उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 से शुरू कर दी है। ग्रुप ‘सी’ की विभिन्न सरकारी भर्तियों में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर 1 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना अनिवार्य होगा।
पीईटी 2026 के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से हाईस्कूल (10वीं) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। 1 जुलाई 2026 के अनुसार उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और अन्य पात्र श्रेणियों के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। वहीं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, भूतपूर्व सैनिक, महिला और कुशल खिलाड़ी अभ्यर्थियों से उनकी मूल श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क लिया जाएगा।
आयोग के अनुसार, आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 है, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने और आवेदन में संशोधन करने की अंतिम तिथि 8 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
पीईटी 2026 वस्तुनिष्ठ (MCQ) आधारित परीक्षा होगी, जिसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसके लिए दो घंटे का समय दिया जाएगा। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग की जाएगी।
परीक्षा में भारतीय इतिहास, राष्ट्रीय आंदोलन, भूगोल, भारतीय अर्थव्यवस्था, संविधान एवं लोक प्रशासन, सामान्य विज्ञान, प्रारंभिक गणित, सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी, तर्कशक्ति, समसामयिक घटनाएं, सामान्य जागरूकता, हिंदी अपठित गद्यांश तथा ग्राफ एवं तालिका आधारित प्रश्न शामिल होंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली विषयों से संबंधित प्रश्न एनसीईआरटी के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर पर आधारित होंगे।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की विभिन्न ग्रुप ‘सी’ भर्तियों में शामिल होने के लिए पीईटी एक अनिवार्य प्रारंभिक पात्रता परीक्षा है। आयोग इसी परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों को आगामी मुख्य भर्ती परीक्षाओं के लिए शॉर्टलिस्ट करता है। ऐसे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए समय पर आवेदन करना और परीक्षा की तैयारी शुरू करना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


