सुप्रीम कोर्ट ने जूनियर कोर्ट असिस्टेंट (JCA) भर्ती 2026 के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के तहत 250 संभावित पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। आधिकारिक भर्ती सूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और अभ्यर्थी 28 अक्टूबर 2026 रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
ग्रेजुएशन और कंप्यूटर ज्ञान जरूरी
जूनियर कोर्ट असिस्टेंट पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसके साथ ही अभ्यर्थी को कंप्यूटर का ज्ञान होना चाहिए और कंप्यूटर पर कम से कम 35 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड होनी चाहिए।
आयु सीमा की बात करें तो 1 सितंबर 2026 को उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को ऊपरी आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी।
लिखित परीक्षा के बाद टाइपिंग टेस्ट और इंटरव्यू
भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों को पहले ऑब्जेक्टिव टाइप लिखित परीक्षा देनी होगी। यह परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसमें निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करना जरूरी होगा। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को आगे टाइपिंग टेस्ट और इसके बाद इंटरव्यू की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट पर JCA भर्ती 2026 का विस्तृत विज्ञापन उपलब्ध कराया गया है।
ग्रुप-बी पद, लेवल-6 में वेतन
जूनियर कोर्ट असिस्टेंट का पद ग्रुप-बी अराजपत्रित श्रेणी में आता है। पद को पे मैट्रिक्स के लेवल-6 में रखा गया है। चयनित उम्मीदवारों को 35,400 रुपये के शुरुआती मूल वेतन के अलावा नियमानुसार अन्य भत्तों का लाभ मिलेगा।
28 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार निर्धारित अवधि में सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट के भर्ती सेक्शन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न, आवेदन शुल्क और अन्य शर्तों को ध्यान से पढ़ लें।


