ओपनर शैफाली वर्मा के मुश्किल पिच पर तेज अर्द्धशतक और अनुभवी ऑफ स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (3/26) की बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी की बदौलत मौजूदा चैंपियन भारत ने अजेय रह बांग्लादेश को बृहस्पतिवार रात दुबई में 40 रन से हरा कर महिला टी20 एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत की महिला टीम खिताब से बस एक कदम दूर है। बेशक भारत की ओपनर शैफाली वर्मा के तीन कैच टपकाने बांग्लादेश को भारी पड़े लेकिन यह भी सही है कि किस्मत बहादुरों का साथ देती है। शैफाली के 6, 11, 54 रन पर कैच छूटे लेकिन इसका उन्होने पूरा लाभ उठा कर भारत को मुश्किल पिच पर चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
भारत को उसकी मजबूत बल्लेबाजी का लाभ मिला। भारत बैटर्स ने सेमीफाइनल में कुल नौ छक्के जड़े जबकि बांग्लादेश की बैटर्स मात्र दो ही छक्के जड़ पाई। बांग्लादेश की महिला टीम इस हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गई और उसने दो मैच जीते और दो हारे। वहीं भारत के फाइनल तक के सफर में शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी के साथ उसकी स्पिन त्रिमूर्ति ने अपना जादू दिखाया है लेकिन अच्छी बात यह है कि उसकी लगभग हर बैटर को क्रीज पर वक्त बिताने का मौका मिला।
मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित की गई ओपनिंग बैटर शैफाली वर्मा ( 64 रन, 40 गेंद, तीन छक्के, 7 चौके ) के शानदार अर्द्धशतक और उनकी प्रतीका रावल (20 रन, 24 गेंद, एक छक्का, एक चौका) के साथ दूसरे विकेट की 50 और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट की 33 रन की भागीदारी की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 149 रन बनाए।
जवाब में अनुभवी ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा (3/26), बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचरिणी (1/14) और लेग स्पिनर प्रेमा रावत (1/21) की स्पिन त्रिमूर्ति ने आपस में पांच विकेट बांट कर और तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा (2/10) ने अपने दूसरे और मैच के अंतिम ओवर में दो विकेट चटका कर बांग्लादेश को 20 ओवर में सात विकेट पर 109 रन पर रोक भारत को आसानी से सेमीफाइनल जिता दिया। श्रोना अख्तर 18 गेंद खेल कर एक छक्के और एक चौके की मदद से सबसे ज्यादा 21 रन बनाकर अविजित रही जबकि ओपनर दिलारा अख्तर(21) ने भी बांग्लादेश के लिए उपयोगी पारी खेली और उसकी बैटर भारत की स्पिन त्रिमूर्ति के सामने जूझती नजर आई। भारत की 24 वर्षीया तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने मैच की अंतिम पूर्व गेंद पर फाहिमा खातून (14 रन, 14 गेंद, दो चौके) को प्रेमा रावत के हाथों कैच कराया अेर उनकी अगली गेंद को उड़ाने की कोशिश में राबया खान(0 रन, 1 गेंद) हिट विकेट आउट हो गई। भारत की गेंदबाजों की तारीफ करनी होगी उन्होंने एक भी अतिरिक्त रन नहीं दिया।
