Trending News

 UPI से डायरेक्ट निकाल सकते हैं PF का पैसा, अप्रैल में लॉन्च होगा App, उमंग पोर्टल भी करता रहेगा काम         गृहमंत्री अमित शाह बोले- बस्तर की पहचान बारूद नहीं, संस्कृति है, तय समय में नक्सलवाद खत्म होगा, यह सबसे विकसित संभाग बनेगा बस्तर          चंद्रमा से मिट्टी लेकर धरती पर लौटेगा भारत, इसरो ने चंद्रयान-4 के लिए तलाशी लैंडिंग साइट, चंद्रमा के साउथ पोल पर मॉन्स माउटन पहाड़ पर उतरेगा चंद्रयान-4, 2027 तक लॉन्च किए जाने की योजना       

बास डी लीड के हरफनमौला खेल ने दिलाई नीदरलैंड को पहली जीत

मैन ऑफ द मैच बास डी लीड की कॉलिन एकरमैन (32 रन, 28 गेंद, एक छक्का) के साथ तीसरे विकेट की 70 रन तथा कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के साथ चौथे विकेट की 43 रन की अटूट भागीदारी की बदौलत नीदरलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 159 रन बनाकर मैच जीत लिया। लीड 72 रन बनाकर और कप्तान एडवर्ड्स नौ गेंद खेल कर एक छक्के और एक चौके की मदद से 18 रन बना कर नॉट आउट रहे।

Published: 18:01pm, 10 Feb 2026

बास डी लीड (2/20 व अविजित 72 रन, 48 गेंद, चार छक्के, पांच चौके) के हरफनमौला खेल की बदौलत नीदरलैंड ने नामिबिया को यहां ग्रुप ए के मैच में मंगलवार को सात विकेट से हरा कर आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप ग्रुप ए में दो मैचों में पहली जीत दर्ज की। नीदरलैंड ने अपने पहले मैच में पाकिस्तान से तीन विकेट से हार के बाद शानदार वापसी की। नीदरलैंड की यह टी20 विश्व कप के इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। नीदरलैंड ने इस जीत के साथ सुपर 8 में स्थान बनाने की उम्मीद बनाए रखी।

नीदरलैंड ने तेज गेंदबाज लोगान वान बीक (2/13) और बास डी लीड (2/20) की धारदार गेंदबाजी तथा नई गेंद से गेंदबाजी का आगाज करने वाले भारतीय मूल के ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त (1/13) की किफायती गेंदबाजी की बदौलत सलामी बल्लेबाज लॉफ्टी-एटन (42 रन, 38 गेंद, दो छक्के, एक चौका) की सलामी बल्लेबाज जॉन फ्रेलिंक (30 रन, 26 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) के साथ दूसरे विकेट की 50 तथा कप्तान गेरहार्ड इरासमस (18 रन, 9 गेंद, एक छक्का, दो चौके) की तीसरे विकेट की 35 रन की भागीदारी की बावजूद नामिबिया को पहले बल्लेबाजी की दावत देकर निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 156 रन पर रोक दिया।

जवाब में मैन ऑफ द मैच बास डी लीड की कॉलिन एकरमैन (32 रन, 28 गेंद, एक छक्का) के साथ तीसरे विकेट की 70 रन तथा कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के साथ चौथे विकेट की 43 रन की अटूट भागीदारी की बदौलत नीदरलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 159 रन बनाकर मैच जीत लिया। लीड 72 रन बनाकर और कप्तान एडवर्ड्स नौ गेंद खेल कर एक छक्के और एक चौके की मदद से 18 रन बनाकर नॉट आउट रहे।

लीड ने पारी के 18वें और लेग स्पिनर लॉफ्टी-एटन के दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद को स्क्वायर लेग के ऊपर से उड़ा कर छक्का और अगली गेंद को पॉइंट के बीच से खेल कर चौका जड़ा। लॉफ्टी-एटन के इस ओवर में 21 रन बने और इसमें नीदरलैंड के कप्तान एडवर्ड्स ने भी एक छक्का व चौका जड़ा। सलामी बल्लेबाज मैक्स ओ’डाउद (7 रन, 8 गेंद, एक चौका) ने तेज गेंदबाज बर्नार्ड शुल्ज की गेंद को उड़ाने की कोशिश में कप्तान इरासमस को मिडऑन पर कैच थमा बैठे और नीदरलैंड ने पहला विकेट तीसरे ओवर में 16 रन पर खो दिया।

