Trending News

 UPSC सिविल सर्विस 2025 फाइनल रिजल्‍ट जारी: राजस्‍थान के अनुज अग्निहोत्री टॉपर, 958 कैंडिडेट्स क्‍वालिफाई, टॉप 10 में 3 लड़कियां         केंद्र सरकार ने बदले 9 राज्यों के राज्यपाल, विनय सक्सेना की जगह तरनजीत सिंह संधू बने दिल्ली के नए LG, सक्सेना को लद्दाख की जिम्मेदारी, लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन बने बिहार के राज्यपाल         T-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचा भारत, सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रनों से हराया, 89 रनों की पारी खेलने वाले संजू सैमसन बने प्लेयर ऑफ द मैच         बिहार से दिल्ली की राजनीति में जाएंगे नीतीश कुमार, राज्यसभा के लिए किया नामांकन, बिहार को मिलेगा नया मुख्यमंत्री         आज अमित शाह ओडिशा के पारादीप में इफको के सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट का करेंगे लोकार्पण         सुको सौहार्द सहकारी बैंक और किश्किंदा यूनिवर्सिटी के बीच समझौता, बैंकिंग क्षेत्र में कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा       

संजू सैमसन की 89 रन की तूफानी पारी से भारत फाइनल में

आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप के एक रोमांचक सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर रिकॉर्ड चौथी बार फाइनल में प्रवेश किया। संजू सैमसन की 89 रनों की तूफानी पारी और हार्दिक पांड्या व जसप्रीत बुमराह की कसी हुई डेथ ओवर गेंदबाजी ने भारत को जीत दिलाई। इंग्लैंड की ओर से जैकब बैथल ने शानदार 105 रन बनाए, लेकिन वे अपनी टीम को लक्ष्य के पार नहीं ले जा सके। अब रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा।

Published: 09:03am, 06 Mar 2026

22 बरस के जैकब बैथल (105 रन) का बेहतरीन शतक भी इंग्लैंड के काम नहीं आया। विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की 89 रन की बेहतरीन पारी और आखिर के पांच ओवर में जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या की गजब की गेंदबाजी की बदौलत मौजूदा चैंपियन भारत ने दो बार के चैंपियन इंग्लैंड को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप के दूसरे सांस रोक देने वाले रोमांचक सेमीफाइनल में बृहस्पतिवार रात सात रन से हरा दिया। भारत ने रिकॉर्ड चौथी बार फाइनल में स्थान बना लिया। भारत की इस जीत में अक्षर पटेल के दो गजब के कैच भी याद किए जाएंगे।

इस सेमीफाइनल में कुल मिलाकर जिस तरह 499 रन बने और छक्कों और चौकों की जो बारिश देखने को मिली, वह क्रिकेट प्रेमियों को हमेशा याद रहेगी। संजू सैमसन कोलकाता में वेस्ट इंडीज के खिलाफ लगभग ‘क्वॉर्टर फाइनल‘ में अविजित 97 रन की पारी खेल मैन ऑफ द मैच रहने के बाद इंग्लैंड के खिलाफ बृहस्पतिवार को सेमीफाइनल में एक और यादगार पारी खेलकर इस संस्करण में दूसरी बार ‘मैन ऑफ द मैच’ बने। दो बार का चैंपियन भारत अब रिकॉर्ड तीसरी बार खिताब जीत नया इतिहास रचने की हसरत लिए अब रविवार को अहमदाबाद में फाइनल में दुनिया के सबसे बड़े नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। आज मैच में कुल 34 छक्के जड़े गए।

संजू सैमसन (89 रन, 42 गेंद, सात छक्के व आठ चौके) की इशान किशन (39 रन, 18 गेंद, दो छक्के व चार चौके) के साथ दूसरे विकेट की 97 तथा चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजे गए शिवम दुबे (43 रन, 25 गेंद, चार छक्के, एक चौका) के साथ तीसरे विकेट की 43 रन की तूफानी भागीदारियों की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 253 रन का विशाल स्कोर बनाया।

संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने आक्रामक अंदाज में भारत की पारी का आगाज किया। अभिषेक शर्मा (9 रन, 7 गेंद, 2 चौके) ऑफ स्पिनर विल जैक के पहले और पारी के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर बैकवर्ड पॉइंट और पांचवीं पर ऑफ साइड पर गेंदबाज के सिर के ऊपर से चौके जड़ने के बाद अगली गेंद को फिल साल्ट को मिडविकेट पर कैच थमा बैठे और भारत ने दूसरे ओवर में 20 रन पर पहला विकेट खो दिया। तब संजू सैमसन 5 गेंद पर एक छक्के और एक चौके की मदद से 11 रन पर खेल रहे थे।

