इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) और ऑनलाइन प्रोग्रामों में नए प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से इच्छुक अभ्यर्थियों को आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने की सुविधा प्रदान की गई है। यूजी, पीजी, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में दाखिला लेने वाले छात्र निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार जुलाई 2026 सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 मई से समर्थ पोर्टल पर शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई, 2026 तय की गई है। इग्नू ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
इग्नू ने ओडीएल और ऑनलाइन प्रोग्रामों के लिए अलग-अलग पोर्टल सक्रिय किए हैं। ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) कोर्स के लिए आवेदन ignouadmission.samarth.edu.in पर किया जा सकता है, जबकि ऑनलाइन प्रोग्रामों के लिए ignouiop.samarth.edu.in लिंक उपलब्ध कराया गया है। विश्वविद्यालय ने इसकी जानकारी अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट के माध्यम से भी साझा की है।
आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को अपनी अपार आईडी तैयार रखने को कहा गया है। इसके अलावा, जिन छात्रों का एडमिशन कन्फर्म हो जाएगा, वे राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल scholarships.gov.in के माध्यम से विभिन्न सरकारी छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय ने फीस रिफंड से जुड़े नियम भी जारी किए हैं। एडमिशन कन्फर्म होने से पहले आवेदन वापस लेने पर पूरी फीस लौटाई जाएगी, जबकि प्रवेश पुष्टि के बाद आवेदन रद्द करने पर प्रोग्राम फीस का 15 प्रतिशत या अधिकतम 2,000 रुपये तक की कटौती की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए छात्रों को पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र और आरक्षित वर्ग प्रमाण पत्र की सॉफ्ट कॉपी तैयार रखनी होगी।