माइकल लेविट (28 रन, 15 गेंद, तीन छक्के, एक चौका) ने तेज आगाज के बाद तेज गेंदबाज रुबेन ट्रंपेलमैन की कोण बनाती गेंद पर एक्स्ट्रा कवर में विलेम मेबर्ग को कैच थमा दिया और नीदरलैंड ने दूसरा विकेट छठे ओवर में 46 रन पर खोया। एकरमैन को 14 रन के निजी स्कोर पर स्टेनकैंप ने दसवें ओवर में जीवनदान मिला। एकरमैन ने इसका लाभ उठा कर डी लीड के साथ तीसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़ स्कोर को 116 रन पहुंचा लेकिन तभी वह बड़ा स्ट्रोक खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर नामिबिया के कप्तान इरासमस को कैच थमा बैठे। लीड ने कप्तान एडवर्ड्स के साथ मिलकर नीदरलैंड को 12 गेंदों के बाकी रहते सात विकेट जीत दिला कर ही दम लिया।

इससे पहले नामिबिया ने पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर छह ओवर के पहले पॉवरप्ले में सलामी बल्लेबाज लॉरेन स्टेनकैंप का विकेट खोकर 40 रन बनाए। नई गेंद से नीदरलैंड के लिए गेंदबाजी का आगाज करने वाले ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त ने सलामी बल्लेबाज स्टेनकैंप (6 रन, 6 गेंद, एक चौका) को हवा में मात देकर विकेटकीपर कप्तान एडवर्ड्स के हाथों स्टंप कराया और नामिबिया ने पहला विकेट पारी के तीसरे ओवर में दस रन पर खोया।

आर्यन दत्त का पहला स्पैल रहा 3-0-13-1। नामिबिया ने 50 रन 7.4 ओवर में एक विकेट पर पूरे किए। 41 गेंद में 50 रन की दूसरी विकेट की भागीदारी हुई। फ्रेलिंक पारी के दसवें ओवर की पहली गेंद पर लोगान वान बीक की गेंद को उड़ाने की कोशिश में विकेटकीपर स्कॉट एडवर्ड्स को कैच थमा दिया और नामिबिया ने दूसरा विकेट 60 पर खो दिया। कप्तान इरासमस (18) ने तेज गेंदबाज बास डी लीड की गेंद को उड़ाने की कोशिश में मिड विकेट पर आर्यन दत्त को कैच थमा दिया और नामिबिया ने तीसरा विकेट 95 रन पर पारी के 13वें ओवर में खोया। नामिबिया ने 100 रन 13.1 ओवर में पूरे किए। नामिबिया के स्कोर में सात रन ही और जुड़े थे कि जम कर खेल रहे लॉफ्टी-एटन ने तेज गेंदबाज वान बीक की ऑफ कटर को ऑफ स्टंप बाहर कट करने की कोशिश में वान डेर मर्व को मिड विकेट पर कैच थमा बैठे।

जानाथन स्मट (22 रन, 15 गेंद, दो छक्के, एक चौका) ने लीड की गेंद को कट करने की कोशिश में बोल्ड हो गए और नामिबिया ने पांचवां विकेट 17वें ओवर में 127 रन पर खोया। नामिबिया ने करीब दस-दस रन के अंतराल में तीन विकेट और खोए। जेन ग्रीन (9 रन, 10 गेंद, एक चौका) ने फ्रेड क्लासेन की धीमी गेंद को उड़ाने की कोशिश में डीप बैकवर्ड पॉइंट पर लपक गए। रुबेन ट्रंपेलमैन (9 रन, 8 गेंद, एक चौका) एक तेज रन लेने की कोशिश में लीड द्वारा रनआउट कर दिए गए और नामिबिया ने सातवां विकेट 145 रन पर खोया। विलेम मेबर्ग (4 रन, 4 गेंद) को भी लोगान वान बीक ने पारी की आखिरी गेंद पर रनआउट किया।

‘पहले गेंदबाजी करने से पिच को समझने का मौका मिला’