भारत के लिए शैफाली वर्मा ने अर्द्बशतक जड़ा ही उसकी कप्तान हरमनप्रीत कौर बांग्लादेश द्वारा पहले बल्लेबाजी की दावत दिए जाने पर 28 गेंद खेल कर दो छक्कों की मदद से 24 रन बना नॉटआउट रही । ओपनर स्मृति मंधाना (2 रन, 5 गेंद) ने बांग्लादेश की सबसे कामयाब गेंदबाज ऑफ स्पिनर सुल्ताना खातून(2/30) की गेंद की पिच पर पहुंचने बिना उसे उड़ाने के फेर में मिड ऑन पर श्रोना अख्तर को कैच थमा दिया और भारत ने पहला विकेट 8 रन पर खो दिया। प्रतीका रावल ने राबया खान की गेंद को उड़ाने की कोशिश में दिलारा को कैच थमा दिया और भारत ने अपना दूसरा विकेट 59 रन पर पारी के दसवें ओवर में खो दिया। शैफाली रनों की रफ्तार तेज करने की फिराक में ऑफ स्पिनर सुल्ताना खातून की गेंद को उड़ाने के फेर में बदलू फील्डर फरजाना इसमीन को कैच थमा बैठी और भारत ने 14 वें ओवर में तीसरा विकेट 92 रन पर खो दिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऋचा घोष (21 रन, 16 गेंद, 2 छक्के) के साथ चौथे विकेट के लिए साथ 36 और दीप्ति शर्मा ( 13 रन, 6 गेंद, एक छक्का, एक चौका)के साथ पांचवें विकेट के लिए 21 रन की भागीदारी की।
भारत की पारी के 19वें ओवर में ऋचा घोष ने स्पिनर नाहिदा अख्तर की फ्लाइटेड गेंद का उड़ाने की कोशिश में हवा में मात खा गई और विकेटकीपर जूटी ने उन्हें स्टंप आउट किया और भारत ने चौथा विकेट 128 रन पर खोया। दीप्ति शर्मा पारी के आखिरी ओवर में स्विंग गेंदबाज मारूफा अख्तर की गेंद को उड़ाने की कोशिश में मिड ऑफ पर राबया खान को कैच थमा बैठी भारत ने पांचवां विकेट 149 रन परखोया अगली गेंद पर एक तेज रन दौड़ने की कोशिश में भारती फूलमाली (0 रन, 1 गेंद) रनआउट हो गई।
भारत ने बल्लेबाजी के लिए मुश्किल पिच पर जीत के लिए बांग्लादेश के सामने 20 ओवर में 150 रन बनाने का लक्ष्य रखा जो कि उसके लिए बहुत बड़ा साबित हुआ। भारत की इस टूर्नामेंट की सबसे कामयाब बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी ने अपने दूसरे और पहले पॉवरप्ले के आखिरी ओवर में ओपनर जुआरिया फिरदौस (14 रन, 18 गेंद, 2 चौके) को स्लॉग स्वीप के लिए ललचा विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच कराया और बांग्लादेश ने पहला विकेट 26 रन पर खो दिया। बांग्लादेश के स्कोर में नौ रन ही आर जुड़े थे कि आपनर दिलारा अख्तर (2 रन 26 गेंद 4 चौके) ने दीप्ति शर्मा की गेंद को स्लॉग स्वीप करने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर क्रांति गौड़ को कैच थमा दिया और बांग्लादेश ने अपना दूसरा विकेट पारी के आठवें ओवर में 35 रन पर खो दिया। शोभना मिस्त्री (18 रन, 24 गेंद, एक चौका) ने भारत की ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा की गेंद को उड़ाने चूकी और बोल्ड हो गई और बांग्लादेश ने तीसरा विकेट 14 वें ओवर में 66 रन पर खो दिया।
कप्तान विकेटकीपर निगार सुल्ताना (21 रन, एक छक्का, एक चौका) ने भारत की लेग स्पिनर प्रेमा रावत की ऑफ स्टंप पर तेजी से घूमती गेंद को फ्लिक करने की कोशिश में पारी के 15 वें ओवर की अंतिम गेंद पर नंदिनी शर्मा को कैच थमा दिया और बांग्लादेश ने चौथा विकेट 76 रन पर खो दिया। भारत की सबसे कामयाब ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा (3/26) ने अपने चौथे और आखिरी तथा पारी के 16 वें ओवर में शर्मिन अख्तर (1 रन, 2 गेंद) को बोल्ड कर बांग्लादेश का स्कोर पांच विकेट पर 83 रन कर उसे हार की ओर धकेल दिया।रही सही कसर तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने अपने और मैच के आखिरी ओवर की अंतिम दो गेंदों पर बांग्लादेश के दो विकेट चटका कर उसे 20 ओवर में सात विकेट पर 109 रन रोक भारत को जिताकर उसे फाइनल में पहुंचा दिया।


