दो-दो बार के चैंपियन भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम और वेस्ट इंडीज क्रिकेट टीम के बीच यहां ईडन गार्डन्स में आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप 2026 के ग्रुप 1 के आखिरी सुपर-8 मुकाबले में दोनों टीमों के पावर हिटर्स के बल्लों से छक्कों-चौकों की बारिश देखने को मिल सकती है। भारत और वेस्ट इंडीज के बीच एक तरह से ‘क्वॉर्टर फाइनल’ जैसा रोमांचक मुकाबला होने के लिए मंच तैयार है। ईडन गार्डन्स की पिच पर जिस तरह रन बरसे हैं और 12वें खिलाड़ी के रूप में घरेलू दर्शक जिस तरह टीम इंडिया की हौसला-अफजाई के लिए मौजूद रहेंगे, उससे वेस्ट इंडीज के खिलाफ रविवार को यह अहम मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचने की भारत की उम्मीदें मजबूत होती हैं।
भारत और वेस्ट इंडीज दोनों ही सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका से अपने-अपने मैच बड़े अंतर से हार चुकी हैं और जिम्बाब्वे को बड़े अंतर से हरा चुकी हैं। भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर कोलकाता नाइट राइडर्स को बतौर चीफ कोच अपने मार्गदर्शन में इस मैदान पर आईपीएल खिताब जिता चुके हैं। भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव अपने करियर के शुरुआती दौर में आईपीएल में केकेआर के लिए खेलने के कारण इस मैदान के मिजाज से भली-भांति वाकिफ हैं। गंभीर और सूर्यकुमार यादव की जोड़ी की रणनीति का वेस्ट इंडीज के खिलाफ रविवार को इम्तिहान जरूर होगा, लेकिन उनके इस परीक्षा में खरे उतरने की पूरी उम्मीद है।
दोनों टीमें जब आखिरी बार भिड़ी थीं, तब वेस्ट इंडीज ने अपने घर में भारत को पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में 3-2 से हराया था। हालांकि, पिछले दो वर्षों में सूर्यकुमार की अगुआई में भारतीय टीम ने जिस तरह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेली है, उसे देखते हुए वेस्ट इंडीज के लिए भारत को उसके ‘घरेलू मैदान’ जैसे माहौल में रोकना आसान नहीं होगा।
बड़ा सवाल यह है कि क्या इस मैच में जीत की कुंजी गेंदबाजों के हाथ में होगी? बहुत हद तक जवाब ‘हां’ में है। जो भी टीम अपने गेंदबाजों के दम पर प्रतिद्वंद्वी टीम के विस्फोटक बल्लेबाजों पर लगाम लगाने और उसे कम स्कोर पर रोकने में सफल रहेगी, उसकी जीत और सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना बढ़ जाएगी। जिम्बाब्वे पर बड़ी जीत के बावजूद सूर्यकुमार यादव का यह कहना कि “हमारी गेंदबाजी और बेहतर हो सकती है” साफ संकेत है कि वह वेस्ट इंडीज के खिलाफ अपने गेंदबाजों से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं। वेस्ट इंडीज की समस्या भी भारत की तरह उसकी गेंदबाजी रही है, हालांकि उसके मुख्य कोच डैरेन सैमी इसे मानने को तैयार नहीं हैं।
सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम ने अपनी एकादश में आधा दर्जन से अधिक बाएं हाथ के बल्लेबाजों की मौजूदगी के कारण प्रतिद्वंद्वी टीमों द्वारा ऑफ स्पिनरों के जरिए शुरुआती झटके देने की रणनीति का तोड़ निकाल लिया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत ने बल्लेबाजी क्रम में मामूली बदलाव करते हुए अभिषेक के साथ संजू सैमसन से पारी की शुरुआत कराई, इशान किशन को तीसरे और तिलक वर्मा को छठे नंबर पर भेजा। वेस्ट इंडीज के खिलाफ भी भारत के उसी एकादश के साथ उतरने की उम्मीद है जिसने जिम्बाब्वे पर बड़ी जीत दर्ज की थी।
अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 76 रन की हार के बाद चेन्नै में जिम्बाब्वे पर 72 रन की जीत ने भारत को फिर से आत्मविश्वास से भर दिया है। वहीं वेस्ट इंडीज भी दक्षिण अफ्रीका से नौ विकेट की करारी हार के बाद भारत के खिलाफ ‘करो या मरो’ के अंदाज में उतरने को तैयार है। दोनों टीमों में ऑलराउंडरों की भरमार है और आठवें नंबर तक बल्लेबाजी करने की क्षमता है।
वेस्ट इंडीज इस मैदान पर मौजूदा संस्करण में इटली और स्कॉटलैंड को हरा चुकी है और यहां की परिस्थितियों से परिचित है। इसी मैदान पर 2016 में डैरेन सैमी की कप्तानी में वेस्ट इंडीज ने इंग्लैंड को फाइनल में हराकर टी20 विश्व कप जीता था, जिसकी प्रेरणा लेकर वह भारत के खिलाफ उतरेगी। हालांकि मौजूदा टीम में 2016 वाली चमक पूरी तरह नहीं है, फिर भी उसके पावर हिटर्स किसी भी मैच का रुख पलटने का दम रखते हैं।
भारत के पास अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और तिलक वर्मा जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं। वहीं वेस्ट इंडीज के पास शेमरॉन हेटमायर, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड और रोवमैन पॉवेल जैसे धाकड़ पावर हिटर्स हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 83 रन पर सात विकेट गंवाने के बावजूद जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था।
वेस्ट इंडीज के बल्लेबाजों ने खासकर स्पिनरों को निशाना बनाया है। ऐसे में भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल को विकेट-टू-विकेट गेंदबाजी करते हुए रणनीति में बदलाव करना होगा।
रेन टेन दोइत्श, भारत के सहायक कोच, ने कहा:
“हमारी बल्लेबाजी पिछले मैच में जिस तरह रंग में आई, उससे हम बेहद खुश हैं। हम वेस्ट इंडीज के खिलाफ भी ऐसी ही दमदार बल्लेबाजी की उम्मीद कर रहे हैं। टीम इस अहम मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है। ईडन गार्डन्स में खेलना हमारे लिए खास मायने रखता है। गेंदबाजों पर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं है। हमें पूरे 20 ओवर तक आक्रामक और अनुशासित गेंदबाजी करनी होगी। वरुण चक्रवर्ती सहित सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ देने को तैयार हैं। हमें इस मैच के महत्व का पूरा एहसास है। यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग हो सकता है, इसलिए हम पिच को देखकर अपना बल्लेबाजी क्रम तय करेंगे। तिलक वर्मा ने छठे नंबर पर अच्छा खेल दिखाया, लेकिन अंतिम निर्णय पिच की स्थिति के आधार पर लिया जाएगा। जिम्बाब्वे के खिलाफ छोटी-छोटी लेकिन अहम साझेदारियां हुईं। हम व्यक्तिगत रिकॉर्ड के लिए नहीं, बल्कि टीम की जीत के लिए खेलते हैं।”