‘हम खुशकिस्मत रहे कि हमें पहले गेंदबाजी करने का मौका मिला। इससे हमें पिच को समझने का मौका मिला। हमने गेंदबाजी इकाई के रूप में पिच के मिजाज के मुताबिक गेंदबाजी की। मैच में आगे गेंद बहुत तेजी से आई। मैं अपने बल्लेबाजों की तारीफ करूंगा कि उन्होंने पिच से तालमेल बैठा कर बल्लेबाजी की। मेरा मानना है पिच पर गेंद कुछ घिसट कर आ रही थी इसीलिए हमारे स्पिनरों और सीमरों गेंदबाजों ने गेंद थोड़ी शॉर्ट रख कर बल्लेबाजों को उन गेंदों पर शॉट लगाने के लिए मजबूर किया। इस पिच पर आप पैरों का इस्तेमाल कर रन बना सकते थे। हमने बल्लेबाजी इकाई के रूप में हमने आपस में बस यही चर्चा की हमें आपस में तालमेल बैठाना होगा। आपने देखा भी होगा कि हमारे बल्लेबाजों ने क्रीज पर उतर कर ज्यादा से ज्यादा सीधे खेलने की कोशिश की। यही इस पिच पर बल्लेबाजी का सबसे बढ़िया तरीका था। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की मेरी प्रतिबद्धता के चलते ही मैं पूरी तरह एकाग्र होकर खेल पाया। टी20 विश्व कप से कुछ महीने पहले तक मैं जानता था कि मुझे अपना खेल बेहतर करने के लिए काफी मेहनत करनी होगी और मैंने यही किया। -बास डी लीड, मैन ऑफ द मैच, नीदरलैंड

‘भारत के मैच में खुद को दूधिया रोशनी में खेलने के मुताबिक ढालना होगा’

‘मेरा मानना है कि हमने मैच में शुरू में अच्छा खेल दिखाया। पिच सुबह शुरू में गेंद कुछ रुक कर तेज आ रही थी। इसलिए एक पिच पर शुरू में 40 रन कम थे लेकिन इससे हमें खेल के आकलन में मदद मिली। हमने देखा कि खासतौर पर स्पिनरों की गेंद कुछ रुक कर आ रही थी। कुल मिला कर पारी के बीच तक हम अच्छा खेले लेकिन हम पर्याप्त रन नहीं बना सके। मैच में आखिरी के तीन ओवर में कई बड़े मौके आए बल्लेबाजों ने टीम को 160-170 रन तक पहुंचाने की कोशिश की लेकिन हम वहां तक नहीं पहुंच पाए। हमारे बीच यही चर्चा हुई कि हमें दबाव बनाए रखने की जरूरत है। विकेट में नीदरलैंड के लिए दिक्कत पैदा करने का मौका था लेकिन जब आप कम रन बनाते हैं तब आपके लिए दिक्कत होती है। तब आप विकेट लेने के लिए गेंदबाजी में ज्यादा बदलाव करते हैं। हमने पूरी कोशिश की लेकिन हम पर्याप्त रन नहीं बना पाए। जहां तक भारत के खिलाफ बृहस्पतिवार के मैच की बात है तो हमें बिजली की दूधिया रोशनी में खेलने के मुताबिक खुद को ढालना होगा। भारत के खिलाफ मैच में बहुत शोर होगा लेकिन हम इस माहौल का पूरा लुत्फ उठाना चाहेंगे। मेरा मानना है कि यदि आप लुत्फ उठाते हैं और आप सकारात्मक रहते हैं तो अच्छे नतीजे मिलते हैं। -गेरहार्ड इरासमस, नामिबिया के कप्तान

‘भारत के खिलाफ मैच में हम अपने खेल पर ध्यान देंगे’

नीदरलैंड के खिलाफ हमने 20-30 रन कम रह गए। नीदरलैंड की टीम हमसे मैच में हर समय दस रन आगे रही। भारत के खिलाफ अगले मैच को लेकर रोमांचित हैं। भारत के खिलाफ खेलना मुश्किल है लेकिन हम अपना बेस्ट देंगे। मेजबान टीम की हौसलाअफजाई के लिए बड़ी तादाद में मैदान पर उसके प्रशंसक होंगे। भारत के खिलाफ मैच में हम अपने खेल पर ध्यान देंगे। हमारी कोशिश भारत के खिलाफ मैच में बढ़िया भागीदारी बनाने पर रहेगी। -क्रेग विलियम्स, नामिबिया के कोच

YuvaSahakar Desk