उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। करीब 52 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का इंतजार अब खत्म हो गया है। इस बार भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए परीक्षा में बाजी मारी है और कई टॉप स्थानों पर कब्जा जमाया है। हाईस्कूल (10वीं) में कशिश वर्मा और अंशिका ने संयुक्त रूप से टॉप किया है। दोनों ने 97.83% अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, अदिति (द मॉडर्न एकेडमी, जैदपुर, बाराबंकी) ने 97.5% अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इंटरमीडिएट (12वीं) में शिखा ने टॉप कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
रिजल्ट के आंकड़ों के अनुसार, 10वीं में इस बार 90.40% छात्र-छात्राएं पास हुए हैं, जबकि 12वीं में 80.38% परीक्षार्थी सफल रहे। खास बात यह है कि दोनों कक्षाओं में लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों से अधिक रहा, जो शिक्षा के क्षेत्र में उनकी निरंतर प्रगति को दर्शाता है।
छात्र अपना परिणाम उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in और DigiLocker के पोर्टल digilocker.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। रिजल्ट चेक करने के लिए रोल नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद स्क्रीन पर पूरा विवरण उपलब्ध हो जाएगा।
बोर्ड ने यह भी बताया है कि छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं, जबकि मूल अंकपत्र उन्हें बाद में स्कूलों से मिलेगा। जो छात्र अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, वे पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
10वीं के टॉपर्स
प्रथम स्थान पर 97.83 प्रतिशत अंक के साथ कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा
सेंकेंड स्थान पर 97.50 प्रतिशत अंक के साथ अदिति और
तीसरे स्थान पर 97.33 अंक प्राप्त कर अर्पिता और परी वर्मा
12वीं के टॉपर्स
प्रथम स्थान- 97.60 अंक के साथ शिखा वर्मा
द्वितीय स्थान- 97.20 अंक के साथ नंदनी गुप्ता और श्रेया वर्मा
तृतीय स्थान- 97 अंक के साथ सुरभि यादव और पूजा पाल


