बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए गेंदबाजी का आगाज किया। कप्तान शे होप के साथ रॉस्टन चेज की सलामी जोड़ी ने वेस्टइंडीज की पारी शुरू की और अर्शदीप के पहले ओवर में तीन रन बने। हार्दिक पांड्या ने दूसरे छोर से अर्शदीप सिंह के साथ गेंदबाजी का आगाज किया। पांड्या की तीसरी गेंद को कप्तान होप उड़ाने गए और गेंद एकदम नीची व सीधी रही, लेकिन उन्होंने अगली कोण बनाती गेंद पर अपना व वेस्टइंडीज की पारी का पहला छक्का और आखिरी गेंद पर कवर में चौका जड़ा। पांड्या के पहले ओवर में दस रन जरूर बने, लेकिन अर्शदीप के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद को होप ने खेला, लेकिन दूसरे छोर से चेज रन के लिए दौड़े। वरुण ने गलत थ्रो कर रनआउट का मौका गंवाया और इस ओवर की अंतिम दो गेंद पर चेज ने दो चौके जड़े। पारी के तीसरे ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल की पहली गेंद पर शे होप ने स्क्वायर ड्राइव कर चौका जड़ा।
बुमराह ने पांचवां ओवर फेंका और चेज (13) ने चौथी गेंद को स्कूप कर चौका जड़ा और अगली धीमी गेंद को फिर उड़ाने गए, लेकिन अभिषेक ने कवर में कैच छोड़ दिया; तब वेस्टइंडीज का स्कोर 32 रन था। होप (32) भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के पारी के नौवें ओवर की तेजी से स्पिन होती गेंद को कट करने की कोशिश में बोल्ड हो गए और वेस्टइंडीज ने पहला विकेट 68 रन पर खोया। शुरू के दस ओवर में अक्षर पटेल ने अपने शुरू के तीन ओवरों में 25 रन और हार्दिक पांड्या ने तीन में 34 रन दिए।
वरुण चक्रवर्ती के दूसरे ओवर में हेटमायर ने मिडविकेट पर छक्का जड़ने के बाद चौथी गेंद पर चौका जड़ने के साथ 17 रन बनाए। पहली गेंद से हमला बोलने के अंदाज में उतरे शिमरॉन हेटमायर (27 रन, 12 गेंद, दो छक्के, एक चौका) ने पारी के 12वें और जसप्रीत बुमराह के दूसरे ओवर की तीसरी गेंद को अक्रॉस द लाइन खेलने की कोशिश में विकेटकीपर संजू सैमसन को कैच थमा दिया और वेस्टइंडीज ने दूसरा विकेट 102 रन पर खोया। स्कोर में एक रन ही जुड़ा था कि इसी ओवर में बुमराह की पांचवीं धीमी गेंद को असमंजस में रॉस्टन चेज (40) ने खेला और कप्तान सूर्यकुमार यादव को कवर में कैच थमा दिया; वेस्टइंडीज ने तीसरा विकेट 103 रन पर खोया। चेज (15) का बुमराह की गेंद पर अभिषेक ने कैच छोड़ने से इससे पहले वरुण चक्रवर्ती उन्हें रनआउट करने से चूक गए थे।
वरुण चक्रवर्ती के तीसरे और पारी के 14वें ओवर की पहली आर्म बॉल को रॉवमैन पॉवेल (1) खेलने से चूके, लेकिन अंपायर ने उन्हें नॉटआउट दिया। भारत ने रिव्यू लिया, लेकिन अंपायर के नॉटआउट देने से वह बच गए; तब वेस्टइंडीज का स्कोर तीन विकेट पर 113 रन था। हार्दिक पांड्या के चौथे व आखिरी और पारी के 15वें ओवर की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद पर शेरफेन रदरफोर्ड (14 रन, 9 गेंद, एक छक्का) ने बल्ला चलाया और गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर संजू सैमसन के दस्तानों में जा समाई। वेस्टइंडीज ने चौथा विकेट 119 रन पर खोया और इस ओवर की आखिरी गेंद पर जेसन होल्डर ने छक्का जड़ा। हार्दिक का गेंदबाजी विश्लेषण 4-0-40-1 रहा। वेस्टइंडीज ने 15 ओवर में चार विकेट पर 125 रन बनाए थे।
अर्शदीप सिंह के तीसरे और पारी के 16वें ओवर में वाइड सहित पांच रन दिए और उनके इस ओवर में रॉवमैन पॉवेल ने दो छक्कों व एक चौके सहित 24 रन बटोरे। पॉवेल (28) का अभिषेक ने अर्शदीप की गेंद पर डीप मिडविकेट पर कैच छोड़ा। तब वेस्टइंडीज की पारी के 13वें व अक्षर के चौथे ओवर को शेरफेन रदरफोर्ड ने पुल किया, लेकिन मिडविकेट पर तिलक वर्मा ने उछल कर इसे लपकने की कोशिश की, मगर गेंद उनके हाथ को लगकर बाहर छह रन के लिए चली गई; तब उन्होंने खाता भी नहीं खोला था। शेरफेन रदरफोर्ड (1) का अक्षर की गेंद पर तिलक वर्मा ने कैच छोड़ा था।