संजू सैमसन (15) ने जोफ्रा आर्चर की पहली गेंद पर चौका जड़ा लेकिन उनकी अगली गेंद को ड्राइव करने गए, लेकिन इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक्स ने मिड ऑन पर उनका कैच गिरा दिया; तब भारत का स्कोर एक विकेट पर 24 रन था। भारत ने शुरू के छह ओवर के पहले पावरप्ले में एक विकेट खोकर 67 रन बनाए। तब संजू सैमसन 20 गेंद खेल दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 41 और इशान किशन 9 गेंद खेलकर तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाकर क्रीज पर थे। संजू सैमसन ने लेग स्पिनर आदिल रशीद की पहली गेंद पर कवर के बीच निकाल चौका जड़कर इशान के साथ दूसरे विकेट के लिए अर्द्धशतकीय भागीदारी की। रशीद ने पहले ओवर में छह रन दिए। इंग्लैंड के कप्तान ब्रुक्स ने पहले पावरप्ले में चार गेंदबाजों आर्चर, जैक, जेमी ओवरटन और सैम करेन को आजमाया।

संजू सैमसन ने पारी के आठवें और बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन के पहले ओवर की चौथी गेंद पर छक्का जड़ 26 गेंद खेलकर तीन छक्कों और सात चौकों की मदद से अपना मौजूदा संस्करण का लगातार दूसरा अर्द्धशतक पूरा किया। डॉसन ने अपने पहले ओवर में 19 रन दिए और इसमें संजू सैमसन ने दो छक्के जड़े। भारत ने 8.3 ओवर में एक विकेट पर अपने 100 रन पूरे किए। सैम करेन के दूसरे और पारी के नौवें ओवर में 20 रन बने और इसमें संजू सैमसन ने एक छक्का व एक चौका तथा इशान किशन ने एक छक्का जड़ा। इशान किशन (39 रन, 18 गेंद, दो छक्के व चार चौके) पारी के दसवें और लेग स्पिनर आदिल रशीद के दूसरे ओवर की तीसरी गेंद को उड़ाने गए और लॉन्ग ऑफ पर जैक को कैच थमा बैठे और भारत ने दूसरा विकेट 117 रन पर खो दिया। संजू और इशान ने दूसरे विकेट के लिए 97 रन की भागीदारी की।

भारत ने दस ओवर में दो विकेट पर 119 रन बनाए तब संजू 34 गेंद खेलकर चार छक्कों और आठ चौकों की मदद से 67 रन पर व दुबे एक रन पर थे। संजू ने आर्चर के तीसरे व पारी के 13वें ओवर की चौथी गेंद पर छक्का जड़ भारत के स्कोर को दो विकेट पर 152 पर पहुंचाया। संजू सैमसन (89 रन, 42 गेंद, 7 छक्के, आठ चौके) पारी के 14वें और ऑफ स्पिनर विल जैक के तीसरे ओवर की पहली गेंद को उड़ाने के फेर में स्वीपर कवर में फिल साल्ट के हाथों लपके गए और भारत ने तीसरा विकेट 160 रन पर खोया। आर्चर की गेंद पर ब्रुक्स द्वारा कैच छोड़ने के बाद संजू सैमसन ने आउट होने से पहले 35 गेंदों में 74 रन जोड़े। विल जैक का गेंदबाजी विश्लेषण 3-0-26-1 रहा। विल जैक का तीसरा ओवर (पारी का 14वां ओवर) भारत की पारी का इकलौता ओवर रहा जिसमें कोई चौका नहीं लगा।

भारत ने 15 ओवर में तीन विकेट पर 177 रन बनाए। तब शिवम दुबे 28 रन और कप्तान सूर्या 5 रन पर थे। सूर्यकुमार यादव (11 रन, 6 गेंद, एक छक्का) लेग स्पिनर आदिल रशीद की गेंद को स्वीप करने से चूके और हवा में मात खा गए; विकेटकीपर जोस बटलर ने उन्हें स्टंप कर दिया। भारत ने सूर्या के रूप में चौथा विकेट 190 रन पर खोया। रशीद का गेंदबाजी विश्लेषण रहा 4-0-41-2। भारत ने पारी के 16वें ओवर में 13 रन बनाए। हार्दिक ने ओवरटन के तीसरे और पारी के 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका जड़ भारत के स्कोर को चार विकेट पर 201 रन पर पहुंचाया। 17वें ओवर में 15 रन बने।

