Trending News

 चंद्रमा से मिट्टी लेकर धरती पर लौटेगा भारत, इसरो ने चंद्रयान-4 के लिए तलाशी लैंडिंग साइट, चंद्रमा के साउथ पोल पर मॉन्स माउटन पहाड़ पर उतरेगा चंद्रयान-4, 2027 तक लॉन्च किए जाने की योजना         परीक्षा पे चर्चा: PM मोदी बोले- AI से डरने की नहीं बल्कि समझने की जरूरत, छात्रों के लिए इंस्पिरेशन के साथ अनुशासन भी आवश्यक, 2047 में भारत विकसित देश होगा         दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में भारत टैक्सी और डीटीटीडीसी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर       

VAMNICOM पुणे में PGDM-ABM 31वें बैच का 17वां दीक्षांत समारोह संपन्न

PGDM-ABM कार्यक्रम को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) से स्वीकृति प्राप्त है, भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) द्वारा इसे एमबीए के समकक्ष मान्यता दी गई है तथा राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (NBA), नई दिल्ली द्वारा यह मान्यता प्राप्त कार्यक्रम है

Published: 10:54am, 09 Feb 2026

देश के प्रमुख एग्री-बिजनेस प्रबंधन संस्थानों में से एक वैकुंठ मेहता राष्ट्रीय सहकारी प्रबंधन संस्थान (VAMNICOM), पुणे ने सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पीजीडीएम–एग्री बिजनेस मैनेजमेंट (PGDM-ABM) 2023–25 (31वां बैच) का 17वां वार्षिक दीक्षांत समारोह शनिवार को संस्थान परिसर स्थित नवनिर्मित शिवनेरी सभागार में आयोजित किया।

इस अवसर पर 93 छात्रों को एग्री बिजनेस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा प्रदान किया गया। 31वें बैच के तीन मेधावी छात्रों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। ये पदक सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल द्वारा प्रदान किए गए, जो समारोह के मुख्य अतिथि थे।

PGDM-ABM कार्यक्रम को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) से स्वीकृति प्राप्त है, भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) द्वारा इसे एमबीए के समकक्ष मान्यता दी गई है तथा राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (NBA), नई दिल्ली द्वारा यह मान्यता प्राप्त कार्यक्रम है।

संस्थान की निदेशक  तथा राष्ट्रीय सहकारी प्रशिक्षण परिषद (NCCT), नई दिल्ली की सचिव मीनू शुक्ला पाठक ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, संकाय सदस्यों और अभिभावकों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि मुख्य अतिथि ने नवनिर्मित शिवनेरी सभागार का उद्घाटन भी किया तथा दो वर्षीय PGDM-ABM कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा की गई शैक्षणिक, व्यावसायिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी।

इसके पश्चात केंद्र प्रमुख एवं संयुक्त कार्यक्रम निदेशक डॉ. डी. रवि ने पदक विजेताओं की घोषणा की। किशोर मनोग्ना सुंदरी ने 31वें बैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एनसीयूआई मेरिटोरियस गोल्ड मेडल प्राप्त किया। कर्नाटी भानु श्री को रजत पदक के साथ एनसीयूआई मेरिटोरियस स्कॉलरशिप प्रदान की गई, जबकि पसुमार्थी मोनिका सिरी को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।

दीक्षांत संबोधन में मुरलीधर मोहोल ने 31वें PGDM-ABM बैच के सभी 93 स्नातक छात्रों को कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई दी। उन्होंने भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में सहकारी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और “सहकार से समृद्धि” के विजन के अंतर्गत इस क्षेत्र में हो रहे सुधारों और विकास का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि ये स्नातक केवल प्रबंधन पेशेवर ही नहीं, बल्कि भारत के सहकारी आंदोलन के भावी नेतृत्वकर्ता हैं, और उनसे विश्वास, सहयोग, नवाचार तथा जिम्मेदारी के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

समारोह का समापन रजिस्ट्रार डॉ. एस. धर्मराज द्वारा दिए गए धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि, संस्थान नेतृत्व, विशिष्ट अतिथियों और सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्नातक छात्रों को बधाई दी तथा शिवनेरी सभागार के समयबद्ध निर्माण के लिए सीपीडब्ल्यूडी अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।

Diksha