12वीं पास करने के बाद इंजीनियरिंग करने वाले छात्रों के सामने सबसे बड़ा सवाल होता है कि कौन-सी ब्रांच उनके करियर के लिए सबसे बेहतर रहेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ हाई पैकेज या ट्रेंड देखकर ब्रांच चुनना सही फैसला नहीं है। सही विकल्प वही है, जो छात्र की रुचि, क्षमता और भविष्य की मार्केट डिमांड के अनुरूप हो।
2026 में इन ब्रांचों की सबसे ज्यादा मांग
टेक्नोलॉजी के तेजी से बदलते दौर में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (CSE), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग और डेटा साइंस सबसे अधिक मांग वाली ब्रांचों में शामिल हैं। सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और डेटा एनालिटिक्स की जरूरत लगभग हर उद्योग में बढ़ रही है, जिससे इन क्षेत्रों में बेहतर करियर और आकर्षक शुरुआती सैलरी के अवसर मिल रहे हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स बनी उभरता हुआ सुपरस्टार
भारत में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, 5G/6G नेटवर्क और इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर सेक्टर के विस्तार के कारण इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) की मांग तेजी से बढ़ी है। इस ब्रांच के छात्र आईटी कंपनियों के साथ-साथ हार्डवेयर, टेलीकॉम और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) उद्योग में भी रोजगार के अवसर हासिल कर सकते हैं।
क्या खत्म हो गया कोर ब्रांचों का दौर?
विशेषज्ञों के अनुसार मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और सिविल इंजीनियरिंग का महत्व आज भी बरकरार है। इंफ्रास्ट्रक्चर, रिन्यूएबल एनर्जी और ईवी सेक्टर के विस्तार से इन ब्रांचों में नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। साथ ही, PSU, रेलवे और UPSC इंजीनियरिंग सर्विसेज जैसी सरकारी नौकरियों के लिए भी ये ब्रांचें मजबूत विकल्प मानी जाती हैं।
ब्रांच चुनने से पहले अपनाएं ये 3 फिल्टर
- रुचि: केवल पैकेज देखकर ब्रांच न चुनें। जिस विषय में दिलचस्पी होगी, उसी में बेहतर प्रदर्शन संभव है।
- भविष्य की डिमांड: AI, रोबोटिक्स, ग्रीन एनर्जी और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों पर ध्यान दें।
- कॉलेज बनाम ब्रांच: कई बार टॉप IIT या NIT की कोर ब्रांच किसी सामान्य कॉलेज की CSE से अधिक फायदेमंद साबित हो सकती है, क्योंकि बेहतर प्लेसमेंट और एक्सपोजर करियर को मजबूत बनाते हैं।