हार्दिक ने पारी के 18वें ओवर में सैम करेन की आखिरी गेंद को सीधे खेला और दूसरे छोर से आगे निकल आए शिवम दुबे (43 रन, 25 गेंद, चार छक्के, एक चौका) को ब्रुक्स ने सीधे थ्रो से रनआउट कर दिया; भारत ने पांचवां विकेट 213 रन पर खोया। सैम करेन का गेंदबाजी विश्लेषण रहा 4-0-53-0। तिलक वर्मा (21 रन, 7 गेंद, तीन छक्के) ने पारी के अंतिम पूर्व और आर्चर के आखिरी ओवर की आखिरी यॉर्कर को खेलने से चूकने और बोल्ड होने से पहले तीन जोरदार छक्के जड़े; भारत ने छठा विकेट 236 रन पर खोया। हार्दिक पांड्या (27 रन, 12 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) को बैथल ने सीधे थ्रो से रनआउट कर दिया और भारत ने सातवां विकेट 251 रन पर खोया। भारत ने आखिरी के पांच ओवर में 76 रन बनाए। भारत ने एक टी20 विश्व कप पारी में सबसे ज्यादा 19 छक्के जड़कर 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए।

जीत के लिए 254 रन के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए, इंग्लैंड ने पहला विकेट दूसरे ओवर में 13 रन पर खो दिया। फिल साल्ट (5 रन, 3 गेंद, एक चौका) पारी के दूसरे और हार्दिक पांड्या के पहले ओवर की पहली ही गेंद को उड़ाने गए और अक्षर पटेल को कवर में कैच थमा बैठे। पाकिस्तान के खिलाफ शतक जड़ने वाले कप्तान हैरी ब्रुक्स (7 रन, 6 गेंद, एक छक्का) ने जसप्रीत बुमराह के खिलाफ छक्के से आगाज किया, लेकिन उनकी धीमी गेंद को एक हाथ से उड़ाने की कोशिश की और पॉइंट से दौड़ते हुए अक्षर पटेल ने बढ़िया कैच लपका; इंग्लैंड ने दूसरा विकेट पांचवें ओवर में 38 रन पर खो दिया।

जैकब बैथल ने लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के पहले ओवर की तीन गेंदों पर छक्के जड़े, लेकिन जोस बटलर (25 रन, 17 गेंद, एक छक्का, चार चौके) उनकी गुगली को ड्राइव करने गए और बोल्ड हो गए; इंग्लैंड ने तीसरा विकेट छठे ओवर में 64 रन पर खो दिया। टॉम बेंटन (17 रन, 7 गेंद, 2 छक्के, 1 चौका) ने अक्षर पटेल की गेंद पर दो छक्के जड़ने के बाद रिवर्स स्वीप करने की कोशिश में बोल्ड हो गए; इंग्लैंड ने चौथा विकेट आठवें ओवर में 95 रन पर खो दिया। विल जैक (35 रन, 20 गेंद, दो छक्के, चार चौके) ने अर्शदीप की वाइड यॉर्कर को उड़ाने की कोशिश की, अक्षर ने बाउंड्री से गेंद अंदर फेंकी और शिवम दुबे ने कैच लपक लिया; इंग्लैंड ने पांचवां विकेट 14वें ओवर में 172 रन पर खोया।

सैम करेन (18 रन, 14 गेंद, दो चौके) को पारी के 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने तिलक वर्मा के हाथों मिडविकेट पर कैच आउट कराया; इंग्लैंड ने छठा विकेट 222 पर खोया। जैकब बैथल (105 रन, 48 गेंद, सात छक्के व आठ चौके) के मैच के अंतिम ओवर में रनआउट होने तक इंग्लैंड लड़ता रहा। अंतिम ओवर की पहली गेंद को उन्होंने ड्राइव किया लेकिन लॉन्ग ऑन से हार्दिक पांड्या ने सीधा थ्रो संजू सैमसन के हाथों में फेंक कर उन्हें रनआउट कर दिया। आखिरी तीन गेंदों पर जोफ्रा आर्चर ने तीन छक्के जड़े, लेकिन टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 246 रन ही बना पाई। जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 31 रन देकर एक विकेट लिया, वहीं हार्दिक पांड्या ने 38 रन देकर दो अहम विकेट चटकाए। भारत ने सात रन से जीतकर इतिहास रच दिया और लगातार दूसरी बार टी 20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली।

YuvaSahakar Desk