ओपनर ऑफ स्पिन ऑलराउंडर शैफाली वर्मा (2/13 व अविजित 40 रन) के हरफनमौला खेल और बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी के गेंद से ‘चौके’ की बदौलत मौजूदा चैंपियन भारत ने मेजबान जापान पर निशिन (जापान) में शुक्रवार को 15 ओवर के बाकी रहते आठ विकेट से जीत के साथ एशियाई खेलों के महिला टी20 क्रिकेट सेमीफाइनल में स्थान बना अपना अभियान दमदार अंदाज में शुरू किया। जापान की महिला टीम क्वॉर्टर फाइनल में हार के साथ बाहर हो गई। भारत की महिला टीम अब दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश से रविवार को भिड़ेगी, जबकि पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान का मुकाबला श्रीलंका से होगा।
बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी (4/10) के गेंद से ‘चौके’ और ऑफ स्पिन ऑलराउंडर शैफाली वर्मा (2/13), दीप्ति शर्मा (1/14) और श्रेयंका पाटील (1/8) के रूप में भारत की स्पिन चौकड़ी ने जाल बुनते हुए आठ विकेट आपस में बांट कर टॉस जीत कर मेजबान जापान को निशिन में चौथे व आखिरी क्वॉर्टर फाइनल में शुक्रवार को पहले बल्लेबाजी की दावत देकर 19.5 ओवर में मात्र 57 रन पर समेट दिया।
ओपनर शैफाली वर्मा की मात्र 15 गेंदों पर दो छक्कों और छह चौकों की मदद से अविजित 40 रन तथा ऋचा घोष (अविजित 12 रन, 6 गेंद, 2 चौके) के साथ तीसरे विकेट की 35 रन की अटूट भागीदारी की बदौलत भारत की महिला टीम ने मात्र 5 ओवर में दो विकेट पर 59 रन बना आसान जीत के साथ सेमीफाइनल में स्थान बनाया। शैफाली ने जापान की मध्यम तेज गेंदबाज शिमाको कातो के पहले और पारी के पांचवें ओवर की आखिरी गेंद को लॉन्ग ऑन के उपर से उड़ा छक्का जड़ कर भारत को जीत दिलाई। शिमाको कातो के इस ओवर में भारत ने 20 रन बनाए। शिमाको कातो के इस ओवर की शुरू की दो गेंदों पर शैफाली ने दो चौके लगाने के साथ आखिरी गेंद पर छक्का जड़ा जबकि चौथी गेंद पर ऋचा घोष ने चौका जड़ा।
भारत की पारी शैफाली वर्मा के साथ उनकी नियमित सलामी जोड़ीदार स्मृति मंधाना की बजाय जी कमलिनी (0 रन, 2 गेंद) ने की लेकिन वह जापान की बाएं हाथ की तेज गेंदबाज नोनोहा याशोमोता की गेंद का लॉन्ग ऑन के उपर से उड़ाने की कोशिश में भारतीय मूल की अहिल्या चंदेल को लॉन्ग ऑन पर कैच थमा बैठी और भारत ने पहला विकेट दूसरे ओवर में 17 रन पर खो दिया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरने वाली भारती फूलमाली (6 रन, 7 गेंद, एक चौका) जापान की लेग स्पिनर कातो स्टेफर्ड की गेंद को स्पिन के खिलाफ उड़ाने की कोशिश में पाइंट पर कैच थमा बैठी और भारत ने दूसरा विकेट तीसरे ओवर में 24 रन पर खो दिया।
इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर जापान के लिए उसकी ओपनर अयका कातो स्टेफर्ड ने 47 गेंद खेल कर दो चौकों की मदद से सबसे ज्यादा 25 रन बना कर ऑफ स्पिनर शैफाली वर्मा की फ्लाइटेड गेंद को क्रीज छोड़ कर उड़ाने की कोशिश में कमलिनी को मिडऑन पर कैच थमा चौथी बैटर की रूप में आउट होने से पहले अपनी सलामी जोड़ीदार हरुना इवासाकी (10 रन, 22 गेंद, एक चौके) के साथ पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 24 रन की सबसे बड़ी भागीदारी की। बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी ने हरुना इवासाकी को फ्लाइटेड गेंद को उड़ाने के लिए ललचा कर लॉन्ग ऑन पर शैफाली वर्मा के हाथों कैच करा कर उनकी और अयका कातो की भागीदारी को क्या तोड़ा की इसके बाद तो विकेटों की झड़ी लग गई।
श्रीचारिणी ने इसी स्कोर पर अगली ही गेंद पर जापान की कप्तान मई यांदगिदा को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। दीप्ति ने अपने पहले और पारी के 12 वें ओवर में एरिका ओदा(5 रन, 14 गेंद) को श्रेयंका पाटील के हाथों कैच करा जापान का स्कोर तीन विकेट पर 33 कर दिया। अयका कातो स्टेफर्ड (25) ने ऑफ स्पिनर शैफाली वर्मा की दूसरी गेंद को क्रीज छोड़ उड़ाने की कोशिश में पारी के 15 वें ओवर में मिडऑन पर कमलिनी के हाथों कैच करा कर जापान का स्कोर चार विकेट पर 46 रन किया और अपने अगले और पारी के 17 वें ओवर में शिमाको कातो(3 रन, 10 गेंद) की गेंद को उड़ाने की कोशिश में मिडऑफ पर कैच थमा बैठी और जापान ने अपना पांचवां विकेट 51 रन पर खो दिए। जापान ने अपने आखिरी पांच विकेट मात्र छह रन जोड़ कर खो दिए।
दीप्ति शर्मा के एक ओवर में पहले हिनासो गोतो (0 रन, 1 गेंद) और आहिल्या चंदेल (0 रन, 2 गेंद) रनआउट हो गई और जापान का स्कोर पारी के 17 ओवर में सात विकेट पर 52 रन हो गया। श्रीचारिणी ने अपने चौथे व आखिरी तथा पारी के 19 वें ओवर की दूसरी गेंद पर पहले किरी निशिमुरा (2 रन, 9 गेंद) को भारती फूलमाली के हाथों शॉर्ट मिड विकेट पर और चौथी गेंद पर इरिका तोगुची-कुइन (0 रन, 2 गेंद) को मिडविकेट पर शैफाली वर्मा के हाथों कैच कर जापन का स्कोर नौ विकेट पर 56 कर दिया। आईसीसी टी20 महिला क्रिकेट विश्व कप में इंग्लैंड में चोट के चलते बाहर होने के तीन महीने बाद बाद अंतर्राष्ट्रीय में वापसी करने वाली भारत की ऑफ स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका ने कसी हुई गेंदबाजी की। श्रेयंका पाटील ने नोनोहा याशुमोतो (0 रन, 5 गेद) को पारी की अंतिम पूर्व गेंद पर बोल्ड कर जापान की पारी मात्र 57 रन पर समेट दी।


