीसरी बार आईसीसी टी20 विश्व कप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। संजू सैमसन के 89 रन और जसप्रीत बुमराह के 4 विकेट (4/15) की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रनों का विशाल स्कोर बनाया और न्यूजीलैंड को 159 रन पर समेट दिया। भारत अपने घर में विश्व कप जीतने वाला पहला देश बना और संजू सैमसन 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुने गए।

सूर्य कुमार यादव की अगुआई में भारत ने न्यूजीलैंड को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में रविवार रात दसवें आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में 96 रन से हरा खिताब बरकरार रख इतिहास दोहराने के साथ इतिहास को हरा भी दिया। भारत की टीम अपने घर में खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई। भारतीय टीम फाइनल जीत कर लगातार दूसरी और कुल तीसरी बार टी20 विश्व कप खिताब जीतने वाली इतिहास की पहली टीम बन गई।

गौतम गंभीर बतौर क्रिकेटर और चीफ कोच टी20 क्रिकेट विश्व कप जीतने वाले पहले भारतीय बन गए। महेंद्र सिंह धोनी (2007) और रोहित शर्मा (2024) के बाद सूर्य कुमार यादव भारत को टी20 क्रिकेट विश्व कप खिताब जिताने वाले तीसरे कप्तान बन गए। अभिषेक शर्मा की गेंद पर जैसे ही जैकब डफी (3 रन, 5 गेंद) को तिलक वर्मा ने लॉन्ग ऑन पर लपक न्यूजीलैंड की पारी समेट भारत को लगातार दूसरी बार खिताब जिताया तो तिरंगे लहरा उठे व 86 हजार दर्शकों ने एक साथ वंदे मातरम गा कर स्टेडियम गुंजा दिया।

भारत ने यह खिताब जीतने के साथ 2023 में ऑस्ट्रेलिया के हाथों अहमदाबाद में वनडे विश्व कप फाइनल में छह विकेट से हार की कसक भी मिटा दी। भारत इससे पहले टी20 विश्व कपों में न्यूजीलैंड से तीन बार हार चुका था। भारत ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के सिलसिले को फाइनल में तोड़ उसके खिलाफ पहली जीत के साथ तीसरी बार खिताब जीत नया इतिहास रच दिया। मौजूदा संस्करण में भारत को इकलौती हार अहमदाबाद में सुपर 8 में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 76 रन से झेलनी पड़ी थी।

संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने न्यूजीलैंड द्वारा पहले बल्लेबाजी की दावत दिए जाने पर भारत की पारी का आगाज किया और मैट हेनरी के पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ भारत का खाता खोलने के बाद अगली गेंद पर एक रन लिया और इस ओवर में सात रन बने। दूसरे छोर से ऑफ स्पिन ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड के लिए गेंदबाजी शुरू की। अभिषेक शर्मा ने संभल कर आगाज करने के बाद पारी के तीसरे ओवर में तीन चौके जड़ भारत के स्कोर को तीन ओवर में 27 रन तक पहुँचाया। हेनरी के दूसरे ओवर में 19 रन बने इसमें संजू व अभिषेक ने एक-एक छक्का जड़ा।

चौथा ओवर लॉकी फर्गुसन ने फेंका और इसमें अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने एक-एक छक्का और एक-एक चौका जड़कर 24 रन बटोरे। सैमसन और अभिषेक ने शुरू के चार ओवर में 51 रन बनाए। इसके बाद अभिषेक ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी के दूसरे और पावरप्ले के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर, जो इस ओवर का तीसरा चौका था, जड़कर 18 गेंदों में अपना दूसरा अर्द्धशतक तीन छक्कों और छह चौकों की मदद से पूरा किया। अभिषेक ने इस टी20 विश्व कप के नॉकआउट में सबसे तेज अर्द्धशतक जड़ा। इससे पहले इंग्लैंड के जैकब बैथल ने भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में 19 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया था। भारत ने छह ओवर के पहले पावरप्ले में बिना क्षति 92 रन बनाए। तब अभिषेक 51 और संजू सैमसन 17 गेंद खेल तीन छक्कों और दो चौकों की मदद से 33 रन बनाकर क्रीज पर थे।