सदाबहार अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (2/36) द्वारा अपने दूसरे ओवर में चटकाए दो विकेटों से भारत ने कप्तान शे होप (32 रन, 33 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) व रॉस्टन चेज (40 रन, 25 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) की पहले विकेट की 68 रन तथा रॉवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर की पांचवें विकेट की 75 रन की भागीदारियों के बावजूद वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी की दावत देकर लचर फील्डिंग के बावजूद निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन पर रोक दिया। होल्डर 22 गेंद खेल कर तीन छक्कों व दो चौकों की मदद से 37 और रॉवमैन पॉवेल 19 गेंद खेल कर दो छक्कों और तीन चौकों की मदद से 34 रन बना कर अविजित रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की टीम के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (10 रन, 11 गेंद, दो चौके) ने बाएं हाथ के स्पिनर अकील होसेन के दूसरे व पारी के तीसरे ओवर की आखिरी गेंद को स्वीप करने की कोशिश की और हेटमायर ने डीप स्क्वायर लेग से दौड़ते हुए उनका कैच लपका; भारत ने पहला विकेट 29 रन पर खो दिया। ईशान किशन (10 रन, 6 गेंद, 2 चौके) ने जेसन होल्डर की शॉर्ट गेंद को पुल करने की कोशिश में स्क्वायर लेग पर हेटमायर को कैच थमाया और भारत ने दूसरा विकेट पांचवें ओवर में 42 रन पर खो दिया। भारत ने छह ओवर के पहले पावरप्ले में दो विकेट खोकर 53 रन बनाए। तभी लेजर शो का वक्त हो गया। इससे पहले अभिषेक शर्मा ने जसप्रीत बुमराह के पहले ओवर में मिडऑन पर चेज (15) का कैच टपकाया था और फिर अंतिम पूर्व ओवर में पॉवेल (27) का कैच टपकाया।
मोती के दूसरे व पारी के दसवें ओवर की चौथी गेंद पर पॉइंट पर चौका जड़ संजू सैमसन ने इस टी20 विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक 26 गेंद में तीन चौकों व दो छक्कों की मदद से पूरा किया। भारत ने शुरू के दस ओवर में 98 रन बनाए। तभी संजू 54 व कप्तान सूर्यकुमार यादव (18 रन, 16 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने तेज गेंदबाज शमर जोसेफ की ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद को उड़ाने की कोशिश में डीप पॉइंट पर रदरफोर्ड को कैच थमा दिया और भारत ने तीसरा विकेट 99 रन पर खोया।
मैन ऑफ द मैच संजू सैमसन (अविजित 97) की कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट की 58 और तिलक वर्मा (27 रन, 15 गेंद, एक छक्का, चार चौके) के साथ चौथे विकेट की 42 रन की भागीदारी की मदद से भारत ने स्थिति संभाली। पारी के 13वें ओवर में शमर के ओवर में तिलक वर्मा ने तीन व संजू ने एक चौका जड़ा, इसमें 17 रन बने। पारी के 14वें व चेज के दूसरे ओवर में 15 रन बने; भारत का स्कोर तीन विकेट पर 136 रन था। भारत को आखिरी छह ओवर में 60 रन बनाने थे। भारत ने तिलक वर्मा (27) और संजू के साथ मिलकर भारत के स्कोर को 14.4 ओवर में 141 रन पर पहुँचाया था। तिलक वर्मा तब जेसन होल्डर की गेंद को उड़ाने की कोशिश में मिड ऑफ पर हेटमायर को कैच थमा बैठे। भारत ने 15.1 ओवर में चार विकेट पर 151 रन बनाए थे। हार्दिक पांड्या (17 रन, 14 गेंद, 2 चौके) ने शमर जोसेफ की नीची फुलटॉस पर होल्डर को एक्स्ट्रा कवर में कैच थमा दिया और भारत ने पांचवां विकेट 179 पर खो दिया।
भारत को आखिरी छह ओवर में 60 रन बनाने थे और उसने धैर्य खोए बिना ये रन बनाए। विकेटकीपर सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने मात्र 50 गेंदों में चार छक्कों और 12 चौकों की मदद से अविजित 97 रन की अपने करियर की सबसे यादगार पारी खेल कर मौजूदा व दो बार के चैंपियन भारत को वेस्टइंडीज पर यहाँ ईडन गार्डन्स में आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप में ग्रुप 1 के आखिरी सुपर 8 मैच में चार गेंदों के बाकी रहते पांच विकेट से जीत दिला कर सेमीफाइनल में पहुँचा दिया। संजू सैमसन मैच के आखिरी ओवर में रोमारियो शेफर्ड की पहली गेंद पर छक्का और दूसरी पर चौका जड़ भारत को बेहद रोमांचक मुकाबले में शाही अंदाज में जीत दिलाई।
संजू सैमसन भले ही शतक से मात्र तीन रन दूर रह गए, लेकिन उन्होंने एक तरह से रविवार को 65 हजार से ज्यादा क्रिकेट प्रेमियों की मौजूदगी में एक तरह ‘क्वार्टर फाइनल’ में जीत दिला कर दम लिया। भारत अब 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में सेमीफाइनल में भिड़ेगा।


