स्नातकोत्तर उपाधि में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JAM) 2027 की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए महत्वपूर्ण खबर है। इस बार IIT JAM 2027 का आयोजन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) खड़गपुर की ओर से किया जाएगा। परीक्षा से संबंधित आधिकारिक वेबसाइट jam.iitkgp.ac.in लॉन्च कर दी गई है। वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार JAM 2027 का ब्रोशर 22 अगस्त 2026 को जारी किया जाएगा, जबकि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
JAM 2027 के लिए वे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने ग्रेजुएशन पूरा कर लिया है। इसके अलावा 2027 में ग्रेजुएशन की अंतिम परीक्षा देने वाले स्टूडेंट्स भी आवेदन कर सकेंगे। हालांकि एडमिशन के समय ऐसे उम्मीदवारों को स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा।
JAM 2027 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जनवरी 2027 में जारी किए जाएंगे। परीक्षा का आयोजन 14 फरवरी 2027 को किया जाएगा, जबकि रिजल्ट 18 मार्च 2027 को जारी होने की जानकारी दी गई है।
आवेदन शुल्क की बात करें तो एक पेपर के लिए आवेदन करने वाले सामान्य एवं अन्य वर्ग के उम्मीदवारों को 2,000 रुपये और दो पेपर के लिए 2,700 रुपये का भुगतान करना होगा। वहीं, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी और महिला उम्मीदवारों के लिए एक पेपर की फीस 1,000 रुपये तथा दो पेपर के लिए 1,350 रुपये निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को कई जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इनमें मैट्रिकुलेशन यानी 10वीं का प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, जाति प्रमाण पत्र और पीडब्ल्यूडी प्रमाण पत्र, यदि लागू हो, शामिल हैं। ऐसे में उम्मीदवार आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।
JAM 2027 में शामिल होने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन शुरू होने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले ब्रोशर को ध्यान से पढ़ें। इसमें पात्रता, परीक्षा पैटर्न, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।


