बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (IBPS) ने सीआरपी एसपीएल-XVI के तहत स्पेशलिस्ट ऑफिसर (SO) भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से आईटी अधिकारी, कृषि क्षेत्र अधिकारी, राजभाषा अधिकारी, विधि अधिकारी और एचआर/कार्मिक अधिकारी समेत कुल 745 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 21 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जारी रिक्तियों के अनुसार, आईटी अधिकारी स्केल-I के 301 पद, कृषि क्षेत्र अधिकारी स्केल-I के 190 पद, विधि अधिकारी स्केल-I के 105 पद, राजभाषा अधिकारी स्केल-I के 89 पद और मानव संसाधन/कार्मिक अधिकारी स्केल-I के 60 पद शामिल हैं। मार्केटिंग ऑफिसर पद के लिए फिलहाल कोई रिक्ति नहीं दी गई है।
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है। आईटी अधिकारी के लिए कंप्यूटर साइंस, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स या संबंधित विषय में इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी डिग्री या पोस्टग्रेजुएट डिग्री जरूरी है। कृषि क्षेत्र अधिकारी के लिए संबंधित कृषि क्षेत्र में 4 वर्षीय स्नातक डिग्री आवश्यक है। विधि अधिकारी के लिए एलएलबी डिग्री और बार काउंसिल में पंजीकरण अनिवार्य है।
आवेदन शुल्क के रूप में SC, ST और PwBD उम्मीदवारों को 175 रुपये देने होंगे, जबकि सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और अन्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 850 रुपये है। उम्मीदवार IBPS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन, फॉर्म भरने, दस्तावेज अपलोड करने और शुल्क भुगतान के बाद आवेदन जमा कर सकते हैं।


