भारत के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और इशान किशन ताजा जारी आईसीसी पुरुष टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इतिहास में यह पहला अवसर है जब आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में दो भारतीय बल्लेबाज क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर काबिज हैं।
इशान किशन की निगाहें आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर 1 स्थान हासिल करने पर टिकी हैं। यदि वह ऐसा करते हैं, तो वह विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा के बाद इस सूची में नंबर 1 बनने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। इससे पहले सितंबर 2022 में पाकिस्तान के बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर पहुंचे थे।
अभिषेक शर्मा ने हाल ही में आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में मात्र 21 गेंदों में 52 रन बनाकर भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ 96 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने लगातार दूसरी और कुल तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। अभिषेक शर्मा फिलहाल 875 रेटिंग अंकों के साथ आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं।
वहीं इशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 25 गेंदों में 52 रन बनाए थे। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में मात्र 18 गेंदों में 39 रन की तेज पारी खेली थी। इस प्रदर्शन के दम पर इशान किशन इंग्लैंड के फिल साल्ट और पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गए।
भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा (742 रेटिंग अंक) सातवें और कप्तान सूर्यकुमार यादव (722 रेटिंग अंक) नौवें स्थान पर हैं। भारत के लिए सेमीफाइनल और फाइनल सहित लगातार तीन अर्धशतक लगाकर कुल 321 रन बनाने वाले और आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुने गए संजू सैमसन आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
शिवम दुबे चार पायदान ऊपर चढ़कर 27वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि इंग्लैंड के विल जैक्स आठ स्थान ऊपर चढ़कर 58वें स्थान पर आ गए हैं।
अभिषेक शर्मा और इशान किशन के बीच रेटिंग अंकों का अंतर बेहद कम है। अभिषेक के 875 और इशान के 871 रेटिंग अंक हैं, यानी दोनों के बीच केवल चार अंकों का अंतर है।
साप्ताहिक रैंकिंग अपडेट के अनुसार न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टिम सिफर्ट सेमीफाइनल में ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 58 और भारत के खिलाफ फाइनल में 52 रन की पारियां खेलने के बाद चार पायदान ऊपर चढ़कर करियर के सर्वश्रेष्ठ छठे स्थान पर पहुंच गए हैं।
इंग्लैंड के 22 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में तूफानी शतक लगाया था। इस शानदार प्रदर्शन के बाद वह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
आईसीसी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (740 रेटिंग अंक) टी20 विश्व कप में नौ मैचों में 14 विकेट लेने के बावजूद शीर्ष स्थान से फिसलकर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान (753 रेटिंग अंक) एक पायदान ऊपर चढ़कर नंबर एक गेंदबाज बन गए हैं। राशिद खान इससे पहले चार वर्षों तक आईसीसी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर 1 गेंदबाज रह चुके हैं।
इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में 41 रन देकर दो विकेट लेने के बाद एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
वहीं आईसीसी टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मात्र 15 रन देकर चार विकेट लेने वाले और ‘मैन ऑफ द मैच’ बने भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह एक पायदान ऊपर चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गए हैं।
इसके अलावा भारत के उपकप्तान अक्षर पटेल छह पायदान ऊपर चढ़कर 17वें, हार्दिक पांड्या चार पायदान ऊपर चढ़कर 46वें और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा तीन पायदान ऊपर चढ़कर 50वें स्थान पर पहुंच गए हैं।