न्यूजीलैंड के कप्तान बाएं हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनर ने पावरप्ले के बाद पहले और पारी के सातवें ओवर में कसी गेंदबाजी कर छह रन दिए। अभिषेक शर्मा (52 रन, 21 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) बाएं हाथ के स्पिनर रचिन रवींद्र के पहले और पारी के आठवें ओवर की पहली ऑफ स्टंप पर पड़ कर बाहर निकलती गेंद को कट करने की कोशिश में विकेटकीपर सीफर्ट को कैच थमा बैठे और भारत ने पहला विकेट 98 रन पर खो दिया। तब संजू सैमसन 38 रन पर थे। इशान किशन ने तीसरे नंबर पर उतर कर रचिन रवींद्र के इस ओवर की आखिरी दो गेंदों पर दो चौके लगाए और इसमें विकेट लेने के बावजूद उन्होंने 12 रन दिए।

भारत ने शुरू के 10 ओवर में एक विकेट पर 127 रन बनाए। संजू सैमसन ने मिचेल सेंटनर के तीसरे ओवर की आखिरी गेंद को लॉन्ग ऑन पर खेल 33 गेंद में तीन छक्कों और चार चौकों की मदद से अपना लगातार तीसरा अर्द्धशतक पूरा किया। भारत ने 11.3 ओवर में एक विकेट पर 150 रन पूरे किए। लॉकी फर्गुसन ने अपने दूसरे व पारी के 12वें ओवर में भी 24 रन दिए और इसमें सैमसन ने दो छक्के व एक चौका तथा इशान ने एक छक्का जड़ा। भारत ने 13 ओवर में एक विकेट पर 171 रन बनाए।

संजू ने पारी के 14वें व रचिन रवींद्र के तीसरे ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर लॉन्ग ऑन, मिड विकेट और कवर के ऊपर से लगातार तीन छक्के जड़े और इसमें 20 रन बने। भारत ने 14 ओवर में एक विकेट पर 191 रन बनाए। इशान ने पारी के 15वें और मिचेल सेंटनर के चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर हेलीकॉप्टर शॉट खेल 23 गेंद में चार छक्कों व तीन चौकों की मदद से अपना इस संस्करण का तीसरा अर्द्धशतक पूरा कर दूसरे विकेट के लिए शतकीय भागीदारी पूरी की।

जेम्स नीशम ने पारी के 16वें और अपने तीसरे ओवर में सबसे पहले संजू सैमसन (89 रन, 46 गेंद, आठ छक्के व पांच चौके) को आउट किया, जो ऊंची फुलटॉस को उड़ाने की कोशिश में स्थानापन्न खिलाड़ी कोल मैकोन्की को लॉन्ग ऑन पर कैच थमा बैठे। भारत ने 15.1 ओवर में दूसरा विकेट 203 रन पर खोया। इशान किशन (54 रन, 25 गेंद, चार छक्के, चार चौके) उनकी फुलटॉस को उड़ाने गए और मार्क चैपमैन ने लॉन्ग ऑन पर उनका कैच लपका। अगली गेंद पर कप्तान सूर्य कुमार (0 रन, 1 गेंद) ने लैप शॉट लगाने की कोशिश की और रचिन रवींद्र ने दौड़ते हुए डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर बढ़िया कैच लपका और भारत ने चौथा विकेट 210 पर खो दिया।

नीशम ने अपने इस ओवर में मात्र एक रन देकर तीन विकेट चटकाए। हार्दिक पांड्या (18 रन, 13 गेंद, एक छक्का, एक चौका) पारी के अंतिम पूर्व ओवर में मैट हेनरी की गेंद को उड़ाने की कोशिश में मिचेल सेंटनर को मिड ऑफ पर कैच थमा बैठे। अंत में शिवम दुबे ने 9 गेंदों पर दो छक्कों और तीन चौकों की मदद से अविजित 26 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने नीशम के आखिरी ओवर में दो छक्कों व तीन चौकों की मदद से 24 रन बना भारत को 250 के पार पहुँचाया। निर्धारित 20 ओवर में भारत ने पांच विकेट पर 255 रन का पहाड़ सा स्कोर बनाया।

 पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। फिन एलन (0) गेंदबाज अर्शदीप सिंह के पहले ओवर की चौथी आउट स्विंग गेंद को उड़ाने गए लेकिन शिवम दुबे मिडऑफ से पीछे दौड़ते हुए कैच को लपक नहीं पाए। हालांकि, फिन एलन (9 रन, 7 गेंद, एक चौका) भारत के उपकप्तान बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल के पहले और पारी के तीसरे ओवर की ऑफ स्टंप पड़ कर बाहर घूमी गेंद को उड़ाने गए लेकिन तिलक वर्मा ने दौड़ते हुए लॉन्ग ऑन पर उनका कैच लपका और न्यूजीलैंड ने पहला विकेट 31 रन पर खो दिया।

रचिन रवींद्र (1 रन, 2 गेंद) जसप्रीत बुमराह के पहले और पारी के चौथे ओवर की लेग स्टंप पर गेंद को उड़ाने गए और इशान किशन ने डीप स्क्वायर लेग से दौड़ कर उनका बढ़िया कैच लपका। न्यूजीलैंड का दूसरा विकेट 32 रन पर गिरा। ग्लेन फिलिप्स (5 रन, 5 गेंद, एक चौका) अक्षर पटेल की गेंद पर चौका जड़ने के बाद उनकी चौथी तेजी से स्पिन होकर भीतर आती गेंद को उड़ाने गए और उनका मिडल स्टंप उड़ गया। न्यूजीलैंड ने तीसरा विकेट पांचवें ओवर में 47 रन पर खो दिया। छह ओवर के पावरप्ले में न्यूजीलैंड ने तीन विकेट खोकर 52 रन बनाए।

मार्क चैपमैन (3 रन, 8 गेंद) हार्दिक पांड्या की कोण बनाती गेंद को कट करने की कोशिश में बोल्ड हो गए और न्यूजीलैंड ने चौथा विकेट 70 रन पर खो दिया। टिम सीफर्ट (52 रन, 26 गेंद, पांच छक्के, दो चौके) पारी के दसवें व मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के दूसरे ओवर की पहली फ्लाइटेड गेंद को पुल करने की कोशिश में मिडविकेट पर इशान किशन को कैच थमा बैठे।

अक्षर पटेल ने पारी के 13वें और अपने तीसरे ओवर में डैरल मिचेल (17 रन, 11 गेंद, दो छक्के) को फुलटॉस पर बड़े स्ट्रोक के लिए ललचा कर इशान किशन के हाथों डीप मिड विकेट पर कैच कराया। न्यूजीलैंड का छठा विकेट 124 रन पर गिरा। बुमराह ने पारी के 16वें ओवर में जेम्स नीशम (8 रन, 7 गेंद, एक चौका) को बोल्ड किया और अगली ही गेंद पर मैट हेनरी (0) को यॉर्कर पर बोल्ड कर न्यूजीलैंड को हार की ओर धकेल दिया। बुमराह ने अपने चौथे ओवर में कप्तान सेंटनर (43 रन, 35 गेंद, दो छक्के, 3 चौके) को बोल्ड कर स्कोर 9 विकेट पर 152 कर दिया। अभिषेक शर्मा ने मैच के अंतिम पूर्व ओवर में जैकब डफी को कैच कराकर न्यूजीलैंड की पारी 19 ओवर में 159 रन पर समेट दी।

फाइनल सहित पिछले तीन मैचों में तीन अर्द्धशतक जड़ने वाले भारत के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन (कुल 321 रन) टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (Player of the Tournament) घोषित किए गए। मैन ऑफ द मैच तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (4/15) रहे। अक्षर पटेल (3/27) ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की। संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा व इशान किशन के तूफानी अर्द्धशतकों ने भारत को यादगार जीत दिला कर तीसरी बार खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई।

YuvaSahakar Desk

Recent Post