Trending News

 चंद्रमा से मिट्टी लेकर धरती पर लौटेगा भारत, इसरो ने चंद्रयान-4 के लिए तलाशी लैंडिंग साइट, चंद्रमा के साउथ पोल पर मॉन्स माउटन पहाड़ पर उतरेगा चंद्रयान-4, 2027 तक लॉन्च किए जाने की योजना         परीक्षा पे चर्चा: PM मोदी बोले- AI से डरने की नहीं बल्कि समझने की जरूरत, छात्रों के लिए इंस्पिरेशन के साथ अनुशासन भी आवश्यक, 2047 में भारत विकसित देश होगा         दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में भारत टैक्सी और डीटीटीडीसी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर       

नीदरलैंड के लिए नामीबिया के खिलाफ जीत बेहद जरूरी

नीदरलैंड को टी20 विश्व कप 2026 में बने रहने के लिए नामीबिया के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में जीत दर्ज करनी होगी, अन्यथा सफर समाप्त हो सकता है। पाकिस्तान से करीबी हार के बाद नीदरलैंड दबाव में है जबकि नामीबिया अपना अभियान शुरू करेगा।

Published: 17:48pm, 09 Feb 2026

अपने पहले बेहद करीबी मैच में एशियाई दिग्गज पाकिस्तान से तीन गेंद शेष रहते तीन विकेट से हार के साथ आगाज करने वाले नीदरलैंड के लिए मौजूदा आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप 2026 में बने रहने के लिए नामीबिया से यहां फिरोजशाह कोटला के अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार को अपना ग्रुप ए का मैच हर हाल में जीतना होगा। नामीबिया इस संस्करण में अपने अभियान का आगाज नीदरलैंड के खिलाफ मैच से मंगलवार को करेगी।

मंगलवार को जो भी टीम हारी, उसके मौजूदा संस्करण में सफर के खत्म होने की शुरुआत हो जाएगी। नीदरलैंड ने नामीबिया से अपने पिछले पांच में से तीन मैच जीते हैं, जबकि एक हारा और एक बेनतीजा रहा है। नीदरलैंड को जीतना है तो उसे दबाव बनाने के बाद अहम मौकों को भुनाना होगा। आंकड़ों के लिहाज से बेशक नीदरलैंड का पलड़ा नामीबिया के मुकाबले भारी है। ऐसे में नीदरलैंड को हराने के लिए नामीबिया को बेहद चुस्त खेल दिखाना होगा।

नीदरलैंड की बल्लेबाजी विकेटकीपर बल्लेबाज स्कॉट एडवर्ड्स (69 टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच, 2008 रन), बल्लेबाजी ऑलराउंडर कॉलिन एकरमैन और बैस डी लीड पर निर्भर करेगी। नीदरलैंड को जीतना है तो उसे बल्ले और गेंद से नाजुक मौकों पर दबाव बनाए रखना होगा। एक दिलचस्प बात यह है कि शुरू के दो दिन में नेपाल, नीदरलैंड और अमेरिका जैसी एसोसिएट देशों की क्रिकेट टीमों ने इंग्लैंड, पाकिस्तान और भारत जैसी पूर्ण सदस्य देशों की टीमों से हारने से पहले मैच को आखिर तक ले जाने के साथ झटका देकर यह बताया कि उन्हें कमतर आंकना किसी को भी भारी पड़ सकता है।

नीदरलैंड और नामीबिया का यह मैच भले ही स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों का ज्यादा ध्यान आकर्षित न करे, लेकिन खुद इन दोनों टीमों के लिए अपनी चुनौती बनाए रखने के लिए यह बेहद जरूरी है। भारत मूल के ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त और दक्षिण अफ्रीका में जन्मे अपने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज पॉल वान मीकरन ने दो-दो विकेट चटका कर पाकिस्तान की हालत खस्ता कर उसे एकबारगी हार की ओर धकेल दिया था। नीदरलैंड को जीतना है तो आर्यन दत्त और मीकरन को नामीबिया के खिलाफ भी गेंद से कमाल दिखाना होगा।

नीदरलैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले पावरप्ले में दो विकेट पर 50 और 15 ओवर में चार विकेट पर 123 रन बनाए थे और तब कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स क्रीज पर डटे थे। उस समय नीदरलैंड 170 के करीब रन बनाने की आस कर रहा था, लेकिन पांच गेंदों में तीन विकेट गंवाने से उसकी उम्मीदों पर पानी फिर गया और वह 147 रन तक ही सीमित रह गया। पाकिस्तान के खिलाफ अपने गेंदबाजों की एक इकाई के रूप में बेहतरीन गेंदबाजी से नीदरलैंड संतुष्ट होगा और उसमें बिना कोई बदलाव किए ही नामीबिया के खिलाफ उतरेगा।

पॉल मीकरन ने अपने एक ओवर में बिना कोई रन दिए दो विकेट लेकर पाकिस्तान को गहरे दबाव में डाल दिया था और उन्होंने अपने चार ओवर में मात्र 20 रन देकर दो विकेट चटकाए थे। बदकिस्मती से नीदरलैंड यह मैच हार गया और मीकरन सुर्खियों में आते-आते रह गए। नीदरलैंड को जीतना है तो उसे नामीबिया के ऑलराउंडर जेजे श्मिट से चौकस रहना होगा। श्मिट ने पांच मैचों में अफ्रीकी क्वालिफायर में करीब 200 रन बनाए थे और आधा दर्जन विकेट चटकाए थे। श्मिट बढ़िया बल्लेबाज होने के साथ अपनी मध्यम तेज गेंदबाजी से नीदरलैंड के बल्लेबाजों पर लगाम लगाने में भी सक्षम हैं।

नामीबिया बड़ा स्कोर बनाने के लिए अपने सबसे कामयाब ऑलराउंडर गेरहार्ड इरासमस और जॉन निकोलस फ्रीलिंक पर निर्भर करेगा। नामीबिया के लिए सबसे ज्यादा 77 टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल चुके इरासमस ने एक शतक और 13 अर्द्धशतक सहित 1833 रन बनाने के साथ अपनी ऑफ स्पिन से 55 विकेट भी चटकाए हैं। वहीं फ्रीलिंक ने 74 टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल एक शतक और दो अर्द्धशतक सहित 1041 रन और 63 विकेट चटकाए हैं, जबकि लॉफ्टी-ईटन ने 51 टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल 1113 रन और 23 विकेट लिए हैं।

नीदरलैंड को सस्ते में आउट करने के लिए नामीबिया अपने तुरुप के सौ टी 20 अंतर्राष्ट्रीय विकेट चटकाने वाले बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज बर्नार्ड शुल्ज पर निर्भर करेगा। अरुण जेटली स्टेडियम पर बड़ा स्कोर देखने को मिलता रहा है। दरअसल, अरुण जेटली स्टेडियम की छोटी बाउंड्री का लाभ उठाकर बल्लेबाज बड़े स्ट्रोक खेलने की कोशिश करेंगे।

‘अब निगाहें नामीबिया के खिलाफ नतीजा पलटने पर’

‘मैं साफ करना चाहूंगा कि पाकिस्तान ने मैच नहीं जीता, बल्कि हम खुद यह मैच हार गए। हमारी टीम पाकिस्तान के खिलाफ गेंदबाजी में बेहतर दिखी। हमें पाकिस्तान से मैच जीतकर उसे घर वापस भेज देना चाहिए था। पाकिस्तान के हाथों यह हार शर्मसार करने वाली है, लेकिन हार तो हार है। अब हमारी निगाहें नामीबिया के खिलाफ नतीजा पलट कर जीतने पर टिकी हैं। हमारी टीम जीत की हकदार थी और एकजुट है, इसीलिए हमें इस हार से बहुत निराशा हुई।’ – पॉल वान मीकरन, नीदरलैंड के तेज गेंदबाज

‘हम पाक के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ खेल नहीं दिखा पाए’

‘हमारे लड़कों ने पाकिस्तान के खिलाफ जो जोरदार संघर्ष क्षमता दिखाई, उसके लिए उनकी तारीफ की जानी चाहिए। सच यह है कि हम पाकिस्तान के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ खेल नहीं दिखा पाए। हम अहम मौकों पर बराबर विकेट गंवाते रहे। हमारा मानना था कि यदि हमने 160 रन बनाए होते तो हम पाकिस्तान को चुनौती दे सकते थे। हमें अपनी जीत की उम्मीद बनाए रखने के लिए बढ़िया गेंदबाजी की जरूरत थी।’ – स्कॉट एडवर्ड्स, नीदरलैंड के कप्तान

मैच का समय: सुबह 11 बजे से।

YuvaSahakar Desk